जनजातीय कार्य मंत्रालय
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने नागालैंड की अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा संपन्न की
श्री अर्जुन मुंडा ने नागालैंड के दीमापुर में 'कुडो खेल परिसर' का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना के अनुसार देश के सबसे पिछड़े जिलों को समग्र रूप से विकसित करने के उद्देश्य से आकांक्षी जिलों की पहचान की गई है: श्री अर्जुन मुंडा
Posted On:
28 APR 2022 6:48PM by PIB Delhi
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने इस सप्ताह नागालैंड की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा संपन्न की।
अपनी यात्रा के दौरान, केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने और आदिवासियों के बीच खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के प्रयास में, नागालैंड के दीमापुर में 'कुडो खेल परिसर' का उद्घाटन किया। कॉम्प्लेक्स की स्थापना को केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने अपने दौरे के पहले दिन कोहिमा गांव बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन की आधारशिला भी रखी। यह सामुदायिक भवन ग्रामीणों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने में मदद करेगा।





केंद्रीय मंत्री ने अपनी यात्रा के दूसरे दिन, नागालैंड के किफिरे में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की आधारशिला रखी, जो आदिवासी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में मदद करेगा। किफिरे में स्थानीय प्रशासन के साथ एक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए, श्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि पिछड़े जिलों का सर्वांगीण विकास होना चाहिए और देश के सबसे पिछड़े जिलों को समग्र रूप से विकसित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना के अनुसार आकांक्षी जिलों की पहचान की गई है।
श्री अर्जुन मुंडा ने नागालैंड के किफिरे जिले में चल रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और आगामी विकास कार्यों के संबंध में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर किफिरे के उपायुक्त श्री टी. वती एयर और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री ने कोहिमा विज्ञान महाविद्यालय द्वारा आयोजित एक सम्मान कार्यक्रम में भी भाग लिया और जोत्सोमा, नागालैंड में कोहिमा विज्ञान महाविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों के साथ बातचीत की। इस संस्थान में पढ़ने वाले अधिकांश विद्यार्थी जनजातीय कार्य मंत्रालय की छात्रवृत्ति योजनाओं के लाभार्थी हैं।
मंत्री महोदय ने अप्रैल 1944 में नागालैंड के कोहिमा में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों को समर्पित 'कोहिमा युद्ध समाधि स्थल' का दौरा किया।
*****
एमजी/एएम/एमकेएस/सीएस
(Release ID: 1821060)