सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई में एबीबी एफआईए फॉर्मूला ई-वर्ल्ड चैंपियनशिप के हैदराबाद सर्किट के मीडिया लॉन्च में भाग लिया
भारत का लक्ष्य अगले 10 वर्षों के भीतर ऊर्जा का अग्रणी निर्यातक बनना है: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री
Posted On:
13 JAN 2023 4:07PM by PIB Delhi
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री, नितिन गडकरी ने कल मुंबई में फॉर्मूला ई-वर्ल्ड चैंपियनशिप के हैदराबाद सर्किट के मीडिया लॉन्च में भाग लिया। 2022-2023 फॉर्मूला ई-वर्ल्ड चैंपियनशिप के ही एक अंग के तौर पर हैदराबाद ईप्रिक्स नामक इस रेस का आयोजन 11 फरवरी को हैदराबाद में किया जाएगा। फॉर्मूला ई, आधिकारिक तौर पर एबीबी एफआईए फॉर्मूला ई वर्ल्ड चैंपियनशिप, इलैक्ट्रिक कारों के लिए सिंगल-सीटर मोटरस्पोर्ट प्रतियोगिता है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इसका उपयोग ई-गतिशीलता क्षेत्र में भारत की पहल को उजागर करने के लिए किया जाएगा।
मीडिया लॉन्च के अवसर पर, श्री नितिन गडकरी ने कहा कि इलैक्ट्रिक वाहनों पर ध्यान केंद्रित करके भारत भारी ईंधन के आयात से बनने वाले बिल और वायु प्रदूषण की दोहरी समस्याओं का समाधान करना चाहता है। उन्होंने कहा कि भारतीय सड़कों पर इस तरह के प्रतिष्ठित आयोजन से देश में इलेक्ट्रिक कारों को और लोकप्रिय बनाया जा सकेगा। निकट भविष्य के लिए नियोजित कुछ राजमार्ग परियोजनाओं की जानकारी देते हुए, उन्होंने कहा कि एक समय आएगा जब भारतीय राजमार्गों को पेशेवर रूप से निर्मित रेस ट्रैक्स की तुलना में इस तरह की रेसिंग प्रतियोगिताओं को आयोजित करने के लिए भी बेहतर माना जाएगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जीवाश्म ईंधन आधारित कारों को बदलने की भारत की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। हरित हाइड्रोजन प्रौद्योगिकी में हुई प्रगति को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कहा कि देश का लक्ष्य अगले 10 वर्षों में ऊर्जा का निर्यातक बनना है। उन्होंने कहा कि यह उद्देश्य न केवल देश के आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगारों का भी सृजन करेगा। उन्होंने कहा कि ई-गतिशीलता में सुधार और स्वच्छ, हरित ऊर्जा प्रौद्योगिकी में प्रगति के माध्यम से ही भारत आत्मनिर्भर बन सकता है।
इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, नगरपालिका प्रशासन और तेलंगाना के शहरी विकास मंत्री के.टी. रामा राव, ग्रीनको और ऐस ग्रुप के संस्थापक अनिल कुमार चालमालासेटी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
***
एमजी/एएम/एसएस/डीए
(Release ID: 1891219)
Visitor Counter : 132