संस्कृति मंत्रालय
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संयुक्त राज्य अमेरिका और नीदरलैंड से वापस लाई गईं तीन प्राचीन कालीन वस्तुओं को तमिलनाडु पुलिस को सौंपा गया
प्रविष्टि तिथि:
26 NOV 2026 7:14PM by PIB Delhi
भारत की सांस्कृतिक विरासत को वापस लाने और उसकी बहाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने आज नई दिल्ली स्थित ‘धरोहर भवन’ में वापस लाई गई तीन प्राचीन कालीन वस्तुओं को तमिलनाडु पुलिस की 'आइडल विंग सीआईडी' को सौंप दिया।
इन प्राचीन कालीन वस्तुओं में संयुक्त राज्य अमेरिका के स्मिथसोनियन संग्रहालय से दो कांस्य मूर्तियां और नीदरलैंड के हेग से एक कांस्य मूर्ति शामिल हैं। इन्हें भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संबंधित पुलिस अधिकारियों को औपचारिक रूप से सौंप दिया गया।
इन प्राचीन कालीन वस्तुओं में शामिल हैं:
1. संत सुंदरार और परवई नचियार: विजयनगर काल की 16वीं सदी की एक कांस्य प्रतिमा की तस्वीर 1956 में तमिलनाडु के कल्लाकुरिची तालुक स्थित वीराचोलापुरम के शिव मंदिर, श्री नारिश्वरा में ली गई थी। इसे अमेरिका के स्मिथसोनियन संग्रहालय से वापस लाया गया था।

2. संत कन्नप्पा नयनार: तमिलनाडु के नागापट्टिनम जिले के थिरुपुगलूर के अरुल्मिगु अग्निश्वरसामी मंदिर की चोल-कालीन कांस्य मूर्ति में शैव संत को त्रिभंग खड़े मुद्रा में दर्शाया गया है और उनका दाहिना हाथ उनकी आंख की ओर उठा हुआ है। इसे नीदरलैंड के हेग से वापस लाया गया था।

3. सोमस्कंद (शिव और उमा): 12वीं सदी के चोल-कालीन कांस्य की इस मूर्ति की तस्वीर 1959 में तमिलनाडु के तंजावुर जिले के मन्नारगुडी तालुक स्थित अलात्तूर के श्री विश्वनाथ शिव मंदिर में ली गई थी। इसे संयुक्त राज्य अमेरिका के स्मिथसोनियन संग्रहालय से वापस लाया गया था।

प्राचीन कालीन वस्तुओं को औपचारिक रूप से सौंपने का कार्य भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के महानिदेशक श्री यदुबीर सिंह रावत द्वारा एएसआई के अन्य प्रतिनिधियों के साथ किया गया।
इन प्राचीन कालीन वस्तुओं की वापसी, भारत की अपनी सांस्कृतिक धरोहर को उसके सही स्थान पर वापस लाने के निरंतर प्रयासों की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। एएसआई विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर भारत की खोई हुई विरासत की पहचान करने, उसे वापस पाने और स्वदेश लाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
***
पीके/केसी/आरटी/आर/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2342235)
आगंतुक पटल : 92