रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एयरो इंडिया 2027 के लिए मीडिया पंजीकरण शुरू

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 3:10PM by PIB Delhi

एयरो इंडिया 2027 के लिए मीडिया कर्मियों का पंजीकरण आरंभ हो गया है। एशिया के सबसे बड़े एयर शो और विश्व की प्रमुख एयरोस्पेस एवं रक्षा प्रदर्शनियों में से एक इस आयोजन का 16वां संस्करण 8 से 12 फरवरी, 2027 तक कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित वायु सेना स्टेशन, येलहंका में किया जाएगा। इस आयोजन की कवरेज करने के इच्छुक मीडियाकर्मी https://aeroindia.gov.in/ पर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 4 जनवरी, 2027 है।

पंजीकरण के लिए आवेदकों के पास निम्नलिखित दस्तावेज होने आवश्यक हैं:

  • मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए पीआईबी या राज्य सरकार का मान्यता कार्ड और गैर-मान्यता प्राप्त मीडियाकर्मियों के लिए वैध मीडिया पहचान पत्र। (फाइल का आकार 1 एमबी से अधिक नहीं होना चाहिए)
  • सभी मीडिया कर्मियों के लिए सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र। (फाइल का आकार 1 एमबी से अधिक नहीं होना चाहिए)
  • हाल ही में खींचा गया स्वयं का फोटोग्राफ। (फाइल का आकार 512 केबी से अधिक नहीं होना चाहिए)
  • विदेशी पत्रकारों के लिए वैध 'जे' वीजा। (फाइल का आकार 1 एमबी से अधिक नहीं होना चाहिए)

रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग द्वारा आयोजित एयरो इंडिया 2027 एक प्रमुख वैश्विक मंच होगा, जहां एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र की अग्रणी कंपनियां, नीति-निर्माता, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, नवोन्मेषक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और रक्षा कर्मी एक साथ जुटेंगे। पांच दिवसीय इस आयोजन में एक व्यापक प्रदर्शनी के साथ-साथ कई कारोबारी और रणनीतिक संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से उद्योग जगत के बीच सहयोग, सरकार और उद्योग के बीच संवाद, प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन तथा ज्ञान का आदान-प्रदान सुगम होगा। इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण भारतीय वायु सेना और इसमें भाग लेने वाली अंतरराष्ट्रीय फ्लाइंग टीमों द्वारा किए जाने वाले शानदार हवाई प्रदर्शन होंगे, जिनमें अत्याधुनिक विमानन प्रौद्योगिकियों और क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

एयरो इंडिया के 16वें संस्करण से आत्मनिर्भर भारत के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूती मिलने तथा वैश्विक एयरोस्पेस एवं रक्षा आपूर्ति श्रृंखला में एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में भारत की स्थिति और सुदृढ़ होने की उम्मीद है। यह आयोजन भारतीय रक्षा उद्योगों, जिनमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और स्टार्टअप भी शामिल हैं, को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने, नए कारोबारी अवसर तलाशने और साझेदारियां स्थापित करने के लिए एक प्रमुख मंच प्रदान करेगा। इसके साथ ही निवेश, निर्यात और प्रौद्योगिकी सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

****

पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एनजे

 


(रिलीज़ आईडी: 2338459) आगंतुक पटल : 39
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Nepali , Gujarati , Kannada