वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय तट रक्षक के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में  डीआरआई ने मछली पकड़ने वाली नाव से तस्करों द्वारा फेंके जाने के बाद तमिलनाडु तट के समुद्री तल से बरामद कर 17.74 किलो सोना जब्त किया  

प्रविष्टि तिथि: 09 FEB 2023 6:16PM by PIB Delhi

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने एक संयुक्त अभियान में भारतीय तट रक्षक की मदद से मंडपम तट के पास समुद्र में पीछा करने के बाद मछली पकड़ने वाली एक नाव को रोका, जिसमें विदेशी मूल का सोना था, जिसका वजन 17.74 किलोग्राम था, और जिसकी कीमत लगभग 10.1 करोड़ रुपये थी। उक्त सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया है।  

इतना सारा सोना एक पार्सल में छिपाया गया था जिसमें बार, चेन और स्टिक के अलग-अलग आकार में विदेशी मूल के सोने के 14 पैकेज थे, और यह सारा सोना एक तौलिया में बंधा हुआ था। उक्त तस्करी में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

डीआरआई ने यह खुफिया जानकारी प्राप्‍त की थी कि वेधलाई/मंडपम, रामनाथपुरम, तमिलनाडु में स्थित एक गिरोह मछली पकड़ने वाली नाव के माध्यम से श्रीलंका से भारी मात्रा में सोने की तस्करी करने की योजना बना रहा है। खुफिया जानकारी से यह भी पता चला था कि मछली पकड़ने वाली नाव में सवार तीन व्यक्ति किसी भी देश के अधिकार क्षेत्र में नहीं आने वाले खुले समुद्र में सोना प्राप्‍त या हासिल करेंगे और फि‍र उसके बाद वे मंडपम के तट पर उतरने की योजना बना रहे हैं।

तदनुसार, भारतीय तट रक्षक के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान की योजना बनाई गई थी। भारतीय तट रक्षक के अधिकारियों और डीआरआई के अधिकारियों की एक टीम ने तट रक्षक जहाज चार्ली 432 से निगरानी करनी शुरू की और 8 फरवरी 2023 को तड़के मछली पकड़ने वाली इस नाव की पहचान कर ली। मछली पकड़ने वाली नाव का पता लग जाने के बाद  तट रक्षक जहाज से रिजिड इन्फ्लेटेबल बोट्स यानी हवा भरी हुई कठोर नाव (आरआईबी) तैनात की गई थीं और फि‍र इसके बाद मंडपम तट के पास समुद्र में पीछा करने के बाद मछली पकड़ने वाली उक्त नाव को रोका गया।

उक्त नाव को रोके जाने के दौरान  ही मछली पकड़ने वाली नाव में सवार व्यक्तियों ने प्रतिबंधित सामग्री वाले पार्सल को समुद्र में फेंक दिया। बाद में तट रक्षक के गोताखोरों की मदद से प्रतिबंधित सामग्री वाले इस पार्सल को समुद्र तल से बरामद कर लिया गया।  

इस जब्ती के साथ  ही डीआरआई, चेन्नई जोनल यूनिट ने चालू वित्त वर्ष 2022-23 में अब तक विदेशी मूल का 209 किलो सोना जब्त किया है। डीआरआई द्वारा चालू वित्त वर्ष में पूरे देश में (लगभग) 950 किलो सोना जब्त किया गया है।

***

एमजी/एएम/आरआरएस/डीए


(रिलीज़ आईडी: 1897824) आगंतुक पटल : 655
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Punjabi