लोकसभा सचिवालय
हरियाणा की 15वीं विधानसभा के सदस्यों के लिए दिशानिर्धारण कार्यक्रम का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष करेंगे
Posted On:
13 FEB 2025 3:40PM by PIB Delhi
लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला 14 फरवरी, 2025 को चंडीगढ़ स्थित विधानमंडल परिसर में हरियाणा की 15वीं विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए दो दिवसीय दिशानिर्धारण कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी; विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंदर कल्याण; विधानसभा में विपक्ष के नेता श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा; राज्य सरकार के मंत्री और विधानसभा के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
इस दो दिवसीय दिशानिर्धारण कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री, संसदीय समितियों के अध्यक्ष, संसद सदस्य और क्षेत्र विशेषज्ञ हरियाणा के विधायको को निम्नलिखित विषयों पर जानकारी देंगे:
- प्रभावी विधायक कैसे बनें: क्या करें और क्या न करें;
- भारतीय संसद और हरियाणा विधानसभा में विधायी और वित्तीय कार्य;
- समिति प्रणाली - संसदीय लोकतंत्र की आत्मा;
- विधानसभाओं में प्रश्नों और अन्य उपकरणों के माध्यम से कार्यकारी जवाबदेही;
- विधायी प्रक्रियाओं में मंत्री की भूमिका;
- संसदीय विशेषाधिकार और राष्ट्रीय ई-विधान अनुप्रयोग (नेवा)
हरियाणा की 15वीं विधानसभा के सदस्यों के लिए दिशानिर्धारण कार्यक्रम का आयोजन संसदीय लोकतंत्र अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड), लोकसभा सचिवालय हरियाणा विधानसभा सचिवालय के सहयोग से कर रहा है। अरुणाचल प्रदेश विधान सभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए 1981 में पहला दिशानिर्धारण कार्यक्रम आयोजित किया गया था, तब से संसदीय लोकतंत्र अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) ने अब तक 70 दिशानिर्धारण कार्यक्रम आयोजित किए हैं, जिनमें राज्य विधानसभाओं के 5032 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया है।
***
एमजी/केसी/एके/एनजे
(Release ID: 2102831)
Visitor Counter : 153