वस्‍त्र मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने कपास खरीद में न्यूनतम समर्थन मूल्य सुव्यवस्थित करने हेतु भारतीय कपास निगम के ऐप का शुभारंभ किया


श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नई डिजिटल पहल डिजिटल इंडिया अभियान आगे बढ़ाएगी, एमएसपी के तहत निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से कपास खरीद सुनिश्चित होगी

‘कपास किसान ऐप’ किसानों को स्व-पंजीकरण, स्लॉट बुकिंग और भुगतान की स्थिति जानने में सक्षम बनाएगा

प्रविष्टि तिथि: 02 SEP 2025 5:31PM by PIB Delhi

केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत किसानों से कपास की निर्बाध खरीद सुविधाजनक बनाने के लिए, वस्त्र मंत्रालय के भारतीय कपास निगम (सीसीआई) द्वारा विकसित नए मोबाइल एप्लिकेशन, कपास किसान ऐप का आज शुभारंभ किया। नया मोबाइल ऐप किसानों को स्व-पंजीकरण, स्लॉट बुकिंग और भुगतान स्थिति जानने में सहायक है। यह ऐप किसानों को भुगतान के बारे में जानकारी प्रदान करेगा - जिससे कपास खरीद प्रक्रिया में अधिक तेजी, पारदर्शिता और सुगमता आएगी।

श्री गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि किसान-प्रथम यह मोबाइल ऐप कपास उत्पादक किसानों के लिए उनकी उपज की बिक्री अधिक आसान बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कदम है। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल एप से पंजीकरण से लेकर भुगतान स्थिति तक सभी न्यूनतम समर्थन मूल्य संचालन समय पर, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सुनिश्चित होगा जो किसानों को किसी संकटकालीन बिक्री से बचाने और डिजिटल इंडिया अभियान को गति प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।

इस ऐप के जरिये किसान एमएसपी के तहत कपास बेचने के लिए खुद को पंजीकृत कर सकते हैं। साथ ही निर्दिष्ट खरीद केंद्रों के डिजिटल शेड्यूलिंग से प्रतीक्षा समय और भीड़ कम करने, गुणवत्ता मूल्यांकन का वास्तविक समय अपडेट, स्वीकृत मात्रा, भुगतान प्रक्रिया और कई भारतीय भाषाओं में इसकी जानकारी मिलने से किसान लाभान्वित होंगे।

केंद्रीय वस्त्र मंत्री ने यह भी कहा कि यह ऐप कपास किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित कर किसी भी संकटपूर्ण बिक्री से बचाने में मदद करेगा। इससे कागजी कामकाज में कमी आयेगी और खरीद केंद्रों पर समय की बचत के साथ ही पारदर्शिता बढ़ेगी। किसानों को सुविधाजनक समय चुनने की स्वतंत्रता से योजना बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। 

***

पीके/केसी/एकेवी/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2163158) आगंतुक पटल : 83
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Tamil