राष्ट्रपति सचिवालय
राष्ट्रपति से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकवाद रोधी समिति के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों ने भेंट की
प्रविष्टि तिथि:
29 OCT 2022 8:09PM by PIB Delhi
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकवाद रोधी समिति (सीटीसी) के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों ने आज (29 अक्टूबर, 2022) राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। वे 28-29 अक्टूबर, 2022 को मुंबई और दिल्ली में आयोजित यूएनएससी सीटीसी की विशेष बैठक में भाग लेने के लिए भारत आये हैं।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने मुंबई में 26/11 के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देकर अपनी यात्रा शुरू करने के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र तथा दुनिया के सबसे खुले और विविध समाजों में से एक के रूप में भारत दशकों से आतंकवाद का शिकार रहा है। आतंकवाद के सभी रूपों और तरीकों के खिलाफ लड़ाई के प्रति भारत की राष्ट्रीय प्रतिबद्धता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद के सभी कृत्यों के प्रति जीरो टॉलरेंस, चाहे उसकी मंशा कुछ भी हो- वैश्विक आतंकवाद रोधी संरचना को अंतिम रूप देने में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का मार्गदर्शक दृष्टिकोण होना चाहिए।
बैठक के दौरान, राष्ट्रपति को संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि, राजनयिक रुचिरा कंबोज ने सीटीसी के अध्यक्ष के रूप में, यूएनएससी सीटीसी के कामकाज और इसकी प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी। श्री माइकल मौसा एडमो, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष और गैबॉन के विदेश मंत्री एवं भारत के विदेश मंत्री, डॉ. एस जयशंकर ने भी राष्ट्रपति को यूएनएससी सीटीसी के विचार-विमर्श के मुख्य पहलुओं और आगे के रास्ते से अवगत कराया, जैसा आज अपनाई गई दिल्ली घोषणा में उल्लिखित है।
बैठक में भाग लेने वाले गणमान्य व्यक्तियों में शामिल थे- एच.ई. सुश्री शर्ली अयोरकोर बोचवे, घाना की विदेश मंत्री; एच.ई. सुश्री रीम इब्राहिम अल हाशिमी, संयुक्त अरब अमीरात की अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री और अल्बानिया की उप विदेश मंत्री सुश्री मेगी फिनो। इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र आतंकवाद-रोधी कार्यालय में अवर महासचिव श्री व्लादिमीर वोरोंकोव समेत संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
***
एमजी/एएम/जेके/एसके
(रिलीज़ आईडी: 1873671)
आगंतुक पटल : 660