पर्यटन मंत्रालय

ब्रांड इंडिया को बढ़ावा देने के लिए 20 दूतावासों में पर्यटन अधिकारी नियुक्त: केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी


भारत में शीर्ष 75 स्थलों को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर विकसित किया जाएगा: पर्यटन मंत्री

'पर्यटन क्षेत्र को तेजी से पुनर्जीवित करने के लिए दोनों खुराक के साथ पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करें': केंद्रीय मंत्री की अपील

Posted On: 04 DEC 2021 5:11PM by PIB Delhi

केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति और पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने आज गोवा में आयोजित एक संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए कहा, 'पिछले महीने 20 दूतावासों में पर्यटक अधिकारियों को नियुक्‍त किया गया है। ये नियुक्तियां भारत को एक पर्यटन केंद्र के रूप में बढ़ावा देने के साथ-साथ उन देशों के पर्यटकों को सुविधा प्रदान करने के लिए की गई हैं जो भारत अक्‍सर आते रहते हैं। जिन देशों से पर्यटक भारत आते हैं उन सभी देशों के दूतावासों में पर्यटन सबडिविजन कार्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है। पर्यटन मंत्रालय भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों की मदद के लिए स्वास्थ्य विभाग, नागरिक उड्डयन विभाग, गृह मंत्रालय और विदेश विभाग के साथ मिलकर काम कर रहा है।'

गोवा में पर्यटन संबंधी पहल

मंत्री ने कहा, 'गोवा अपना 60वां मुक्ति वर्ष मना रहा है और सरकार राज्य में पर्यटन संबंधी बुनियादी ढांचे को विकसित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। गोवा पर्यटन क्षेत्र के उन प्रमुख राज्यों में से एक है जहां अधिकांश विश्व धरोहर स्थल हैं। इसलिए मंत्रालय ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गोवा पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया है।' उन्होंने कहा कि बड़ी तादाद में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटक अक्‍सर गोवा आते हैं और एक क्षेत्र के रूप में पर्यटन का राज्य पर बड़ा प्रभाव पड़ता है।

 श्री रेड्डी ने यह भी आश्वासन दिया कि उनका मंत्रालय गोवा के लिए पर्यटन से अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार और गोवा पर्यटन विकास निगम के साथ-साथ गोवा टूरिज्‍म के साथ मिलकर काम करेगा।

पर्यटन मंत्रालय सागर माला के तहत क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रेल मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और जहाजरानी मंत्रालय के साथ तालमेल से काम कर रहा है। उन्होंने कहा, 'क्रूज पर्यटन को एक मिशन मोड पर विकसित किया जाएगा जिससे गोवा को काफी फायदा होगा।' उन्होंने यह भी बताया कि क्रूज पर्यटन के जरिये चेन्नई, विजाग और अंडमान को गोवा से जोड़ने की योजना है। उन्होंने एडवेंचर टूरिज्म एवं इको-टूरिज्म की संभावनाओं और प्रोत्साहन के बारे में भी बताया।

 

 

भारत में शीर्ष 75 स्थलों को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर विकसित किया जाएगा

श्री रेड्डी ने यह भी कहा कि मंत्रालय के खर्च का एक बड़ा हिस्सा राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों में मौजूद विभिन्न पर्यटन स्थलों और सर्किट में पर्यटन से संबंधित गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचे के विकास में जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की आजादी के 75वें वर्ष को मनाने के लिए देश के शीर्ष 75 गंतव्यों को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर विकसित किया जाएगा। उन्‍होंने कहा, 'इसके लिए सभी विभागों ने अपनी राय दी है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद उन 75 गंतव्यों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने का काम तेजी से शुरू किया जाएगा।

श्री रेड्डी ने जोर देकर कहा कि पर्यटन क्षेत्र के निरंतर विकास के लिए टीकों की दोनों खुराक के साथ पूर्ण टीकाकरण काफी महत्वपूर्ण है। उन्‍होंने कहा, 'जो लोग टीका लगवा रहे हैं उन्हें कोविड-19 टीके की दोनों खुराक समय पर लगवा लेना चाहिए। इससे पर्यटन क्षेत्र को कहीं अधिक गति से पुनर्जीवित करने में मदद मिलेगी। राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों से अनुरोध है कि वे शहरों के साथ-साथ गांवों में लाभार्थियों का अधिकतम टीकाकरण सुनिश्चित करें। मंत्री ने आश्वासन दिया कि टीकाकरण में कोई समस्या नहीं होगी क्योंकि केंद्र राज्य सरकारों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार पर्याप्त टीकों की आपूर्ति करने के लिए तैयार है।

श्री रेड्डी ने नागरिकों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए भी आगाह किया क्योंकि वैश्विक महामारी के पहले वर्ष के बाद देश में पर्यटन में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। उन्‍होंने कहा, 'देश में घरेलू पर्यटन दिख रहा है और उसमें तेजी का रुझान है। फिलहाल दुनिया भर में कोविड 19 की तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है और इसलिए मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे पर्यटन स्थलों की यात्रा के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करें।'

मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार कोविड-19 प्रोटोकॉल के कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार देश एवं दुनिया की हालिया घटनाओं और कोविड की स्थिति पर करीबी नजर रख रही है। उन्‍होंने कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि हम अपने प्रयासों से तीसरी लहर को नियंत्रित कर सकते हैं।'

 

 

केंद्रीय पत्‍तन, नौवहन एवं जलमार्ग और पर्यटन राज्य मंत्री श्री श्रीपद वाई. नाइक ने गोवा में पूरी हो चुकी और जारी विकास गतिविधियों के बारे में बताया। श्री नाइक ने कहा कि इंडियन ऑयल फाउंडेशन एनसीएफ के जरिये विभिन्न विरासत स्मारकों और आध्यात्मिक स्थलों का विकास करेगा। परियोजना विवरण के लिए यहां क्लिक करें।

 

 

***

 

एमजी/एएम/एसकेसी



(Release ID: 1778200) Visitor Counter : 301


Read this release in: English , Urdu , Marathi , Punjabi