आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल और राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने केंद्र द्वारा वित्तपोषित शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा की


मेट्रो फेज-2 परियोजना में व्यय एवं लागत का उचित आकलन किया जाए जिससे जन सामान्य को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें: श्री भजन लाल

प्रविष्टि तिथि: 29 APR 2025 1:55PM by PIB Delhi

केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल और राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने आज जयपुर में मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान में शहरी विकास से संबंधित सभी केन्द्र पोषित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की।

उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, पीएम ई-बस सेवा, जयपुर मेट्रो रेल, अमृत मिशन 2.0 जैसे केन्द्र द्वारा वित्तपोषित राजस्थान के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं और प्रधानमंत्री आवास योजना के विकास, विस्तार और वित्तीय मॉडल की समीक्षा की।

 

श्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि मेट्रो फेज-2 परियोजना एवं अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं में व्यय एवं लागत का उचित आकलन किया जाए जिससे वित्तीय संसाधनों के समुचित उपयोग के साथ-साथ जन सामान्य को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

श्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान ऐतिहासिक राज्य है। यह राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है। केन्द्र के सहयोग से शहरी विकास के लिए यहां महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जन सामान्य की भविष्य की जरूरतों एवं सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए योजना बनाने एवं उनके समुचित क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर भारत सरकार और राजस्थान सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने सभी महत्वपूर्ण शहरी विकास परियोजनाओं के संबंध में केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के समक्ष विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।

***

एमजी/केसी/एचएन/एसवी


(रिलीज़ आईडी: 2125121) आगंतुक पटल : 142
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Punjabi , Tamil