पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु कल भारतीय समुद्री विश्वविद्यालय, चेन्नई के 8वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी
श्री सर्बानंद सोनोवाल कैंपस में 27 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे
प्रविष्टि तिथि:
26 OCT 2023 5:30PM by PIB Delhi
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु और तमिलनाडु के राज्यपाल श्री रवींद्र नारायण रवि कल भारतीय समुद्री विश्वविद्यालय (आईएमयू), चेन्नई के 8वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर में शुरू होगा। आईएमयू मुख्यालय चेन्नई में है। आईएमयू की स्थापना 14 नवंबर, 2008 को बेहतरीन समुद्री शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान प्रदान करने के लिए सात विरासत संस्थानों को मिलाकर एक केंद्रीय विश्वविद्यालय के रूप में की गई थी।
इस कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को 10 स्वर्ण और 10 रजत पदक प्रदान किये जायेंगे। इसके अलावा आईएमयू के छह कैंपस के चार स्कूलों के साथ-साथ आईएमयू से संबद्ध संस्थानों के योग्य 1,944 छात्र अपनी डिग्री प्राप्त करेंगे। कुल 245 उम्मीदवार व्यक्तिगत रूप से डिग्री प्राप्त करेंगे। इसमें दो पी.एच.डी. और एक एम.एस. स्कॉलर (अनुसंधान द्वारा) शामिल हैं।
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय और आयुष मंत्री, श्री सर्बानंद सोनोवाल सम्मानित अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। इस कार्यक्रम के दौरान श्री सोनोवाल 6.8 करोड़ रुपये की लागत वाली इनोवेशन लैब और 21.25 करोड़ की लागत वाले एडमिन ब्लॉक 'सी' की आधारशिला रखेंगे।
इस आयोजन के अन्य गणमान्य व्यक्तियों में दक्षिण चेन्नई की सांसद डॉ. टी. सुमति थमिज़ाची थंगापांडियन, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय और पर्यटन राज्य मंत्री श्री श्रीपद नायक, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय राज्य मंत्री श्री शांतनु ठाकुर, तमिलनाडु सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. के. पोनमुडी, चेन्नई, तमिलनाडु में भारतीय समुद्री विश्वविद्यालय के चांसलर और आईएएस (सेवानिवृत्त) श्री पी. शंकर शामिल हैं।
******
एजी/एआर/पीके/डीवी
(रिलीज़ आईडी: 1971689)
आगंतुक पटल : 201