स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में अच्छे और अनुकरणीय अभ्यासों और नवाचारों पर 9वां राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन पुरी, ओडिशा में आयोजित किया जाएगा
ओडिशा के मुख्यमंत्री की उपस्थिति में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे
Posted On:
27 FEB 2025 5:50PM by PIB Delhi
सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में अच्छी और अनुकरणीय प्रथाओं और नवाचारों पर, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (एमओएचएफडब्ल्यू), भारत सरकार, 28 फरवरी और 1 मार्च, 2025 को ओडिशा के पुरी में 9वें राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के लिए तैयार है। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा वितरण को बढ़ाने के मकसद से अपने नवीन प्रथाओं और प्रभावी रणनीतियों को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करता है।
9वें राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी और राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव/प्रधान सचिव, मिशन निदेशक, वरिष्ठ राज्य/केंद्र शासित प्रदेश नोडल अधिकारी (एनएचएम अधिकारी) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, एनएचएसआरसी और आरआरसी-एनई के वरिष्ठ प्रतिनिधि भाग लेंगे।
2013 में अपनी स्थापना के बाद से, राष्ट्रीय नवाचार शिखर सम्मेलन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच ज्ञान साझा करने और परस्पर सीखने को बढ़ावा देने का एक वार्षिक प्रयास रहा है। पिछले कुछ सालों में, इसने उन अग्रणी पहलों का सफलतापूर्वक दस्तावेजीकरण और प्रसार किया है, जिन्होंने भारत की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है। चिंतन शिविर के साथ पिछला शिखर सम्मेलन, मई 2022 में गुजरात के केवडिया में आयोजित किया गया था।
इस वर्ष के शिखर सम्मेलन की प्रक्रिया, दिसंबर 2023 में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश के साथ शुरू हुई, जिसमें उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा नवाचार पोर्टल (एनएचआईएनपी) के ज़रिए अपने सर्वोत्तम अभ्यास और नवाचार पेश करने के लिए आमंत्रित किया गया। परीक्षण और डुप्लिकेट प्रविष्टियों सहित कुल 165 प्रस्तुतियाँ प्राप्त हुईं। कार्यक्रम प्रभागों को शामिल करते हुए एक कठिन समीक्षा प्रक्रिया और संयुक्त सचिव (नीति) की अध्यक्षता में अंतिम मूल्यांकन के बाद, शिखर सम्मेलन के लिए मौखिक प्रस्तुतियों और पोस्टर प्रदर्शनों का एक क्यूरेटेड चयन तय किया गया है।
इस वर्ष के शिखर सम्मेलन का एक मुख्य आकर्षण 16वें कॉमन रिव्यू मिशन (सीआरएम) की रिपोर्ट का प्रसार होगा, जिसे नवंबर 2024 में 19 राज्यों में आयोजित किया गया था। 16वां सीआरएम इस प्रकार आयोजित किया गया:
18 नवंबर, 2024 - नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की ब्रीफिंग
19-23 नवंबर, 2024 - 17 राज्यों में फील्ड विजिट: अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, कर्नाटक, त्रिपुरा, मिजोरम, ओडिशा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल
26-30 नवंबर, 2024 - 2 राज्यों में फील्ड विजिट: झारखंड और महाराष्ट्र
16वें सीआरएम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सरकारी अधिकारी, अन्य मंत्रालयों के प्रतिनिधि, सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, नागरिक समाज के सदस्य, विकास भागीदार और मंत्रालय के सलाहकार सहित 19 टीमें शामिल थीं। इस मिशन के निष्कर्षों के साथ-साथ कार्रवाई करने योग्य क्रियाकलापों को शिखर सम्मेलन में साझा किया जाएगा।
सर्वोत्तम प्रथाओं और नवाचारों पर आधारित राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन, भारत की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण पहल बनी हुई है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य में सहयोग, नवाचार और उत्कृष्टता को बढ़ावा देती है। यह 9वां संस्करण एक ऐतिहासिक आयोजन होने का वादा करता है, जो स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों को मजबूत करने और सभी के लिए स्वास्थ्य परिणामों में सुधार करने के लिए राष्ट्र की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।
***
एमजी/आरपीएम/केसी/एनएस
(Release ID: 2111429)
Visitor Counter : 37