शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने ऑस्ट्रेलिया के शिक्षा एवं युवा मंत्री के साथ विचार-विमर्श किया


श्री धर्मेंद्र प्रधान ने भारतीय छात्रों की ऑस्ट्रेलिया वापसी का मुद्दा उठाया

प्रविष्टि तिथि: 05 OCT 2021 5:29PM by PIB Delhi

केन्द्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज ऑस्ट्रेलिया के शिक्षा एवं युवा मंत्री श्री एलन टुडगे के साथ एक वर्चुअल बैठक की। केन्द्रीय मंत्री श्री प्रधान और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष ने छात्रों की दोतरफा आवाजाही, शिक्षकों के आदान-प्रदान, अनुप्रयुक्त अनुसंधान और पारस्परिक प्राथमिकता वाले अन्य क्षेत्रों पर जोर देने के साथ-साथ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया एवं भारत के बीच बढ़ती साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

श्री धर्मेंद्र प्रधान ने ऑस्ट्रेलिया में पढ़ रहे भारतीय छात्रों की वापसी का मुद्दा उठाया। ऑस्ट्रेलियाई मंत्री ने उन्हें ऑस्ट्रेलियाई सरकार द्वारा भारतीय छात्रों की ऑस्ट्रेलिया वापसी को आसान बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी। केन्द्रीय मंत्री श्री प्रधान ने अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष के साथ ऑस्ट्रेलिया जाने वाले छात्रों का हर स्तर पर सहयोग करने के प्रति दोनों देशों की वचनबद्धता पर जोर दिया।

श्री प्रधान ने इस बात को फिर से दोहराया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 हमारे युवाओं की आकांक्षाओं और उनकी भविष्य की जरूरतों को पूरा करने और भारत को ज्ञान का वैश्विक केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा एवं कौशल के क्षेत्र में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग को और आगे बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं।

******

एमजी/एएम/आर


(रिलीज़ आईडी: 1761285) आगंतुक पटल : 410
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Punjabi , Tamil