प्रविष्टि तिथि:
01 OCT 2023 9:05PM by PIB Delhi
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने रविवार को अपने पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन ने अपने शुरुआत से ही देश में स्वच्छता को एक जन आंदोलन में बदल दिया है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय और उसके अधीनस्थ संगठनों - एनएचएआई, एनएचआईडीसीएल, आईएएचई ने रविवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में सक्रियता से भाग लिया। मंत्रालय और इन संगठनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और स्वच्छता और सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। स्वच्छता के लिए ‘श्रमदान’ का आह्वान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में ‘मन की बात’ में किया था । श्री मोदी ने लोगों से एक घंटा समर्पित करने के लिए कहा था । उन्होंने समुदाय के साथ ‘ एक तारीख, एक घंटा, एक साथ ’ अभियान स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों के लिए चलाने को कहा था ।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव श्री अनुराग जैन ने हैदराबाद के पास एक टोल प्लाजा पर स्वच्छता अभियान में ‘श्रमदान’ करके इस अभियान की अगुवाई की। उन्होंने इस मौके पर कार्यालयों और आसपास के स्थानों पर साफ-सफाई बनाये रखने की आवश्यकता को रेखांकित किया। श्री जैन के साथ एनएचएआई के अध्यक्ष श्री संतोष कुमार यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी थे।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में संयुक्त सचिव श्री कमलेश चतुर्वेदी और मंत्रालय में अपर महानिदेशक श्री डी. सारंगी की मौजूदगी में राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत ओडिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग 316 पर चंद्रभागा, कोणार्क में समुद्र तट पर सफाई अभियान चलाया गया।

सामूहिक प्रयास ने स्वच्छ और हरित पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। सड़क एवं राजमार्ग मंत्रालय में संयुक्त सचिव श्री एस. पी. सिंह ने सरकारी आवासीय परिसर, न्यू मोतीबाग, नयी दिल्ली के निवासियों के साथ ‘श्रमदान ’ में भाग लिया। इस अभियान में नेशनल बिल्डिंग कान्स्ट्रक्शन कॉरर्पोरेशन लिमिटेड (एनबीसीसी) के कर्मचारी भी शामिल हुए।

देश के विभिन्न हिस्सों में 1,000 से अधिक स्वच्छता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गये जिनमें बड़े पैमाने पर वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने भाग लिया।

कई जगहों पर टोल प्लाजा स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों का केंद्र बने रहे, क्योंकि इन स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों का संपर्क होता है। सड़क किनारे स्थित ढाबों और परियोजना स्थलों पर भी सफाई अभियान चलाया गया।

एनएचएआई दिल्ली में, द्वारका एक्सप्रेसवे के पास सफाई अभियान चलाया, जबकि एनएचआईडीसीएल ने खन्ना मार्केट, लोधी रोड में सफाई गतिविधियां आयोजित कीं। इंडियन एकेडमी ऑफ हाईवे इंजीनियर्स, नोएडा में ‘स्वच्छता के लिए श्रमदान’ गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें कंबोडिया, लाओस, म्यांमार और वियतनाम के प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।

*****
एमजी/एमएस/एसवी/एजे