सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में चार फिल्मों के विशेष प्रदर्शन के माध्यम से भागीदार देश रूस के साथ सिनेमाई संबंधों का उत्सव मनाया जाएगा

"सीमाओं के पार की कहानियां (स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स)" थीम के तहत, 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में रूस को विशेष 'भागीदारी देश' के रूप में शामिल किया गया है। गोवा में 20 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाला यह महोत्सव, भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करता है। इसके लिए चार फिल्मों का एक विशेष पैकेज तैयार किया गया है, जो समकालीन रूसी सिनेमा की कलात्मक सोच को सोवियत दौर के संगीतमय क्लासिक के साथ जोड़ता है।

व्यंग्यात्मक ओपेरेटा की एक उत्कृष्ट कृति के साथ-साथ नवोदित निर्देशन प्रतिभाओं को एक मंच पर लाते हुए, 'भागीदार देश रूस' सेक्शन रूसी सिनेमा की भावनात्मक व्यापकता, शैलीगत साहस और विषयगत गहराई को दर्शाता है। पारिवारिक रिश्तों के टूटने, सामाजिक अलगाव और स्वयं में सुधार की आंतरिक कहानियों से लेकर शोस्ताकोविच के संगीत से सजे शहरी आकांक्षाओं पर आधारित व्यंग्य तक—यह प्रस्तुति महोत्सव के प्रतिनिधियों और सिनेमा प्रेमियों को मानवीय स्थितियों की एक गहन यात्रा पर ले जाएगी।

अनास्तासिया कुज़िना की फिल्म 'बो बो' (98 मिनट) का 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रीमियर होने जा रहा है। यह पहचान, स्वीकार्यता और पूर्वाग्रहों पर आधारित एक मार्मिक ग्रामीण कहानी है। फिल्म नादिया नाम की एक युवा लड़की की कहानी के जरिये आगे बढ़ती है, जिसे चेहरे पर 'हेमांगियोमा' के कारण उपहास का सामना करना पड़ता है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे वह संगीत के माध्यम से खुद को अभिव्यक्त करने का रास्ता खोजती है। यह हमें याद दिलाती है कि असली बदलाव बाहरी रूप-रंग बदलने में नहीं, बल्कि समाज में मौजूद पूर्वाग्रहों से पार पाने में है।

सिडनी लुमेट्स बर्थडे

राउल गेइदारोव की फिल्म 'सिडनी लुमेट्स बर्थडे' (92 मिनट), जिसे वाइबोर्ग नेशनल फिल्म फेस्टिवल में ग्रैंड जूरी पुरस्कार मिला था, उसका 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रीमियर होने जा रहा है। यह दिल को छूने वाली कहानी 17 साल के दातो की है, जो परिवारिक तनाव, अपनों के बिछड़ने और माफी की उलझनों से जूझते हुए पुराने दर्द को सहने की हिम्मत जुटाता है।

न्यू होम

निकिता ग्रुशिन की फिल्म न्यू होम (101 मिनट), जिसका वर्ल्ड प्रीमियर भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 में होने जा रहा है, एक मार्मिक ड्रामा है जो 'दूसरा मौका' और 'प्रायश्चित' के विषयों पर आधारित है। सात साल जेल में बिताने के बाद, एना सोशल सर्विस और रोमन की मदद से अपनी जिंदगी को फिर से संवारने की कोशिश करती है। दमदार अभिनय से सजी यह फिल्म समाज में फिर से घुलने-मिलने की चुनौतियों, खुद को संभालने और एक नई शुरुआत के लिए अपने अतीत का सामना करने की कहानी दिखाती है।

चेर्योमुश्की

युद्ध के बाद के मॉस्को की पृष्ठभूमि पर बनी हरबर्ट रैपापोर्ट की 'चेर्योमुश्की' (91 मिनट) एक शानदार संगीतमय व्यंग्य है, जिसका प्रीमियर भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में होने जा रहा है। बेहतर घरों का सपना देखने वाले चार युवा जोड़ों की कहानी पर आधारित यह फिल्म, बेहतरीन संगीत, जीवंत नृत्य और हास्य के माध्यम से नौकरशाही के भ्रष्टाचार को दर्शाती है, साथ ही सामुदायिक भावना और एकजुटता का उत्सव भी मनाती है।

विशेष रूप से तैयार इस पैकेज के माध्यम से, इफ्फी 2026 भारत और रूस के बीच दीर्घकालिक सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करता है, तथा दर्शकों को रूसी सिनेमा की विविधता और बदलते स्वरूपों से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। अलग-अलग शैलियों और फिल्म-निर्माण की विभिन्न पीढ़ियों से जुड़ी ये चार फ़िल्में, इस बात का प्रमाण हैं कि सिनेमा भौगोलिक दूरियों को मिटाकर साझे मानवीय अनुभवों के माध्यम से आपसी समझ को बढ़ावा दे सकता है।

20 से 28 नवंबर 2026 तक गोवा में आयोजित होने वाला 57वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी), “स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स” थीम के तहत भारत और दुनिया भर के फिल्मकारों, फिल्म जगत के पेशेवरों और सिनेमा प्रेमियों को एक मंच पर लाएगा। भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों की एक विविध श्रृंखला, स्पेशल कंट्री शोकेस, प्रीमियर, प्रतियोगिताओं और फिल्म-जगत से जुड़े कार्यक्रमों के साथ, इफ्फी 2026 सिनेमाई उत्कृष्टता का उत्सव मनाने और सिनेमा के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाएगा।

* * *

पीके/केसी/आरटी/एसके/एसएस  

 


(रिलीज़ आईडी: 2336676) आगंतुक पटल : 45
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Marathi , English , Gujarati , Urdu