कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्‍द्र सिंह तोमर ने भोपाल में भारतीय अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित किया


युवा ऊर्जा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है जिनके बल पर भारत प्रत्‍येक लक्ष्य को हासिल कर सकता है: श्री तोमर

डिजिटल कृषि मिशन से किसानों को नई तकनीक का लाभ मिलेगाः कृषि मंत्री

Posted On: 24 JAN 2023 6:43PM by PIB Delhi

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव आज भोपाल, मध्य प्रदेश में संपन्न हो गया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का तेजी से विकास हो रहा है। प्रत्‍येक क्षेत्र में विज्ञान और प्रौद्योगिकी का प्रयोग बढ़ा है। यह क्षेत्र केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001KGKT.jpg

 

केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि विज्ञान भारती, राज्य सरकार और केंद्र सरकार ने मिलकर देश भर के विद्यार्थियों, वैज्ञानिकों और स्टार्ट-अप के लिए इस आयोजन के माध्यम से एक कुशल मंच प्रदान किया। इस महोत्‍सव में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा कि हमारा देश एक युवा राष्‍ट्र है। युवा ऊर्जा हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत है। जैसा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि - हमारा देश अमृतकाल से गुजर रहा है। यही वह समय है, जब देश युवा आबादी के बल पर बड़ी से बड़ी उम्मीदों और लक्ष्यों को हासिल कर सकता है। उन्‍होंने कहा कि इसके लिए भारत सरकार विज्ञान और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा दे रही है। श्री तोमर ने कहा कि जब हम सत्‍ता में आए थे, तब विज्ञान और प्रौद्योगिकी का बजट लगभग 2,000 करोड़ रुपये था, जिसे प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बढ़ाकर 6,000 करोड़ रुपये से अधिक कर दिया है। उन्‍होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता को इस बात से भी समझा जा सकता है कि तत्कालीन पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान-जय किसान का नारा दिया था और बाद में प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इसमें विज्ञान शब्‍द जोड़ते हुए - जय जवान-जय किसान-जय विज्ञान का नारा दिया और अब प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इसमें अनुसंधान को शामिल किया है और अब यह  नारा -जय जवान-जय किसान-जय विज्ञान और जय अनुसंधान हो गया है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002ZFQ7.jpg

 

श्री तोमर ने कहा कि विज्ञान का हमारे जीवन पर बहुत प्रभाव है। आज इसकी उपयोगिता हमारे देश सहित समूचे विश्व में महसूस की जा सकती है। उन्‍होंने कहा कि आज की प्रतिस्पर्धी दुनिया में भारत भी मुकाम हासिल करने की क्षमता रखता है, लेकिन वहां तक पहुंचने और आगे बढ़ने में सक्षम होने के लिए हमें छोटी से छोटी चीज के वैज्ञानिक महत्व को जानना होगा। तभी हम विश्व प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ पाएंगे।

श्री तोमर ने कहा कि आज कोई भी क्षेत्र विज्ञान और प्रौद्योगिकी से अछूता नहीं है। कृषि क्षेत्र में भी तकनीक के कारण काम आसान हो गया है, घाटा कम हो रहा है और समय की बचत हो रही है। किसानों के लिए ड्रोन तकनीक का उपयोग सुलभ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल कृषि मिशन से किसानों को भारी लाभ मिलेगा। उन्‍होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में जिस तरह से अनुसंधान हो रहे हैं, उसके आधार पर हम कह सकते हैं कि आने वाले दिनों में भारत तकनीक के इस्तेमाल से अपना उत्पादन और पैदावार बढ़ाएगा। अपने देश की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ हम विश्व के प्रति भी अपने दायित्वों का निर्वहन करने में सफल होंगे।

इस समारोह को मध्य प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सचिव डॉ. चंद्रशेखर, अंतरिक्ष विभाग में सचिव श्री एस.के. सोमनाथ, विज्ञान भारती के महासचिव श्री सुधीर भदौरिया, प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, मध्यप्रदेश श्री निकुंज श्रीवास्तव, डॉ. सुधांशु वृत्ति और डॉ. अनिल कोठारी के साथ ही सा‍थ अन्‍य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

****

एमजी/एएम/आरके/एजे



(Release ID: 1893435) Visitor Counter : 305


Read this release in: English , Urdu , Tamil , Telugu