मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय
मत्स्य पालन विभाग ने विशेष अभियान 4.0 के हिस्से के रूप में कई गतिविधियां शुरू की
प्रयास स्वच्छता और जन शिकायतों के समयबद्ध निपटारे पर केंद्रित है
प्रविष्टि तिथि:
16 OCT 2024 7:09PM by PIB Delhi
मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाला मत्स्य पालन विभाग स्वच्छता, दक्षता और जन शिकायतों तथा लंबित संदर्भों के समयबद्ध निपटारे को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) द्वारा आरंभ किए गए विशेष अभियान 4.0 में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2024 तक चलने वाले इस अभियान में स्वच्छता मुहिम, कार्यालय स्थल प्रबंधन और वीआईपी संदर्भों के त्वरित हल जैसे प्रमुख मामलों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
विशेष अभियान 4.0 के तहत मत्स्य पालन विभाग के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों तथा नई दिल्ली में कृषि भवन और चंद्रलोक भवन में स्थित कार्यालय में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन पहलों का फोकस कार्यस्थलों को साफ-सुथरा बनाने, स्वास्थ्यवर्धक वातावरण को सुनिश्चित करने और उत्पादक कार्य अनुकूल वातावरण बनाने पर है। इस स्वच्छता अभियान में पुरानी फाइलें, अप्रयुक्त फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक कचरे को हटाना शामिल है, जिससे कार्यालय में स्थान का बेहतर उपयोग होगा। रिकॉर्ड संख्या में 2447 भौतिक फाइलों की समीक्षा की गई और उनमें से 1383 को हटा दिया गया है। लगभग 250 ई-फाइलों की समीक्षा की गई है और 58 फाइलें बंद कर दी गई हैं। पहचान की गई स्क्रैप सामग्री के निपटान के लिए विभागीय स्तर पर एक समिति बनाई गई है।
मत्स्य पालन विभाग से संबंधित सभी लंबित जन शिकायतों के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभाग वीआईपी संदर्भों और लंबित संसदीय आश्वासनों के निपटारे में भी तेजी ला रहा है। संयुक्त सचिव श्री सागर मेहरा और संयुक्त सचिव सुश्री नीतू प्रसाद इस अभियान के उद्देश्यों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा और अनुवर्ती कार्रवाई के साथ अभियान की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं।
विशेष अभियान 4.0 के उद्देश्यों को और बढ़ावा देने के लिए, विभाग अपने कर्मचारियों के लिए आंतरिक जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रहा है। सभी कर्मचारियों की सक्रिय साझेदारी के साथ, इसका लक्ष्य 31 अक्टूबर 2024 तक अभियान के उद्देश्य को सफलतापूर्वक प्राप्त करना है।
***
एमजी/आरपीएम/केसी/आईएम/एसके
(रिलीज़ आईडी: 2065850)
आगंतुक पटल : 70