शिक्षा मंत्रालय

परीक्षा पे चर्चा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की एक अनूठी और लोकप्रिय पहल है जिसने छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाया है, उन्हें तनाव का प्रबंधन करने के साथ-साथ स्वस्थ और फिट रहने में मदद की है: श्री धर्मेंद्र प्रधान

Posted On: 24 JAN 2023 6:35PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आगामी लोकप्रिय कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा 2023 से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

 

MKS_4072.JPG

प्रधानमंत्री द्वारा परीक्षा पे चर्चा की परिकल्पना की गई है, जिसमें छात्र, अभिभावक, शिक्षक जीवन और परीक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर उनके साथ बातचीत करते हैं। इस वर्ष 27 जनवरी, 2023 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में परीक्षा पे चर्चा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन और अन्य प्रमुख टीवी चैनलों पर किया जाएगा।

मीडिया को जानकारी देते हुए, श्री प्रधान ने छात्रों को परीक्षा के तनाव को दूर करने में मदद करने, परीक्षा पे चर्चा को एक जन आंदोलन के रूप में मजबूत करने और इस वर्ष छात्रों की भागीदारी में भारी उछाल आने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की इस अनूठी और लोकप्रिय पहल ने छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाया है, उन्हें तनाव का प्रबंधन करने के साथ-साथ स्वस्थ और फिट रहने में मदद की है। तालकटोरा स्टेडियम में प्रधानमंत्री के ज्ञान के लाइव शब्दों से लगभग 2400 छात्र लाभान्वित होंगे। वहीं, करोड़ों छात्र अपने-अपने स्कूलों से कार्यक्रम को लाइव देखेंगे।

श्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि इस वर्ष लगभग 38.80 लाख पंजीकरण हुए हैं, जिनमें से 16 लाख से अधिक राज्य बोर्डों से हैं। यह परीक्षा पे चर्चा - 2022 के दौरान हुए पंजीकरण (15.73 लाख) से दो गुना अधिक है। पंजीकरण 155 देशों से किए गए हैं। श्री प्रधान ने यह भी बताया कि लगभग 20 लाख प्रश्न प्राप्त हुए हैं और एनसीईआरटी ने परिवार के दबाव, तनाव प्रबंधन, अनुचित साधनों की रोकथाम, स्वस्थ और फिट कैसे रहें, करियर चयन आदि जैसे विभिन्न विषयों पर प्रश्नों को शॉर्टलिस्ट किया है।

उन्होंने कहा कि कला उत्सव प्रतियोगिता के लगभग 80 विजेता और देश भर के 102 छात्र और शिक्षक भी 27 जनवरी, 2023 को विशेष अतिथि के रूप में मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रतिभागी छात्रों को हमारी समृद्ध विरासत से परिचित कराने के लिए राजघाट, सदैव अटल, प्रधानमंत्री संग्रहालय, कर्तव्य पथ आदि जैसे राष्ट्रीय महत्व के स्थानों पर ले जाया जाएगा। श्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कला उत्सव के विजेता और राज्यों के छात्र और शिक्षक 26 जनवरी, 2023 को गणतंत्र दिवस परेड और 29 जनवरी, 2023 को बीटिंग रिट्रीट में भी शामिल होंगे।

श्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस बात पर प्रकाश डाला कि प्रधानमंत्री ने 2018 में 'एग्जाम वॉरियर्स' पुस्तक लिखी थी। इस पुस्तक की अभूतपूर्व सफलता को देखते हुए, अब इसे 11 भारतीय भाषाओं यानी असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में प्रकाशित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदी और अंग्रेजी के संशोधित संस्करण भी प्रकाशित किए गए हैं।

श्री प्रधान ने बताया कि 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर देश भर के 500 जिलों में परीक्षा पे चर्चा-2023 के अग्रगामी क्रियाकलाप के तौर पर एक पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई थी। नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, राज्य बोर्डों और सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के लगभग 50000 छात्रों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। चित्रों का विषय प्रधानमंत्री द्वारा 'एग्जाम वॉरियर्स' पुस्तक में दिए गए मंत्र हैं।

***

 

एमजी/एएम/एसकेएस/एजे



(Release ID: 1893504) Visitor Counter : 303