राष्ट्रपति सचिवालय
azadi ka amrit mahotsav

महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने अंगोला के राष्ट्रपति का स्वागत किया


भारत सभी अफ्रीकी देशों के साथ परस्पर लाभकारी और सतत साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

Posted On: 03 MAY 2025 9:40PM by PIB Delhi

महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज (3 मई, 2025) राष्ट्रपति भवन में अंगोला गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको का स्वागत किया। महामहिम राष्ट्रपति ने उनके सम्मान में भोज का भी आयोजन किया।

भारत की पहली राजकीय यात्रा पर पधारे राष्ट्रपति जोआओ लौरेंको का स्वागत करते हुए महामहिम राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी यात्रा ऐतिहासिक और समयोचित है, क्योंकि इस वर्ष भारत और अंगोला अपने राजनयिक संबंधों की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।

महामहिम राष्ट्रपति ने अफ्रीकी संघ की अध्यक्षता संभालने के लिए राष्ट्रपति जोआओ लौरेंको को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत की जी-20 की अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को पूर्ण सदस्य के रूप में इसमें शामिल किया गया था और उन्होंने इस बात पर भी संतोष व्यक्त किया कि इस महत्वपूर्ण बहुपक्षीय मंच पर अफ्रीका की राय अब सुनी जा रही है।

महामहिम राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की अंगोला सहित अफ्रीकी देशों के साथ विशेष मित्रता है। उन्होंने कहा कि हम भारत-अफ्रीका मंच शिखर सम्मेलन जैसी अपनी पहलों के माध्यम से सभी अफ्रीकी देशों के साथ परस्पर लाभकारी और सतत साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध हैं।

महामहिम राष्ट्रपति ने अफ्रीका में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने में अंगोला द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।

महामहिम राष्ट्रपति ने कहा कि मानवता के सामने आतंकवाद का संकट बना हुआ है और इसकी सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल के आतंकवादी हमले के मद्देनजर राष्ट्रपति लौरेंको द्वारा व्यक्त की गई सहानुभूति और समर्थन की प्रबल अभिव्यक्ति की सराहना की।

महामहिम राष्ट्रपति ने अंगोला में रहने वाले प्रवासी भारतीयों की भी सराहना की, जो सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से दोनों देशों के बीच संपर्क सेतु का काम करते हैं।

महामहिम राष्ट्रपति ने कहा कि भारत दुनिया में विकासशील देशों के हितों और आकांक्षाओं की प्रमुख आवाज़ रहा है। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि भारत और अंगोला को न केवल दोनों देशों के लोगों की प्रगति और भलाई के लिए, बल्कि व्यापक ग्लोबल साउथ के लिए भी मिलकर काम करना जारी रखना चाहिए।

राष्ट्रपति का भाषण देखने के लिए कृपया यहां क्लिक कीजिए-

***

एमजी/आरपीएम/केसी/आरके


(Release ID: 2126823) Visitor Counter : 48
Read this release in: English , Urdu , Bengali , Punjabi