प्रधानमंत्री कार्यालय

प्रधानमंत्री 6 मार्च, 2019 को कर्नाटक के कलबुर्गी और तमिलनाडु के कांचीपुरम का दौरा करेंगे


कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा 

प्रविष्टि तिथि: 05 MAR 2019 3:02PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी कल कर्नाटक के कलबुर्गी और तमिलनाडु के कांचीपुरम का दौरा करेंगे। दोनों स्‍थानों पर वह अनेक परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

कलबुर्गी-कर्नाटक

कलबुर्गी में प्रधानमंत्री कर्नाटक की जनता को लाभ पहुंचाने के लिए ऊर्जा, स्‍वास्‍थ्‍य और शिक्षा जैसे विभिन्‍न क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

इनमें शामिल होंगी :

स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र

कर्नाटक में स्‍वास्‍थ्‍य सेवा के क्षेत्र को व्‍यापक प्रोत्‍साहन देते हुए प्रधानमंत्री ईएसआईसी हॉस्पिटल एंड मेडिकल कॉलेज, बैंगलुरु राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे। वह केआईएमएस, हुबली के सुपर स्‍पेशिएलिटी ब्‍लॉक को भी राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे। ये परियोजनाएं कर्नाटक की जनता को अच्‍छी और किफायती स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं की उपलब्‍धता सुनिश्चित कराएंगी।

ऊर्जा क्षेत्र

प्रधानमंत्री श्री मोदी बीपीसीएल डिपो के रायचूर से कलबुर्गी तक रिस्‍टेटमेंट का शिलान्‍यास करेंगे।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री बैंगलुरु में आयकर न्‍यायाधिकरण टर्मिनल भी राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे।

वह बैंगलोर यूनिवर्सिटी में पूर्वोत्‍तर क्षेत्र की छात्राओं के लिए महिला छात्रावास को भी समर्पित करेंगे।

ये परियोजनाएं इस बात को उजागर करती हैं कि केन्‍द्र सरकार द्वारा ‘जीवन की सुगमता’ सुनिश्चित करने पर निरंतर बल दिया जा रहा है।

प्रधानमंत्री कलबुर्गी में आयुष्‍मान भारत के लाभार्थियों के साथ भी बातचीत करेंगे।

कांचीपुरम तमिलनाडु

तमिलनाडु के कांचीपुरम में प्रधानमंत्री सड़क, रेलवे और ऊर्जा क्षेत्र की विविध परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। ये परियोजनाएं सड़क एवं रेलवे से संबंधित राज्‍य की बुनियादी सुविधाओं को मजबूती प्रदान करेंगी। यह तमिलनाडु की जनता के लिए बेहतर, त्‍वरित और किफायती परिवहन के साधन उपलब्‍ध कराने का मार्ग भी प्रशस्‍त करेंगी।

इनमें शामिल हैं :

सड़क क्षेत्र

प्रधानमंत्री तमिलनाडु की राजमार्ग अवसंरचना को व्‍यापक प्रोत्‍साहन देते हुए राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या-45सी के विक्रवंदी-सेतियातोप्‍पु खंड, सेतियातोप्‍पु-चोलापुरम खंड और चोलापुरम- तंजावुर खंड को चार लेन का बनाने की आधारशिला रखेंगे।

वह राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या-4 के करिपेट्टई-वालजापेट खंड को छह लेन का बनाने की भी आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या -234 को मजबूत बनाने के लिए, वाहन मार्ग और पुलियों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की आधारशिला रखेंगे। वह राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या-381 के चार लेन के अविनाशी-तिरुपुर-अविनाशीपलयम खंड और सुदृढ़ीकृत वाहन मार्ग को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

रेलवे क्षेत्र

प्रधानमंत्री इरोड-करूर-तिरुचिरापल्ली और सलेम-करूर-डिंडीगुल रेलवे लाइनों के विद्युतीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

इस विद्युतीकरण से ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी आएगी तथा लोगों के आने-जाने और माल की आवाजाही में लगने वाले समय में कमी आएगी।

ऊर्जा क्षेत्र

प्रधानमंत्री एन्नोर एलएनजी टर्मिनल राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

5 एमएमटीपीए की क्षमता वाला एन्नोर एलएनजी टर्मिनल तमिलनाडु और आस-पास के राज्‍यों की एलएनजी गैस संबंधी मांग को पूरा करने में मदद करेगा।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री वीडियो लिंक के जरिए चेन्नई में डॉ. एमजीआर जानकी कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस फॉर वुमन में डॉ. एमजी रामचंद्रन की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

डॉ. एमजी रामचंद्रन अभिनेता और राजनीतिज्ञ थे, जो 1977 से 1987 के दौरान दस वर्षों तक तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रहे। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

प्रधानमंत्री कांचीपुरम में आयुष्मान भारत के लाभार्थियों के साथ भी बातचीत करेंगे।

 

***
 

आर.के.मीणा/एएम/आरके/वाईबी- 360  

 


(रिलीज़ आईडी: 1567529) आगंतुक पटल : 290
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Assamese , Kannada , English , Urdu , Marathi , Bengali , Gujarati , Tamil