कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत की सबसे बड़ी कौशल प्रतियोगिता-इंडियास्किल्स 2021 नेशनल आज से नई दिल्ली में शुरू हुई


इंडियास्किल्स नेशनल के विजेताओं को अक्टूबर 2022 में शंघाई, चीन में होने वाली वर्ल्ड स्किल्स इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा

Posted On: 06 JAN 2022 9:16PM by PIB Delhi

कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) के मार्गदर्शन में काम कर रही, नोडल एजेंसी, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) द्वारा कौशल विकास और उद्यमशीलता विकास के लिए आयोजित इंडियास्किल्स 2021 की राष्ट्रीय प्रतियोगिता, आज से नई दिल्ली में शुरू हुई। क्लोज-डोर इवेंट में 26 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागी 50 से अधिक कौशल जैसे कार पेंटिंग, पेटिसरी और कन्फेक्शनरी, वेल्डिंग, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, साइबर सिक्योरिटी, फ्लोरिस्ट्री, में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

 

स्थानीय अधिकारियों और राज्य सरकार द्वारा आवश्यक कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 7 से 9 जनवरी तक प्रगति मैदान सहित कई स्थानों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है, जिसमें आगंतुकों/दर्शकों के लिए प्रवेश नहीं, पर्याप्त सोशल डिस्टेंसिंग और प्रतियोगिता परिसर का बार-बार सेनेटाइजेशन शामिल है। प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रतिभागियों को और अधिक व्यस्त रखने के लिए 3 से 5 जनवरी तक बेंगलुरु और मुंबई में आठ कौशल की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी कौशल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 10 जनवरी को नई दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा।

श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि इंडियास्किल्स प्रतियोगिता युवाओं को अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए साधन प्रदान करके आत्मविश्वास और आशा पैदा करती है। उन्होंने आगे कहा कि प्रतियोगिता दुनिया के लिए भारत की क्षमताओं को प्रदर्शित करता है और वैश्विक मंच पर सीखने और प्रदर्शन की सुविधा प्रदान करता है। उन्होंने आगे कहा कि इस साल के इंडियास्किल्स में सात नई कौशल प्रतियोगिता की शुरुआत 21वीं सदी की उभरती प्रौद्योगिकियों के साथ तालमेल रखने के हमारे प्रयास को प्रदर्शित करती है। उन्होंने भाग लेने वाले सभी उम्मीदवारों को राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं की कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प को देखकर अपनी खुशी व्यक्त की और कहा कि यह प्रधानमंत्री के 'भारत को विश्व की कौशल राजधानी' बनाने के दृष्टिकोण को साकार करने का काम करेगा।

एनएसडीसी के मुख्य परिचालन अधिकारी, श्री वेद मणि तिवारी ने कहा कि इंडियास्किल्स प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभाशाली और कुशल कार्यबल का एक पूल बनाना है, जो भविष्य में देश के आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा। उन्होंने आगे कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करती है और वैश्विक प्रशिक्षण मानकों से रूबरू कराती है। उन्होंने आगे कहा कि इंडियास्किल्स की सफलता जूरी, विशेषज्ञों, प्रशिक्षकों, सेक्टर स्किल काउंसिल, भागीदार संस्थानों और राज्यों का सामूहिक प्रयास है जो देश की सबसे बड़ी कौशल प्रतियोगिता को क्रियान्वित करने में एनएसडीसी का समर्थन करता है। इस लॉन्च के अवसर पर श्री राजेश अग्रवाल, सचिव, कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार, श्री अतुल कुमार तिवारी, अपर सचिव, कौशल विकास उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार, श्री वेद मणि तिवारी, मुख्य परिचालन अधिकारी और कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी, राष्ट्रीय कौशल विकास निगम, श्री सुब्रतो बागची, अध्यक्ष ओडिशा कौशल विकास प्राधिकरण और माइंडट्री के सह-संस्थापक और डॉ. निर्मलजीत सिंह कलसी, अध्यक्ष, राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण परिषद की गरिमामयी उपस्थिति ने शोभा बढ़ाई।

इंडियास्किल्स 2021 राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मुख्य बातें

a. एबिलिम्पिक्स-दिव्यांगजनों द्वारा कौशल प्रदर्शन

इंडियास्किल्स 2021 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, पेंटिंग, कढ़ाई और पोस्टर डिजाइनिंग सहित 16 कौशल में दिव्यांगजनों (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कौशल का प्रदर्शन भी शामिल होगा। इस तरह की भागीदारी के साथ, इंडियास्किल्स में जमीनी स्तर तक पहुंचने की क्षमता है और यह एक कुशल कार्यबल की मांग और आपूर्ति के बीच के अंतर को कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

b. कौशल प्रदर्शन

इंडियास्किल 2021 तीन नए कौशल पेश कर रहा है-योग, जूता बनाना (चमड़ा) और परिधान बनाना (चमड़ा) जो इन ट्रेडों में प्रतियोगियों के लिए अवसरों को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।

c. नए जमाने के कौशल

सात नए जमाने के कौशल- रोबोट सिस्टम इंटीग्रेशन, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल कंस्ट्रक्शन, इंडस्ट्री 4.0, रिन्यूएबल एनर्जी, मोबाइल एप्लिकेशन डेवलपमेंट और इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी को इस साल की प्रतियोगिता में उभरती तकनीकों के साथ तालमेल बिठाते हुए पेश किया गया है।

d. इंडियास्किल को समर्थन देने वाले उद्योग

इस आयोजन को उद्योग जगत से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। उद्योग जगत ने प्रतियोगिताओं के दौरान उम्मीदवारों के कौशल प्रशिक्षण के लिए बुनियादी ढांचे, विशेषज्ञों और उपकरणों का समर्थन देने का ऐलान किया है।

इस पहल में साझेदार कंपनियों में मारुति सुजुकी, लार्सन एंड टुब्रो, फेस्टो इंडिया, होटल लीला, टोयोटा इंडिया, सीबीआईपी, कॉन्सेप्ट महिंद्रा, एकेडमी ऑफ पेस्ट्री एंड कलिनरी आर्ट्स, गवर्नमेंट टूल रूम एंड ट्रेनिंग सेंटर (जीटीटीसी), कर्नाटक जर्मन तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान (केजीटीटीआई) शामिल हैं। इसके साथ ही इंडियन मशीन टूल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (आईएमटीएमए), बेंगलुरु, आईसीटी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, मुंबई, इंडियाटीवी न्यूज, प्लेटोनिया आदि भी साझेदार हैं।

e. इंडियास्किल्स से वर्ल्डस्किल्स तक का सफर

देश में अक्टूबर-दिसंबर के दौरान पूर्व (पटना), पश्चिम (गांधीनगर), उत्तर (चंडीगढ़) और दक्षिण (विशाखापट्टनम) में आयोजित चार क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं के बाद इंडियास्किल्स 2021 राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसके बाद अगस्त और सितंबर 2021 के बीच जिला और राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से क्षेत्रीय प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिसमें 250,000 से अधिक पंजीकरण दर्ज किए गए।

इंडियास्किल्स 2021 राष्ट्रीय प्रतियोगिता के विजेताओं को अक्टूबर 2022 में होने वाले वर्ल्डस्किल्स शंघाई, चीन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए कड़े प्रशिक्षण से गुजरना होगा।

इंडियास्किल्स नेशनल्स के विजेताओं को बूट कैंप और प्रोजेक्ट-आधारित प्रशिक्षण, उद्योग और कॉर्पोरेट प्रशिक्षण, उद्योगों के लिए एक्सपोजर विजिट, माइंड कोचिंग और व्यक्तित्व विकास जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से बहु-स्तरीय उद्योग प्रशिक्षण मिलेगा। एनएसडीसी, अपने क्षेत्र कौशल परिषदों (एसएससी) और सहयोगी संस्थानों के माध्यम से, उम्मीदवारों को प्रतियोगिताओं और भविष्य के प्रयासों के लिए प्रशिक्षित करता है।

****

एमजी/एएम/एके/एसके


(Release ID: 1798152) Visitor Counter : 202
Read this release in: English , Urdu , Kannada