सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सकल घरेलू उत्पाद (जी डी पी), उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सी पी आई) और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आई आई पी) की नई श्रृंखला पर डेटा उपयोगकर्ता सम्मेलन 23 नवंबर 2026 को मुंबई में आयोजित किया गया

प्रविष्टि तिथि: 23 NOV 2026 5:32PM by PIB Delhi

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने भारतीय रिज़र्व बैंक को ज्ञान भागीदार बनाते हुए 23 नवंबर 2026 को मुंबई में सकल घरेलू उत्पाद (जी डी पी), उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सी पी आई) और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आई आई पी) की नई श्रृंखला पर डेटा उपयोगकर्ता सम्मेलन”आयोजित किया। वर्ष 2026 में जीडीपी, सीपीआई और आईआईपी की संशोधित श्रृंखलाओं को अलग-अलग समय पर जारी किए जाने के बाद इस सम्मेलन का आयोजन डेटा उपयोगकर्ताओं को इन नई श्रृंखलाओं में किए गए  बदलाव की जानकारी देने के लिए किया गया। इसका उद्देश्य इन बदलावों और उनसे प्राप्त होने वाले अनुमानों पर उनके प्रभाव को बेहतर ढंग से समझने में सहायता करना भी था।

इस सम्मेलन में भारतीय रिज़र्व बैंक, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी), अर्थशास्त्रियों, पूर्वानुमान विशेषज्ञों, क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों, वित्तीय संस्थानों और बैंकिंग क्षेत्र के विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, अनुसंधान संस्थानों, उद्योग एवं निवेशक संगठनों, आधिकारिक सांख्यिकी के उपयोगकर्ताओं तथा केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में डॉ. दलीप सिंह, महानिदेशक (केंद्रीय सांख्यिकी), सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, ने स्वागत भाषण दिया। डॉ. सौरभ गर्ग, सचिव, सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने सम्मेलन की पृष्ठभूमि प्रस्तुत की। डॉ. पूनम गुप्ता, उप-गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक ने उद्घाटन संबोधन दिया, जबकि श्री दीपक पारेख, एचडीएफसी के पूर्व अध्यक्ष ने मुख्य वक्तव्य दिया। श्री सिद्धार्थ कुंडू, अपर महानिदेशक, राष्ट्रीय लेखा प्रभाग, सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रतिभागियों को इन संशोधित सूचकांकों से संबंधित संक्षिप्त अवधारणा-नोट्स वाली पुस्तिका भी उपलब्ध कराई गई।

डॉ. दलीप सिंह ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि समष्टि आर्थिक सांख्यिकी आर्थिक विश्लेषण, नीतिगत निर्णय और सूचित निर्णय लेने का आधार है। जी डी पी, सी पी आई और आई आई पी मिलकर आर्थिक गतिविधियों और विकास का व्यापक आकलन उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे अर्थव्यवस्था की संरचना, उत्पादन प्रक्रियाएं, उपभोग के तौर-तरीके और प्रौद्योगिकी बदलते हैं, वैसे-वैसे सांख्यिकीय प्रणाली को भी बदलती आर्थिक वास्तविकताओं के अनुरूप लगातार विकसित होना चाहिए। उन्होंने बताया कि सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने वर्ष 2026 में इन तीनों प्रमुख संकेतकों के आधार वर्ष में संशोधन का कार्य पूरा कर नई श्रृंखलाएं जारी की हैं। इनमें प्रशासनिक और सर्वेक्षण आधारित आंकड़ों का अधिक उपयोग, व्यापक पंहुच तथा महत्वपूर्ण पद्धतिगत सुधार शामिल हैं। उन्होंने विशेषज्ञ समितियों, केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों, भारतीय रिज़र्व बैंक और अन्य संस्थानों के योगदान को भी रेखांकित किया।

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के सचिव डॉ. सौरभ गर्ग ने बताया कि लगभग एक वर्ष बाद मुंबई में यह सम्मेलन ऐसे समय आयोजित किया गया है जब आधार वर्ष संशोधन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। नई श्रृंखला के तहत पहली तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद अनुमान जारी किए जा चुके हैं और दूसरी तिमाही के अनुमान शीघ्र जारी किए जाने हैं। उन्होंने कहा कि लगभग दो वर्ष तक चले इस अभ्यास को विशेषज्ञ समितियों, विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों, राज्य सरकारों, RBI तथा अन्य नियामक एजेंसियों के सहयोग से पूरा किया गया।

आगे की प्राथमिकताओं में निम्नलिखित प्रमुख कार्य शामिल हैं सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जी एस डी पी) का आधार वर्ष 2022-23 पर पुनर्निर्धारण। अधिक सूक्ष्म स्तर पर निर्णय लेने के लिए जिला घरेलू उत्पाद के अनुमान विकसित करना। राष्ट्रीय लेखा प्रणाली (एस एन ए) 2025 के क्रियान्वयन की तैयारी। कल्याण और वितरण संबंधी खातों, परिसंपत्ति के रूप में डेटा तथा प्राकृतिक संसाधनों के मूल्यांकन पर ध्यान। अंतरिक्ष, संस्कृति, डिजिटल और शहर आधारित अर्थव्यवस्थाओं के लिए सैटेलाइट अकाउंट विकसित करना। सेवा उत्पादन सूचकांक को स्थिर और मजबूत करना। राष्ट्रीय औद्योगिक और उत्पाद वर्गीकरणों को अद्यतन करना। इन प्रयासों का उद्देश्य विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में समयबद्ध, प्रासंगिक और साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण को समर्थन देना है।

भारतीय रिज़र्व बैंक की उप-गवर्नर डॉ. पूनम गुप्ता ने तीनों श्रृंखलाओं के आधार वर्ष संशोधन को समय पर पूरा करने के लिए सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आधार वर्ष संशोधन केवल एक नियमित तकनीकी बदलाव नहीं है, बल्कि यह अर्थव्यवस्था की संरचना, उपभोग व्यवहार और विकास के स्रोतों में आए महत्वपूर्ण बदलावों को दर्ज करता है।

उन्होंने नई श्रृंखलाओं की प्रमुख विशेषताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लेखा में डबल डिफ्लेशन तथा व्यापक प्रशासनिक आंकड़ों का उपयोग, सप्लाई-यूज़ टेबल के माध्यम से मांग और आपूर्ति पक्ष के GDP अनुमानों का बेहतर समन्वय, सी पी आई में अद्यतन भार प्रणाली तथा मुख्य मुद्रास्फीति का अधिक सटीक मापन और IIP में प्रौद्योगिकी एवं उपभोग-आधारित क्षेत्रों को अधिक महत्व दिया गया है।

उन्होंने कहा कि मौद्रिक नीति के लिए इन सुधारों से अलग-अलग समय पर जारी होने वाले अनुमानों में अधिक स्थिरता और अपेक्षाकृत कम संशोधन की उम्मीद है। उन्होंने आंकड़ों में संशोधन की प्रक्रिया को स्पष्ट और पूर्वानुमेय बनाए रखने तथा सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के साथ निरंतर संवाद की आवश्यकता पर बल दिया।

एचडीएफसी के पूर्व अध्यक्ष श्री दीपक पारेख ने अपने पांच दशक से अधिक के अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि समष्टि आर्थिक आंकड़े बाजारों को प्रभावित करते हैं, निवेशकों की धारणा को आकार देते हैं और बैंकों, कंपनियों तथा नीति निर्माताओं के निर्णयों को दिशा देते हैं।

उन्होंने कहा कि जिस चीज को मापा जाता है, उसे प्रबंधित किया जाता है और जिसकी निगरानी की जाती है, उसमें सुधार किया जा सकता है।

उन्होंने जोर दिया कि आंकड़े वास्तविक स्थिति को प्रतिबिंबित करने चाहिए तथा सार्वजनिक हित में आंकड़े उपलब्ध कराने वाली सांख्यिकीय संस्थाओं की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता सर्वोपरि रहनी चाहिए।

उन्होंने वर्ष 2026 को भारत की सांख्यिकीय व्यवस्था के आधुनिकीकरण का वर्ष बताते हुए कहा कि नई श्रृंखलाओं में राष्ट्रीय लेखा से संबंधित पहले उठाई गई चिंताओं का समाधान किया गया है। उन्होंने उच्च आवृत्ति वाले संकेतकों, रात्रिकालीन रोशनी के आंकड़ों और ऑनलाइन सर्च ट्रेंड जैसे नए डेटा स्रोतों के बढ़ते उपयोग का स्वागत किया। हालांकि उन्होंने आगाह किया कि प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए आई) के उपयोग के साथ उचित सुरक्षा उपाय आवश्यक हैं और तकनीक मानव निर्णय का स्थान नहीं ले सकती।

उन्होंने आवास क्षेत्र के आधिकारिक आंकड़ों की आवश्यकता पर भी जोर दिया, क्योंकि इस क्षेत्र का अनेक संबद्ध उद्योगों के साथ मजबूत अग्रगामी और पश्चगामी संबंध है।

उद्घाटन सत्र के बाद जीडीपी , सीपीआई  और आईआईपी की नई श्रृंखलाओं पर तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इनमें सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालयऔर भारतीय रिज़र्व बैंक के अधिकारियों ने पद्धतिगत बदलावों, डेटा स्रोतों और प्रमुख सुधारों की जानकारी दी।

पहले तकनीकी सत्र में 2022-23 आधार वर्ष वाली जीडीपी की नई श्रृंखला पर चर्चा की गई। सत्र का संचालन आईजीआईडीपीआर  के निदेशक एवं कुलपति प्रो. बसंत कुमार प्रधान ने किया।

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के राष्ट्रीय लेखा प्रभाग के उप-महानिदेशक श्री राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि नई श्रृंखला में अर्थव्यवस्था की संरचना, सापेक्ष कीमतों और उपभोग के तौर-तरीकों में आए बदलावों के साथ-साथ नए डेटा स्रोतों और अद्यतन अंतरराष्ट्रीय मानकों को शामिल किया गया है। मुख्य बदलावों में शामिल हैं— एएसयूएसई  और पीएलएफएस  आंकड़ों के माध्यम से असंगठित क्षेत्र का अधिक मजबूत और प्रत्यक्ष वार्षिक आकलन। एमसीए-21 फाइलिंग के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों में कॉरपोरेट सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) का आवंटन। एफसीआई  के माध्यम से दी जाने वाली खाद्य सब्सिडी, सरकारी पेंशन योगदान और सरकारी आवास के अनुमानित किराये के उपचार में संशोधन। कृषि के साथ-साथ विनिर्माण जीवीए के स्थिर कीमतों पर अनुमान के लिए डबल डिफ्लेशन की शुरुआत। निजी अंतिम उपभोग व्यय (पी एफ सी ई) के अनुमान में सुधार। राष्ट्रीय लेखा के साथ एकीकृत विस्तारित सप्लाई-यूज़ टेबल।

तिमाही राष्ट्रीय लेखा के संकलन में भी बदलाव किए गए हैं, जिनमें प्रोपोर्शनल बेंचमार्किंग, अद्यतन मूल्य सूचकांक तथा जएसटी,  ई- वीएएचएएन  और पीएफएमएस  से प्राप्त प्रशासनिक आंकड़ों का अधिक उपयोग शामिल है।

प्रतिभागियों को बताया गया कि विस्तृत राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी प्रकाशन 31 अगस्त 2026 को तथा ‘राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी के संकलन के लिए स्रोत एवं पद्धतियां’ दस्तावेज 21 सितंबर 2026 को जारी किया गया।

भारतीय रिज़र्व बैंक के सहायक सलाहकार डॉ. अनिर्बान सान्याल ने लगभग 120 उच्च आवृत्ति संकेतकों के आधार पर चालू तिमाही के वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद और गैर-कृषि जीवीए  वृद्धि के भारतीय रिज़र्व बैंक के मॉडल-आधारित अब-कास्टिंग के बारे में जानकारी दी। इसमें डायनेमिक फैक्टर मॉडल, मशीन लर्निंग मॉडल और रिज रिग्रेशन जैसी पद्धतियों का उपयोग किया गया। उन्होंने बताया कि डायनेमिक फैक्टर मॉडल का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा।

दूसरे तकनीकी सत्र में 2024=100 आधार वर्ष वाली सीपीआई की नई श्रृंखला पर चर्चा की गई। इस सत्र का संचालन केयर ऐज संस्था की मुख्य अर्थशास्त्री सुश्री राजानी सिन्हा ने किया।

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के मूल्य सांख्यिकी प्रभाग ने बताया कि संशोधित सीपीआई श्रृंखला भारत की मूल्य सांख्यिकी के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य समकालीन घरेलू उपभोग पैटर्न और बदलती बाजार संरचनाओं के अनुरूप खुदरा मुद्रास्फीति के मापन को बेहतर बनाना है।

नई सीपीआई श्रृंखला में घरेलू उपभोग व्यय सर्वेक्षण 2023-24 से व्यय भार प्राप्त किए गए हैं। उपभोग की नई टोकरी को शामिल किया गया है। भार प्रणाली को संशोधित किया गया है। भौगोलिक और बाजार कवरेज का विस्तार किया गया है। सीओआईसीओपी  2018 वर्गीकरण अपनाया गया है। कीमतों के संग्रह और सूचकांक तैयार करने की पद्धति में सुधार किया गया है। प्रशासनिक डेटा और ई-कॉमर्स डेटा का व्यापक उपयोग किया गया है। भारतीय रिज़र्व बैंक ने इन बदलावों के मुद्रास्फीति मापन और मौद्रिक नीति पर पड़ने वाले प्रभावों पर भी प्रस्तुति दी।

तीसरे तकनीकी सत्र में 2022-23 आधार वर्ष वाली औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आई आई पी) की नई श्रृंखला पर चर्चा की गई। सत्र का संचालन भारतीय रिज़र्व बैंक के कार्यकारी निदेशक श्री रवि शंकर ने किया।

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, के आर्थिक सांख्यिकी प्रभाग की उप-महानिदेशक सुश्री अंकिता सिंह ने 2011-12 से आधार वर्ष बदलकर 2022-23 करने तथा नई श्रृंखला में किए गए प्रमुख पद्धतिगत और कवरेज संबंधी सुधारों की जानकारी दी। नई आईआईपी श्रृंखला में कवरेज का विस्तार करते हुए दो नए क्षेत्र—जल आपूर्ति, सीवरेज और अपशिष्ट प्रबंधन गैस आपूर्ति शामिल किए गए हैं। खनन एवं उत्खनन क्षेत्र के लिए अब तीन उप-सूचकांक धात्विक खनिज, अधात्विक खनिज ईंधन खनिज उपलब्ध होंगे।

इसी प्रकार विद्युत सूचकांक को भी दो उप-सूचकांकों में प्रस्तुत किया जाएगा, जिनमें नवीकरणीय और गैर-नवीकरणीय स्रोतों से विद्युत उत्पादन को अलग-अलग दर्शाया जाएगा।

क्षेत्रीय और उप-क्षेत्रीय भारों को आधार वर्ष 2022-23 के लिए राष्ट्रीय लेखा सांख्यिकी और वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण से प्राप्त संबंधित आंकड़ों के आधार पर संशोधित किया गया है।

नई श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण विशेषता बंद हो चुके कारखानों, उत्पादन बंद करने वाली इकाइयों अथवा अपने उत्पादों की लाइन बदलने वाली इकाइयों के स्थान पर नई इकाइयों को शामिल करने की व्यवस्था है। इससे पूरी श्रृंखला के दौरान नमूना अधिक प्रतिनिधि बना रहेगा।

अंतरराष्ट्रीय सिफारिशों के अनुरूप अपस्फीति के लिए आउटपुट उत्पादक मूल्य सूचकांक का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा चेन-लिंक्ड IIP तैयार करने की व्यवहार्यता और विश्वसनीयता का परीक्षण भी प्रायोगिक आधार पर किया जाएगा।

भारतीय रिज़र्व बैंक ने औद्योगिक और कॉरपोरेट क्षेत्र के विश्लेषण तथा डेटा के प्रसार पर भी प्रस्तुति दी। इसमें सूचीबद्ध कंपनियों के वित्तीय परिणामों, ऑडिटेड वार्षिक खातों और तिमाही सर्वेक्षणों से प्राप्त कॉरपोरेट क्षेत्र के आंकड़ों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

ये आंकड़े मौद्रिक नीति निर्माण, जीडीपी आंकड़े जारी होने से पहले मांग की स्थितियों के आकलन, निजी क्षेत्र के निवेश और वित्तीय स्थिरता को समझने में उपयोगी हैं।

भारतीय रिज़र्व बैंक ने अपने भारतीय अर्थव्यवस्था डेटाबेस (डी बी आई ई ) और आरबीआईडाटा  मोबाइल एप्लिकेशन को भी प्रदर्शित किया तथा आर्थिक आंकड़ों की समयबद्धता, पहुंच और मानकीकरण को बेहतर बनाने के लिए जारी पहलों की जानकारी दी।

प्रत्येक तकनीकी सत्र के बाद खुले सत्र में प्रतिभागियों ने नए डेटा स्रोतों, पद्धतियों तथा उनके नीति और पूर्वानुमान संबंधी प्रभावों पर सुझाव और प्रश्न रखे। सांख्यिकी  और RBI के अधिकारियों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर दिया।

समापन सत्र में समापन वक्तव्य दिया गया और राष्ट्रीय लेखा प्रभाग के उप-महानिदेशक ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

यह सम्मेलन आधिकारिक आंकड़ों के संकलनकर्ताओं और उपयोगकर्ताओं को नई पद्धतियों, उनके अर्थ और प्रभावों पर सीधे संवाद का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। इसने “विकास के लिए डेटा” तथा विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण के अनुरूप आधिकारिक सांख्यिकी की बेहतर समझ और प्रभावी उपयोग के प्रति सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दोहराया।

 

*****

पीके/केसी/आरटी/एनकेएस /डीए


(रिलीज़ आईडी: 2340562) आगंतुक पटल : 18
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Tamil