सूचना और प्रसारण मंत्रालय

एनएफडीसी ने डॉक फिल्म बाज़ार 2024 के पहले संस्करण में डॉकवर्क-इन-प्रोग्रेस लैब के लिए चयनित परियोजनाओं की घोषणा की


लैब के लिए छह भाषाओं: बंगाली, भोजपुरी, अंग्रेज़ी, हिंदी, मराठी और सिलहटी में संभावनाओं से भरी 5 फ़िल्में चुनी गईं

Posted On: 31 MAY 2024 7:05PM by PIB Delhi

एनएफडीसी ने डॉक फ़िल्म बाज़ार के पहले संस्करण में डॉक वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब के लिए चयनित परियोजनाओं की घोषणा की है, जिसे मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव 2024 के साथ-साथ आयोजित किया जाएगा।

डॉक वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब, प्रारंभिक (रफ़-कट) चरण में फ़िल्मों के लिए एक निजी व्यवस्था वाली लैब है, जहाँ चयनित परियोजना प्रतिनिधियों को मार्गदर्शन, सलाह फ़ीडबैक प्राप्त करने तथा उद्योग के अग्रणी व्यक्तियों के साथ बातचीत करने का अवसर मिलता है। ये चयनित फ़िल्में अनगिनत विषयों से संबंधित होती हैं, जिनमें मानवीय आख्यानों को सर्वाधिक महत्‍व दिया जाता है। वे अक्सर हाशिए पर रहने वाली और कम प्रतिनिधित्व वाली कहानियों पर प्रकाश डालती हैं। लैब का उद्देश्य इन फ़िल्म निर्माताओं और उनकी परियोजनाओं के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करना है।

इस पहल के बारे में एमआईएफएफ और डॉक फिल्म बाजार के महोत्सव निदेशक तथा एनएफडीसी के संयुक्त सचिव और एमडी श्री पृथुल कुमार ने कहा, "डॉक फिल्म बाजार ने अपने अस्तित्व के पहले वर्ष में ही विभिन्न क्षेत्रों से फिल्मों की विविधतापूर्ण प्रविष्टियों को आकर्षित किया है, जो हमें शैली, स्थान, भाषा, विचार और पहचान से परे सफल साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करता है। इसके तहत कुल 107 प्रविष्टियाँ (डॉक व्यूइंग रूम) और 30 प्रस्ताव (डॉक वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब) प्राप्त हुए हैं। इनमें से, 5 संभावनायुक्त परियोजनाओं को डॉक वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब के लिए चुना गया है, जिन्हें अपनी परियोजनाओं को बेहतर बनाने और अंतिम रूप (फाइनल कट) देने के लिए फीडबैक मार्गदर्शक और एडिटिंग मार्गदर्शक के रूप में प्रख्यात फिल्म दिग्गजों द्वारा समर्थन प्रदान किया जाएगा। एनएफडीसी, डॉक फिल्म बाजार के माध्यम से इन परियोजनाओं के सफल समापन को देखने के प्रति उत्साहित है।"

डॉक फिल्म बाजार 2024 के हिस्से के रूप में डॉक वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब के लिए निम्नलिखित परियोजनाओं का चयन किया गया है:

1. एयर राइज़र्स - बिदित रॉय

देश – भारत; भाषा – अंग्रेजी; एडिटर - बिदित रॉय

2. हियरसे - श्रमण चटर्जी और मेघला दासगुप्ता

देश – भारत; भाषाएँ - बंगाली, अंग्रेज़ी

एडिटर - मेघला दासगुप्ता और श्रमण चटर्जी

3. आईऍम नोट होम - नवीन पुन

देश – भारत; भाषाएँ - भोजपुरी, अंग्रेज़ी, हिंदी एडिटर - अभ्रो बनर्जी

4. शोंधयार खाली उठान {शाम के खाली आंगन} - अनुनय बरभुइया

देश – भारत; भाषा – सिलहटी; एडिटर - अनुनय बरभुइया

5. वेयर इज माय होम - दिग्विजय थोराट और अश्विनी धर्माले।

देश – भारत; भाषा - मराठी एडिटर - अभिजीत साबले

डॉक फ़िल्म बाज़ार के बारे में:

डॉक फ़िल्म बाज़ार का पहला संस्करण मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव (एमआईएफएफ) 2024 के साथ-साथ आयोजित किया जा रहा है। बाज़ार 16 से 18 जून 2024 तक मुंबई में आयोजित किया जाएगा। डॉक फिल्म बाज़ार का लक्ष्य अपनी तरह का पहला व्यापक मंच बनना है, जिसे फिल्म निर्माण, प्रोडक्शन और वितरण में प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाली वृत्त चित्रों, लघु फिल्मों और एनीमेशन सामग्री को बढ़ावा देने और समर्थन देने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

डॉक फिल्म बाज़ार के प्रमुख खंडों में शामिल हैं, डॉक को-प्रोडक्शन मार्केट (डॉक सीपीएम), डॉक व्यूइंग रूम (डॉक वीआर) और डॉक वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब (डॉक डब्ल्यूआईपी लैब), जिसके लिए फिल्म निर्माताओं को अपनी फिल्में जमा करने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

***

एमजी/एआर/जेके/एसएस



(Release ID: 2022420) Visitor Counter : 145