विशेष सेवा एवं फीचर्स

डब्ल्यू-20 शिखर सम्मेलन महिला नेतृत्व विकास, रूपांतरण, उन्‍नति और उत्थान


महाबलीपुरम 14-16 जून, 2023

Posted On: 14 JUN 2023 1:57PM by PIB Delhi

महिला-20 शिखर सम्मेलन 14 -16 जून, 2023 को तमिलनाडु के महाबलीपुरम रेडिसन ब्लू रिज़ॉर्ट टेंपल बे में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष के शिखर सम्मेलन का विषय महिला नेतृत्व विकास, रूपांतरण, उन्नाति और उत्थान है। सम्मेलन में  एक प्रदर्शनी, जनभागीदारी कार्यक्रम और 8 सत्रों का आयोजन किया जाएगा तथा एक आंतरिक बैठक भी होगी।

भारत की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही डब्ल्यू-20 की बैठक की प्रक्रिया  जमीनी स्‍तर पर भागीदारी और नागरिकों की अधिक हितधारिता को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सम्मेलन की शुरुआत जनभागीदारी (नागरिक कनेक्ट कार्यक्रम) के साथ होगी, जो 'सशक्तिकरण की यात्रा' विषय पर आधारित है। इस कार्यक्रम के दौरान भारत के अलग-अलग भागों की महिलाओं की रूपांतरकारी  कहानियों को डब्ल्यू-20 अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ साझा किया जाएगा। जनभागीदारी कार्यक्रम तमिलनाडु की जमीनी स्तर की महिलाओं को वैश्विक महिला नेताओं और नीति निर्माताओं के साथ अपनी चिंताओं, कथाओं और सवालों को साझा करने का मंच भी प्रदान करता है। सम्‍मेलन में डब्ल्यू-20 इंडिया डेलीगेट की उच्‍चतम न्‍यायालय की अधिवक्‍ता सुश्री बांसुरी स्वराज उद्घाटन भाषण देंगी। भारत की पांच जमीनी स्‍तर से जुड़ी महिलाएं और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक कलाकार सुश्री मेघा हर्षा डब्ल्यू-20 के प्रतिनिधियों के साथ अपने जीवन की प्रेरणादायी कहानियों को साझा करेंगी। अमरीका की सह-एचओडी सुश्री वर्जीनिया लिटलजॉन प्राथमिक स्तर की महिलाओं को सशक्त बनाने में अपने अनुभवों को साझा करेंगी। यह आयोजन ग्रामीण विकास मंत्रालय का राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और तमिलनाडु सरकार के सौजन्‍य से हो रहा है।

सम्मेलन में तमिलनाडु के प्राथमिक स्तर के उद्यमियों की एक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा जो तमिलनाडु के ग्रामीण विकास विभाग के सौजन्‍य से लगाई जा रही है। यह प्रदर्शनी महिला उद्यमियों को अपने कौशल, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच प्रदान करेगी। इसमें डब्ल्यू-20 अर्जेंटीना और डब्ल्यू-20 इंडोनेशिया की महिला उद्यमियों के उत्‍पादों का प्रदर्शन भी शामिल होगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन 15 जून को तमिलनाडु के महाबलीपुरम में रेडिसन ब्लू रिसॉर्ट में किया जाएगा। शिखर सम्मेलन का उद्घाटन डब्ल्यू-20 भारत की अध्यक्षा डॉ. संध्या पुरैचा के अभिभाषण के साथ आरंभ होगा। उद्घाटन सत्र में डब्ल्यू-20 विज्ञप्ति मसौदा समिति की अध्यक्षा डॉ. शमिका रवि, भारत में संयुक्त राष्ट्र की रेसीडेंट समन्वयक डॉ. शोम्बी शार्प, जी-20 शेरपा श्री अमिताभ कांत और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती स्मृति जुबिन इरानी तथा पश्चिम बंगाल की मुख्य समन्वयक सुश्री धरित्री पटनायक भी उपस्थित रहेंगी। डब्ल्यू-20 विज्ञप्ति 2023, जिसमें जी-20 नेताओं के घोषणा पत्र में शामिल करने के लिए कार्रवाई योग्‍य अनुशंसाओं का प्रावधान हैं उन्‍हें उद्घाटन सत्र के दौरान जारी किया जाएगा। महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के कई विषयों पर डब्ल्यू-20 प्रतिनिधियों और ज्ञान भागीदारों द्वारा लिखित लेखों का एक संग्रह भी जारी भी किया जाएगा।

15 जून को 'महिलाओं के स्वास्थ्य, लैंगिक समानता और सामाजिक आर्थिक विकास, 'महिलाओं के नेतृत्व वाली जलवायु कार्रवाई' और 'जेंडर डिजिटल विभाजन की दूरी को कम करना'  विषयों पर तीन पूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे। डब्ल्यू-20 प्रथम अधिवेशन सत्र के अंत में प्रतिवादी रूपरेखा भी जारी की जाएगी। सम्‍मेलन का समापन एक भव्य रात्रिभोज और सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा। इस दौरान डब्ल्यू-20 प्रतिनिधियों को तमिलनाडु और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया जाएगा।

16 जून को 'अदृश्‍य बाधाओं को दूर करना', 'व्यापार और निवेश के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण', और अर्थव्यवस्था के लिए सेवाओं और बुनियादी ढांचे में निवेश' विषयों पर तीन सत्र होंगे। डब्ल्यू-20 शिखर सम्मेलन 'महिला सशक्तिकरण की क्षमता' विषय पर आधारित सत्र के साथ संपन्‍न होगा। इसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण की शक्ति का प्रदर्शन और विश्‍व में समग्र सामाजिक और आर्थिक प्रगति में महिलाओं के योगदान को स्वीकारना है। समापन सत्र में पूर्व आईपीएस श्रीमती भारती घोष स्‍वागत संबोधन करेंगी।  डब्ल्यू-20 तुर्की 2015 की अध्यक्ष सुश्री गुल्डेन तुर्कटन, डब्ल्यू 20 इटली 2021 की अध्यक्ष सुश्री लिंडा लौरा सब्बादिनी और डब्ल्यू-20 इंडोनेशिया 2022 की अध्यक्ष सुश्री उली सिलालाही उपस्थित रहेंगी। डब्ल्यू-20 की अध्‍यक्षा डॉ. संध्या पुरैचा के समापन उदबोधन के साथ शिखर सम्मेलन संपन्‍न होगा। 17 जून को तमिलनाडु का पर्यटन विभाग डब्ल्यू-20 प्रतिनिधियों के भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन करेगा जिसमें प्रतिनिधि महाबलीपुरम की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत का अनुभव करेंगे।

महिला-20 (डब्ल्यू-20) आधिकारिक जी-20 का एक समन्‍वय समूह है। इसका गठन 2015 में तुर्की की जी-20 की अध्यक्षता में किया गया था। इसका उद्देश्य लैंगिक समानता पर ध्यान केंद्रित करना था। डब्ल्यू-20 का प्राथमिक उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के अधिकारों की पक्षधरता और समाज में महिलाओं के विषयों को उजागर करना है। भारत का डब्ल्यू-20 एजेंडा पांच प्रमुख प्राथमिकताओं पर केंद्रित है: महिला उद्यमिता, जमीनी स्तर पर महिला नेतृत्व, जेंडर डिजिटल विभाजन की दूरी को कम करना, शिक्षा और कौशल विकास, और जलवायु परिवर्तन है।

****

 

एमजी/एमएस/आरपी/वीएल/एसके/डीके-



(Release ID: 1932611) Visitor Counter : 300


Read this release in: Urdu , English , Tamil