महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

नारी शक्ति का जश्न मनाने के लिए सीआरपीएफ, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से "यशस्विनी" के साथ क्रॉस-कंट्री बाइक अभियान आयोजित कर रहा है


3 अक्टूबर को सीआरपीएफ की कुल 150 महिला अधिकारी क्रॉस-कंट्री रैली का आरंभ करेंगी

रैली 15 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरते हुए लगभग 10,000 किमी की दूरी तय करेगी

प्रविष्टि तिथि: 01 OCT 2023 4:16PM by PIB Delhi

देश की नारी शक्ति का जश्न मनाने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से सीआरपीएफ की महिला बाइकर्स के समूह "यशस्विनी" के साथ एक क्रॉस-कंट्री बाइक अभियान का आयोजन कर रहा है।

सीआरपीएफ की कुल 150 महिला अधिकारी 3 अक्टूबर, 2023 को तीन टीमों में विभाजित होकर क्रॉस-कंट्री रैली आरंभ करेंगी। ये टीमें 75 रॉयल एनफील्ड (350सीसी) मोटरबाइकों  पर सवार होकर भारत के उत्तरी (श्रीनगर), पूर्वी (शिलांग), और दक्षिणी (कन्याकुमारी) क्षेत्रों से अपनी यात्रा शुरू करेंगी। अंत में, वे सभी टीमें 31 अक्टूबर, 2023 को होने जा रहे भव्‍य समापन के लिए गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर एकत्र होंगी । यह रैली 15 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरते हुए लगभग 10,000 किमी की दूरी तय करेगी। उनकी संबंधित यात्राओं के दौरान रास्ते में अनेक जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की योजना बनाई गई है, जिनमें "बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ" (बीबीबीपी) के लक्षित समूहों जैसे स्कूली बच्चों और कॉलेज की लड़कियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी के कैडेटों, सीसीआई के बच्चों, एनवाईकेएस के सदस्यों, किशोरियों  और किशोरों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं आदि के साथ बातचीत तथा बीबीबीपी चैंपियंस का अभिनंदन शामिल है।

बल के संदेश "देश के हम हैं रक्षक" को प्रचारित करने के अलावा महिला बाइकर्स ने "बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ" के सामाजिक संदेश को भी अपने अभियान में शामिल किया है। वे अपनी वर्दी और बैनरों पर गर्व के साथ बीबीबीपी लोगो प्रदर्शित करेंगी, इस प्रकार देशभर  में इस उद्देश्य का समर्थन करेंगी।

*****

एमजी/एमएस/आरके/डीवी


(रिलीज़ आईडी: 1962781) आगंतुक पटल : 425
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Punjabi , Gujarati , Kannada