वस्त्र मंत्रालय
संसद के प्रश्न: अनुसंधान एवं विकास की गतिविधियों के लिए निधियों का आवंटन
Posted On:
26 MAR 2025 4:24PM by PIB Delhi
राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन (एनटीटीएम) के अंतर्गत, आज तक 509.8 करोड़ रुपये की कुल 168 अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। अनुसंधान एवं विकास की 6 परियोजनाओं की परियोजना समापन रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिनमें से 2 परियोजनाएं बंद हो चुकी हैं।
एनटीटीएम के अंतर्गत अनुसंधान क्षेत्रों में कार्बन फाइबर, अरामिड फाइबर, नायलॉन फाइबर और कंपोजिट जैसे विशेष फाइबर के प्रमुख क्षेत्रों में मौलिक अनुसंधान और भू-वस्त्र, कृषि-वस्त्र, चिकित्सा वस्त्र, मोबाइल वस्त्र और खेल वस्त्र में इस्तेमाल आधारित अनुसंधान और बायोडिग्रेडेबल तकनीकी वस्त्रों का विकास शामिल है।
विशेष फाइबर में विशिष्ट अनुसंधान परियोजनाओं में कार्बन फाइबर, मेटा-अरामिड फाइबर, उच्च प्रदर्शन वाले जेल-स्पन अल्ट्रा-हाई मॉलिक्यूलर वेट पॉलीइथिलीन (यूएचएमडब्ल्यूपीई), अग्निरोधी नायलॉन-66 यार्न और जैव-घटक फाइबर का विकास शामिल है। इसके अलावा, मिशन हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क, सड़कों, सब-जीरो तापमान के इन्फ्रास्ट्रक्चर, उत्तर पूर्व क्षेत्र (एनईआर) और नरम मिट्टी वाले क्षेत्रों में कटाव नियंत्रण और वस्त्र के अपशिष्ट से बने संरचनात्मक भू-वस्त्र आदि के लिए भू-तकनीकी वस्त्रों के इस्तेमाल पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
इन अनुसंधान परियोजनाओं के परिणामों के साथ, इस मिशन का उद्देश्य देश में तकनीकी वस्त्रों के प्रवेश स्तर में सुधार करना और इनके इस्तेमाल के महत्वपूर्ण क्षेत्रों और अभिनव समाधानों के स्वदेशी विकास के माध्यम से तकनीकी वस्त्रों के निर्माण के लिए एक इको-सिस्टम बनाना है।
वस्त्र राज्य मंत्री श्री पबित्र मार्घेरिटा ने आज लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
****
एमजी/केसी/एसकेएस/एचबी
(Release ID: 2115478)
Visitor Counter : 34