स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय

केंद्र ने कोविड-19 पर नियंत्रण और उसकी रोकथाम के उपायों में राज्य/केंद्र शासित प्रदेश की सरकारों की सहायता के लिए दो उच्चस्तरीय केंद्रीय बहु उद्देश्यीय दलों को छत्तीसगढ़ और चंडीगढ़ रवाना किया

Posted On: 26 MAR 2021 4:09PM by PIB Delhi

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और चंडीगढ़ से कोविड-19 मामलों की संख्या में वृद्धि होने की रिपोर्ट मिलने के बाद दो उच्चस्तरीय बहु उद्देश्यीय दलों को वहां भेजा है। ये दल राज्य/केंद्रशासित प्रदेश की सरकारों के साथ मिलकर काम करेंगे और कोविड मामलों के बढ़ने की वजह/वजहों का पता लगाएंगे। वे इस बात का विश्लेषण करेंगे कि यह अंतर क्यों आ रहा है और साथ ही कोविड-19 नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए अनिवार्य उपायों की सिफारिश करेंगे।

छत्तीसगढ़ भेजे गए दल का नेतृत्व राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) के निदेशक डॉ. एस के सिंह कर रहे हैं। उनके साथ इस दल में एम्स, रायपुर तथा ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हाइजीन एंड पब्लिक हेल्थ के विशेषज्ञ शामिल हैं। चंड़ीगढ़ भेजे गए दल का नेतृत्व कपड़ा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार श्री विजय कुमार सिंह कर रहे हैं और उनके दल में नई दिल्ली स्थित आरएमएल अस्पताल और सफदरजंग अस्पताल के विशेषज्ञ शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ में हाल में कोविड-19 के ताजा मामलों में पर्याप्त वृद्धि के साथ-साथ प्रतिदिन होने वाली मौतों की संख्या में भी वृद्धि देखी गई है। चंड़ीगढ़ में भी नए मामलों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। उक्त दल राज्य/केंद्रशासित प्रदेश के सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों/हॉटस्पॉट का दौरा करेंगे और जन स्वास्थ्य सुविधाओं के लागू किए जाने के जमीनी हालत का आकलन करेंगे। वे अपने मुख्य निष्कर्षों, सिफारिशों और सुधारात्मक उपायों के बारे में मुख्य सचिव/मुख्य प्रशासक को अवगत कराएंगे।

केंद्र सरकार कोविड महामारी के खिलाफ जंग में पूर्ण सरकार के दृष्टिकोण से नेतृत्व कर रही है। कोविड प्रबंधन में विभिन्न राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारों के मौजूदा प्रयासों को सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र सरकार समय-समय पर केंद्रीय दलों को विभिन्न राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में भेजती है। ये दल राज्य/केंद्रशासित प्रदेश के प्रशासन के साथ संपर्क करते हैं और पेश चुनौतियों और उनके समक्ष उत्पन्न मुद्दों के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त करते हैं ताकि उनकी कोविड की रोकथाम गतिविधियों को मजबूती प्रदान की जा सके और अवरोधों को, यदि कोई हैं तो, दूर किया जा सके। इन केंद्रीय दलों की रिपोर्टों को राज्यों के साथ साझा किया जाता है ताकि इस पर आगे कार्रवाई की जा सके। इन रिपोर्टों पर आगे की जाने वाले कार्रवाई और उनके अनुपालन की निगरानी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय करता है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा विभिन्न राज्यों से कोविड मामलों में वृद्धि होने की ताजा रिपोर्टें मिलने के बाद पिछले कुछ महीनों में केंद्रीय़ दल भेजने के कार्य की अगली कड़ी के रूप में यह दोनों दल भी चंडीगढ़ और छत्तीसगढ़ भेजे गए हैं।

***

एमजी/एएम/एसएम/एचबी



(Release ID: 1707876) Visitor Counter : 200