सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय

श्री थावरचंद गहलोत कल वर्चुअल रूप में इंडियन साइन लैंग्वेज डिक्शनरी के तीसरे संस्करण का लोकार्पण करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 16 FEB 2021 3:21PM by PIB Delhi

      केंद्रीय सामाजिक न्याय तथा अधिकारिता मंत्री श्री थावरचंद गहलोत कल यानि, 17 फरवरी, 2021 को एक वर्चुअल कार्यक्रम में इंडियन साइन लैंग्वेज डिक्शनरी का लोकार्पण करेंगे। इस शब्दकोश में 10 हजार शब्द (पहले के छह हजार शब्द सहित) होंगे। इस अवसर पर सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर, श्री रामदास अठावले तथा श्री रतनलाल कटारिया सम्मानित अतिथि होंगे। इस लिंक https://webcast.gov.in/msje/पर कार्यक्रम लाइव वेबकास्ट होगा।

यह शब्दकोश इंडियन साइन लैंग्वेज रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर (आईएसएलआरटीसी) ने तैयार किया है। यह सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान है।

आईएसएल डिक्शनरी के तीसरे संस्करण में दैनिक उपयोग के शब्द, अकादमिक शब्द, कानूनी तथा प्रशासनिक शब्द, मेडिकल शब्द, तकनीकी तथा कृषि जैसे विषयों के कुल दस हजार शब्द हैं। डिक्शनरी में देश के विभिन्न भागों में उपयोग किए जाने वाले क्षेत्रीय संकेत की शामिल किए गए हैं। आईएसएल डिक्शनरी का पहला संस्करण 3,000 शब्दों के साथ 23 मार्च 2018 को लांच किया गया था और दूसरा संस्करण 6 हजार शब्दों (पहले के तीन हजार शब्द सहित) के साथ 27 फरवरी 2019 को लांच किया गया था।

****

एमजी/एएम/एजी/ओपी


(रिलीज़ आईडी: 1698458) आगंतुक पटल : 283
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Manipuri , Punjabi , Tamil