पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सागरमाला परियोजनाओं का पर्यावरण मूल्यांकन

Posted On: 02 AUG 2024 2:02PM by PIB Bhopal

राष्ट्रीय जलमार्ग और कनेक्टिविटी से संबंधित अधोरचना के विकास के संबंध में राष्ट्रीय जलमार्ग-2 के साथ आठ छोटे टर्मिनल और दो स्लिपवे के विकास के लिए असम सरकार के प्रस्ताव को पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने सागरमाला योजना के तहत 645.56 करोड़ रुपये के कुल परिव्यय के साथ शत-प्रतिशत वित्तीय सहायता के लिए सैद्धांतिक रूप से सहमति दे दी है। असम सरकार से डीपीआर के संशोधन, अपेक्षित मंजूरी और निविदा प्रक्रिया शुरू करने के लिए आगे बढ़ने का अनुरोध किया गया है।

उक्त 10 परियोजनाओं के अंतर्गत सागरमाला योजना से कोई व्यय नहीं हुआ है।

बहरी, धुबरी, दिसांगमुख, घागोर, ग्वालपाड़ा, गुइजान, कुरुआ, मटमोरा में प्रस्तावित यात्री टर्मिनलों के पूरा होने की अपेक्षित समयसीमा 27 महीने है, जबकि माजुली और धुबरी में प्रस्तावित स्लिपवेज के पूरा होने की अपेक्षित समयसीमा 36 महीने है।

असम सरकार ने बताया है कि असम में सागरमाला परियोजनाओं के लिए कोई पर्यावरण प्रभाव आकलन (ईआईए) अध्ययन नहीं किया गया है, हालांकि, 2022 में यात्री टर्मिनलों के लिए प्राथमिक पर्यावरणीय और सामाजिक स्क्रीनिंग और स्कोपिंग आयोजित की गई थी।

असम में सागरमाला कार्यक्रम के तहत जलमार्ग विकास और संपर्क के लिए 1185 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाएं हैं, जिनमें से 157.4 करोड़ रुपये की 4 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 1028 करोड़ रुपये की 6 परियोजनाएं कार्यान्वयन और विकास के विभिन्न चरणों में हैं।

यह जानकारी केंद्रीय पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज लोकसभा में लिखित उत्तर में दी।

***

एमजी/एआर/एकेपी/एमपी

 

(Release ID: 2040861)