जल शक्ति मंत्रालय

विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के साथ स्वच्छता अभियान के लिए ट्रैवल फॉर लाइफ की शुरुआत


एसएचएस पखवाड़ा में केवल 12 दिनों में 22.4 करोड़ से अधिक लोगों की भागीदारी

Posted On: 27 SEP 2023 8:04PM by PIB Delhi

15 सितंबर 2023 से 2 अक्टूबर 2023 तक चल रहे स्वच्छता ही सेवा स्वच्छता पखवाड़ा के एक भाग के रूप में और विश्व पर्यटन दिवस 2023 के अवसर पर, पर्यटन मंत्रालय ने एक अभिनव पहल - स्वच्छता अभियान के लिए ट्रैवल फॉर लाइफ की शुरुआत की। यह अभियान फिलहाल जारी स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) पखवाड़े के साथ शुरू किया गया है और यह स्वच्छता और पर्यावरण की निरंतरता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।  ट्रैवल फॉर लाइफ की वैश्विक स्तर पर शुरुआत नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में हुई, जिसमें वर्चुएल माध्यम से अंतरराष्ट्रीय संगठनों, जी20 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के अग्रणी और विभिन्न राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम ने न केवल ट्रैवल फॉर लाइफ पहल की शुरुआत की, बल्कि भारत के पर्यटन परिदृश्य को बदलने के उद्देश्य से कई अन्य अग्रणी परियोजनाओं/पहलों को भी प्रदर्शित किया।

शुभारंभ समारोह कई पहलों जैसे टूरिज्म फॉर टुमॉरो प्रतियोगिता, डिजाइन एडिबल कटलरी प्रतियोगिता, युवा टूरिज्म क्लब मर्चेंडाइज और 108 पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता अभियान आदि के अनावरण का एक मंच था।

स्वच्छता अभियान के लिए ट्रैवल फॉर लाइफ स्वच्छता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है, इसमें देश भर के 108 पर्यटक स्थलों (सूची संलग्न) पर एक राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान की योजना बनाई गई है, जिसमें एकल-उपयोग के प्लास्टिक को खत्म करने और पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। एसएचएस 2023 के अनुरूप, पर्यटन मंत्रालय ने चयनित पर्यटक स्थलों पर इस व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया है। हालाँकि, इस अभियान का प्रभाव इन स्थानों से कहीं आगे बढ़कर अन्य महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों तक भी देखने को मिलेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य कारगर तरीके से कचरा निपटान की सुविधा प्रदान करना, स्वच्छता सुविधाओं को बढ़ाना और पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने को प्रोत्साहित करते हुए एकल-उपयोग के प्लास्टिक को खत्म करना है। व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए, स्कूल, कॉलेज और युवा पर्यटन क्लब (वाईटीसी) के सदस्य सक्रिय रूप से इस प्रयास में लगे हुए हैं।

15 सितंबर से 2 अक्टूबर 2023 तक स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) के अनुपालन के लिए एएसआई ने 100 केंद्रीय संरक्षित स्मारकों और स्थलों (सीपीएमएस) और 55 साइट संग्रहालयों की एक सूची की पहचान की है जहां व्यापक स्वच्छता गतिविधि की जाएगी और एसयूपी और गैर-बायोडिग्रेडेबल उत्पादों को हटा दिया जाएगा। उन सीपीएमएस पर विशेष जोर दिया जाएगा जहां आसपास जल निकाय हैं। विभिन्न सीपीएमएस में आयोजित होने वाले ध्वनि और प्रकाश शो के दौरान "स्वच्छता ही सेवा" संदेश और "कचरा मुक्त भारत" विषय को प्रदर्शित किया जाएगा।

ट्रैवल फॉर लाइफ कार्यक्रम एक महत्वाकांक्षी अभियान मिशन लाइफ का एक महत्वपूर्ण घटक है,जिसका उद्देश्य हमारे ग्रह को एक स्थाई भविष्य की ओर ले जाना है। यह पहल पर्यटकों को सरल लेकिन प्रभावशाली कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करती है जो पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता की सुरक्षा, स्थानीय समुदायों के आर्थिक विकास और सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में योगदान देती है। इसके अलावा, यह पर्यटन मूल्य श्रृंखला में शामिल सभी हितधारकों के बीच समझदारी और जिम्मेदारी के साथ संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने की कोशिश करती है।

स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) 15 सितंबर 2023 को तीन केंद्रीय मंत्रियों-श्री गिरिराज सिंह, पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री; श्री हरदीप सिंह पुरी, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री ; और श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, जल शक्ति मंत्री के द्वारा शुरू किया गया था।

 एसएचएस 2023 का अति महत्वपूर्ण विषय, "कचरा मुक्त भारत", स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए जन आंदोलन (लोगों के अभियान) पर जोर देते हुए, श्रमदान गतिविधियों और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से ओडीएफ प्लस की गति को फिर से जगा रहा है। इस वार्षिक अभियान के कई उद्देश्य हैं जैसे  ओडीएफ प्लस गांवों के लिए समुदायों को एकजुट करना, "स्वच्छता हर किसी की जिम्मेदारी" पर जोर देना, गांवों में स्वच्छ भारत दिवस मनाना, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करने के लिए स्थानीय निकायों को सशक्त बनाना और ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता से जुड़ी संपत्तियों को मजबूत और पुनर्जीवित करना।

   एसएचएस-2023 के सबसे उल्लेखनीय पहलुओं में से एक इसे मिलने वाली जबरदस्त    भागीदारी है। केवल 12 दिनों में, देश भर से 1.85 करोड़ प्रति दिन के औसत से भाग ले रहे लोगों के साथ 22.41 करोड़ से अधिक लोग इस अभियान में शामिल हुए हैं। उनमें से 8.43 करोड़ से अधिक नागरिकों ने श्रमदान में सक्रिय रूप से भाग लिया और 2.68 लाख स्वच्छ भारत मिशन गतिविधियों में स्वेच्छा के साथ श्रम का योगदान दिया है।

एसएचएस 2023 में भागीदारी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्वच्छ भारत मिशन टीमों से भी आगे तक फैली हुई है, जिसमें 61 भागीदार मंत्रालय और विभाग शामिल हैं। यह सहयोगात्मक प्रयास उन महत्वपूर्ण उपलब्धियों को रेखांकित करता है जब विभिन्न हितधारक सफाई और स्वच्छता मानकों को बढ़ाने के लिए एकजुट होते हैं।

अंत में, स्वच्छता अभियान के लिए ट्रैवल फॉर लाइफ और स्वच्छता ही सेवा 2023 के व्यापक प्रयास स्वच्छ, हरित और स्थाई भविष्य के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता के प्रमाण के रूप में हैं। साथ मिलकर, हम एक स्वच्छ भारत और एक स्वस्थ ग्रह हासिल कर सकते हैं।.

ट्रैवल फॉर लाइफ के लिए पहचाने गए 108 स्थानों की सूची देखने के लिए यहां क्लिक करें

*******

एमजी/एमएस/एआर/एसएस



(Release ID: 1961563) Visitor Counter : 287


Read this release in: English , Urdu , Assamese