जनजातीय कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

राष्ट्रीय जनजातीय विद्यार्थी शिक्षा समिति (एनईएसटीएस) ने जनजातीय शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता मजबूत करते हुए 7वां स्थापना दिवस मनाया

Posted On: 02 APR 2025 1:24PM by PIB Delhi

राष्ट्रीय जनजातीय विद्यार्थी शिक्षा समिति (एनईएसटीएस) ने पूरे भारत में जनजातीय विद्यार्थियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए अपनी अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अपना 7वां स्थापना दिवस मनाया। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत वर्ष 2019 में स्थापित, एनईएसटीएस ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) के प्रशासन के माध्यम से जनजातीय समुदायों के लिए शैक्षिक परिदृश्य को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आकाशवाणी भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में माननीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम के साथ-साथ माननीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) के माननीय अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य और जनजातीय कार्य मंत्रालय के गणमान्य व्यक्ति, शिक्षाविद् और ईएमआरएस के प्रमुख हितधारक उपस्थित थे। समारोह में प्रेरक संबोधन, जीवंत सांस्कृतिक प्रदर्शन और जनजातीय बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को आगे बढ़ाने में पिछले वर्ष ईएमआरएस के उल्लेखनीय प्रभाव को प्रदर्शित करने वाली एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

दीप प्रज्वलन

कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं:

इस अवसर पर माननीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम ने महत्वपूर्ण भाषण दिया, जबकि मुख्य भाषण माननीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने दिया, जिसमें उन्होंने जनजातीय शिक्षा को मजबूत करने और भविष्य के लिए दृष्टिकोण को रेखांकित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) के अध्यक्ष ने जनजातीय विकास को आगे बढ़ाने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि कैसे ईएमआरएस इसमें सहायक और महत्वपूर्ण रहा है। ईएमआरएस विद्यार्थियों की उत्कृष्ट शैक्षणिक और पाठ्येतर उपलब्धियों को मान्यता दी गई और उनका उत्सव मनाया गया, जिसमें सुबह के सत्र में बारह विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा, खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनईएसटीएस के कर्मचारियों को कार्यक्रम में पुरस्कार मिले। विभिन्न ईएमआरएस संस्थानों के जनजातीय विद्यार्थियों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

एक समर्पित खंड में ईएमआरएस की पिछले वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया, जिसमें देश भर में जनजातीय युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समग्र विकास और आशाजनक भविष्य को प्रोत्साहन देने पर इसके प्रभाव को प्रदर्शित किया गया।

श्री जुएल ओराम                                                                        श्री दुर्गादास उइके

एनईएसटीएस के आयुक्त श्री अजीत कुमार श्रीवास्तव ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा, "एनईएसटीएस ने जनजातीय विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ईएमआरएस के विस्तार और नई पहलों के साथ, हमारा लक्ष्य अगली पीढ़ी को उज्जवल भविष्य के लिए ज्ञान और कौशल से सशक्त बनाना है।"

ईएमआरएस के छात्र एवं शिक्षकगण गणमान्य व्यक्तियों के साथ

जनजातीय समुदायों के लिए शिक्षा में बदलाव

एनईएसटीएस ने 1,38,000 से अधिक विद्यार्थियों के नामांकन के साथ 477 कार्यात्मक स्कूलों तक विस्तार करते हुए महत्वपूर्ण प्रगति की है। इसके अतिरिक्त, सफल भर्ती प्रयासों के परिणामस्वरूप कुल 9075 शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्ति हुई है, जिससे शैक्षिक व्यवस्था को और मजबूती मिली है। एनईएसटीएस का उद्देश्य बुनियादी ढांचे, डिजिटल शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ाना है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पूरे भारत में हर जनजातीय विद्यार्थी तक पहुंचे।

विशेष प्रशिक्षण पहलों सहित विभिन्न क्षमता निर्माण कार्यक्रमों ने ईएमआरएस स्कूलों की नींव को मजबूत किया है, शिक्षकों को उत्कृष्टता को प्रोत्साहन देने और जनजातीय बच्चों के लिए एक आशाजनक भविष्य को आकार देने के लिए आवश्यक उपकरणों से लैस किया है।

एनईएसटीएस के बारे में

जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत वर्ष 2019 में राष्ट्रीय जनजातीय विद्यार्थी शिक्षा समिति (एनईएसटीएस) की स्थापना की गई थी, जिसका उद्देश्य एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) के माध्यम से जनजातीय विद्यालयों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करना है। ये विद्यालय समग्र शिक्षा प्रदान करते हैं, शिक्षा को खेल, कला और जीवन कौशल के साथ जोड़ते हैं, जिससे जनजातीय समुदायों के लिए समावेशी और न्यायसंगत शिक्षा सुनिश्चित होती है।

****

एमजी/आरपीएम/केसी/एमकेएस/


(Release ID: 2117901)
Read this release in: English , Urdu , Bengali-TR , Tamil