युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल के शुभंकर और लोगो का श्रीनगर में अनावरण
खेलो इंडिया के तहत पहली बार वाटर स्पोर्ट्स 21 से 23 अगस्त तक श्रीनगर की डल झील में आयोजित किए जाएंगे
Posted On:
14 AUG 2025 7:05PM by PIB Delhi
जम्मू – कश्मीर में श्रीनगर में पहली बार आयोजित होने वाले खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स महोत्सव के शुभंकर का आज अनावरण किया गया। हिमालयन किंगफिशर इन खेलों को शुभंकर है। यह खेल महोत्सव 21 से 23 अगस्त, 2025 तक शहर की प्रतिष्ठित डल झील में आयोजित किया जाएगा।

यह वाटर स्पोर्ट्स महोत्सव विस्तारित खेलो इंडिया कैलेंडर का हिस्सा है। इस वर्ष मई में दीव में पहली बार खेलो इंडिया बीच गेम्स का आयोजन किया गया था। केआईडब्ल्यूएसएफ का आयोजन केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के सहयोग से जम्मू और कश्मीर खेल परिषद द्वारा किया जाएगा।
मार्च में गुलमर्ग में खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों की बर्फीली स्पर्धाओं की मेजबानी के बाद, यह जम्मू और कश्मीर के लिए दूसरा खेलो इंडिया आयोजन होगा। केआईडब्ल्यूएसएफ में पदक स्पर्धाओं के रूप में रोइंग, कैनोइंग और कयाकिंग शामिल होंगे। प्रदर्शन स्पर्धाओं में वाटर स्कीइंग, शिकारा रेस और ड्रैगन बोट रेस शामिल होंगी। खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 400 से अधिक एथलीटों के श्रीनगर में आने की उम्मीद है।
जम्मू- कश्मीर के युवा सेवा एवं खेल मंत्री श्री सतीश शर्मा और ज़दीबल विधानसभा सदस्य तनवीर सादिक ने आज शुभंकर और लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर खेलों की आधिकारिक किट का भी अनावरण किया गया।

खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025 का रंगीन शुभंकर हिमालयन किंगफिशर, खेलों में रोमांच, प्रकृति और प्रतिस्पर्धा की भावना का प्रतीक है। अपने गहरे नारंगी और नीले रंग के साथ यह ऊर्जा, शांति और कश्मीर की सुंदरता का प्रतीक है। एक प्रतीक से बढ़कर यह इस महोत्सव का राजदूत है, जो देश भर में पर्यावरण- अनुकूल खेलों, पर्यटन और युवाओं के जुड़ाव को बढ़ावा देता है।
खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का लोगो कश्मीर के सार को दर्शाता है, जिसमें बर्फ से ढके पहाड़ों और देवदार के पेड़ों से घिरी डल झील पर तैरता एक शिकारा दिखाया गया है। इसके शांत प्रतिबिंब कश्मीर की सुंदरता को दर्शाते हैं, जबकि खेलो इंडिया के रंग परंपरा, प्रकृति और खेल की ऊर्जा को एक साथ लाते हैं।
श्री सादिक ने कहा, "गुलमर्ग पहले ही देश की शीतकालीन खेलों की राजधानी बन चुका है और अब डल झील भारत का जल- क्रीड़ा केंद्र बन जाएगी।" उन्होंने आगे कहा, "यह जम्मू- कश्मीर के लोगों के लिए गर्व का क्षण है।"

*****
पीके/ केसी/ जेएस
(Release ID: 2156612)