संस्कृति मंत्रालय
सारनाथ के पवित्र बुद्ध अवशेष नई दिल्ली पंहुचे, जल्द ही वियतनाम पहुंचेंगे
Posted On:
30 APR 2025 11:31PM by PIB Delhi
बुधवार (30 अप्रैल) को बड़ी संख्या में भिक्षुओं, भिक्षुणियों, राजनयिकों और संघ के एक बड़े समूह ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय के एक विशेष कक्ष में सारनाथ के पवित्र बुद्ध अवशेषों के समक्ष मंत्रोच्चार और विशेष प्रार्थना की। इन पवित्र अवशेषों को सारनाथ से नई दिल्ली लाया गया है और यह जल्द ही वियतनाम पहुंचेंगे। भारत में वियतनाम के राजदूत श्री गुयेन थान हाई और भारत में श्रीलंका की कार्यवाहक उच्चायुक्त सुश्री प्रियंगा विक्रमसिंघे भी इस प्रार्थना में शामिल हुईं।

भारत सरकार का संस्कृति मंत्रालय, अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ (आईबीसी) के सहयोग से, पहली बार वियतनाम के चार शहरों में पवित्र बुद्ध अवशेष की प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है, जो संयुक्त राष्ट्र के वेसाक दिवस समारोह के साथ मेल खाता है। बुद्ध के ये पवित्र अवशेष मूलगंध कुटि विहार, सारनाथ में स्थित हैं और आंध्र प्रदेश के नागार्जुन कोंडा में खुदाई करके प्राप्त किये गये थे। ऐसा माना जाता है कि इनका इतिहास 246 ई. से भी पहले का है।
इन पवित्र अवशेषों को पूरे राजकीय सम्मान के साथ वाराणसी से दिल्ली लाया गया। राष्ट्रीय संग्रहालय में लाए जाने से पहले इन्हें आईजीआई हवाई अड्डे पर एक विशेष विश्राम गृह में रखा गया था।
1 मई को दिल्ली से पवित्र अवशेष के प्रस्थान के समय, वियतनाम से लगभग 120 भिक्षु राष्ट्रीय संग्रहालय में इन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने आएंगे। फिर उसी दिन पवित्र अवशेष के वियतनाम पहुंचने से पहले अपने देश लौट जाएंगे, ताकि वे वियतनाम में यह पवित्र अवशेष प्राप्त कर सकें।
**************
एमजी/केसी/डीवी
(Release ID: 2126842)