सूचना और प्रसारण मंत्रालय
57वें इफ्फी में ब्रिक्स फिल्म फेस्टिवल राउंडटेबल ने सह-निर्माण, वितरण और प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान के अवसरों पर चर्चा की
भाग लेने वाले देशों के प्रतिनिधियों ने सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने और आपसी समझ को बढ़ावा देने में सिनेमा की भूमिका पर प्रकाश डाला
सिनेमा की भाषाएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन इसकी भावनाएं सीमाओं के पार पहुंच जाती हैं। इसी साझा भाषा पर ध्यान केंद्रित करते हुए, 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में आयोजित ब्रिक्स फिल्म फेस्टिवल राउंडटेबल में सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की गई। इस चर्चा में सह-निर्माण, फिल्म वितरण, तकनीक के आदान-प्रदान और सांस्कृतिक साझेदारी जैसे मुख्य विषयों पर बात हुई।
इस राउंडटेबल में रूस, नाइजीरिया, इंडोनेशिया और ईरान के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सूचना और प्रसारण मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) और एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा (ईएसजी) के अधिकारी शामिल हुए।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव श्री प्रभात ने साझा हितों और दीर्घकालिक साझेदारियों के माध्यम से ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सिनेमा लोगों को एक साथ लाता है और विभिन्न समाजों की समझ देता है। फिल्मों के जरिए पेश की जाने वाली अलग-अलग शैलियां और विषय दर्शकों को नए दृष्टिकोण खोजने में मदद करते हैं।
उन्होंने मुंबई में भारत द्वारा आयोजित ब्रिक्स वेव्स बाजार का भी जिक्र किया, जहां अंतरराष्ट्रीय सह-निर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एनीमेशन, गेमिंग और महिलाओं के नेतृत्व जैसे विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने साथ मिलकर काम करने में बढ़ती रुचि को रेखांकित करते हुए, भाग लेने वाले देशों के बीच प्रोडक्शन पार्टनर खोजने के अवसरों का भी ज़िक्र किया। उन्होंने सह-निर्माण की पहल को और मजबूत करने तथा डिजिटल टेलीविजन और ओटीटी प्लेटफॉर्म के जरिए कंटेंट के आदान-प्रदान को बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इस गति को बनाए रखें, ताकि दीर्घकालिक साझेदारियां कायम हो सकें।

विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री शंभू एल. हक्की ने कहा कि इस आयोजन ने सांस्कृतिक जुड़ाव के माध्यम से ब्रिक्स साझेदारी को देखने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सिनेमा न केवल किसी राष्ट्र का प्रतिबिंब है, बल्कि एक-दूसरे को समझने का एक माध्यम भी है। इफ्फी की थीम स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स यानी सीमाओं के पार कहानियां का जिक्र करते हुए, उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों की फिल्में सदस्य देशों की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों की झलक दिखाती हैं, जिससे संस्थागत सहयोग के दायरे से परे आपसी समझ को बढ़ावा मिलता है।
एनएफडीसी के अध्यक्ष श्री जी. कृष्णकुमार ने मुंबई में आयोजित ब्रिक्स वेव्स बाजार का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक ऐसी पहल थी, जिसने ब्रिक्स देशों के फिल्म निर्माताओं और उद्योग से जुड़े लोगों को एक साथ लाने की नींव रखी। उन्होंने इन संबंधों को मजबूत करने और मिलकर कहानियां सुनाने के अवसर पैदा करने में फिल्म सह-निर्माण की संभावनाओं पर जोर दिया।

एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा के सीईओ श्री दीपक बांडेकर ने गोवा को सिनेमा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के मिलन स्थल के रूप में वर्णित किया। उन्होंने कहा कि भले ही फिल्में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचती हैं, लेकिन उनमें व्यक्त की गई भावनाएं सार्वभौमिक होती हैं। यही वजह है कि सिनेमा दर्शकों के लिए अन्य देशों की संस्कृतियों और अनुभवों को समझने का एक सशक्त माध्यम बन जाता है।
भाग लेने वाले देशों के प्रतिनिधियों ने सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की। भारत में नाइजीरिया के उच्चायुक्त महामहिम सैदु दाहिरु मुहम्मद ने अपने देश के जीवंत फिल्म उद्योग के बारे में बात की और महोत्सव में नाइजीरियाई सिनेमा को शामिल किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने सह-निर्माण और वितरण को सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्रों के रूप में रेखांकित किया। इसके साथ ही, उन्होंने प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और क्षमता निर्माण का भी उल्लेख किया, जिससे युवा पीढ़ियों के लिए आर्थिक अवसर पैदा हो सकते हैं।
मुंबई में रूसी संघ के वाणिज्य दूतावास के कार्यवाहक महावाणिज्य दूत श्री अलेक्सांद्र फुरसोव ने इस बात पर जोर दिया कि सिनेमा सीमाओं के पार जाने की क्षमता रखता है। उन्होंने भारत और रूस के बीच फिल्म महोत्सवों के आदान-प्रदान को सांस्कृतिक संबंधों को और गहरा करने के एक अवसर के रूप में बताया।

भारत में इंडोनेशिया गणराज्य के दूतावास की प्रथम सचिव सुश्री एर्नी वाह्युनी ने भारत और इंडोनेशिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक संबंधों के बारे में बात की, जो रामायण और महाभारत से जुड़ी साझा परंपराओं में दिखाई देते हैं। उन्होंने फिल्म निर्माताओं और प्रोड्यूसर्स के लिए एक परिचय यात्रा का प्रस्ताव रखा, ताकि वे सह-निर्माण के अवसरों को तलाश सकें। साथ ही, उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के जरिए फिल्मों के व्यापक वितरण पर भी जोर दिया। उन्होंने एनीमेशन और गेमिंग को भी ऐसे क्षेत्रों के रूप में पहचाना, जहां सहयोग की काफी संभावनाएं हैं और भविष्य के कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रतिनिधियों, प्रोड्यूसर्स और एनीमेशन पेशेवरों को शामिल करने में रुचि दिखाई।
भारत में इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन डॉ. मुस्तफा गोहारीफर ने कहा कि गोवा की सांस्कृतिक विविधता, विभिन्न समाजों को समझने के लिए बातचीत करने के लिए एक उपयुक्त जगह है। उन्होंने कहा कि सिनेमा अलग-अलग देशों और वहां के लोगों को समझने का एक खास नजरिया देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजन से फिल्म उद्योगों और समुदायों के बीच आपसी सहयोग और बढ़ेगा।
अपने समापन भाषण में श्री जी. कृष्णकुमार ने इस बात को दोहराया कि सिनेमा देशों और संस्कृतियों को एक साथ लाने का एक बेहतरीन मंच है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि सामूहिक प्रयासों से सिनेमा के जरिए कई महत्वपूर्ण संभावनाएं पैदा की जा सकती हैं।
इस राउंडटेबल चर्चा का समापन एक छोटी वीडियो स्क्रीनिंग के साथ हुआ। इस वीडियो में ब्रिक्स देशों की उन फिल्मों की झलक दिखाई गई, जिन्हें ब्रिक्स फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया जा रहा है। ये फिल्में इन देशों की विविध सिनेमाई परंपराओं का जश्न मनाती हैं।
IFFILOID यहां पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
***
पीके/केसी/आरटी/एनएस
(रिलीज़ आईडी: 2340129)
आगंतुक पटल : 21