प्रधानमंत्री कार्यालय
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया, आधारशिला रखी और उनकी शुरुआत की
किसी भी राष्ट्र की विकास यात्रा में बुनियादी ढांचे की महत्वपूर्ण भूमिका होती है; बेहतर कनेक्टिविटी तरक्की, रोजगार और उद्योग नई संभावनाएं बनाते हैं: प्रधानमंत्री
विकास के अवसर जब समाज के हर वर्ग तक पहुंचते हैं, तो गरीबी के खिलाफ लड़ाई और मजबूत होती है; इसी का प्रत्यक्ष परिणाम है कि हाल के वर्षों में लगभग 50 करोड़ नागरिक अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं: प्रधानमंत्री
दिल्ली-एनसीआर और मुंबई महानगर क्षेत्र के बाद बेंगलुरु देश का तीसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां मेट्रो नेटवर्क की सेंचुरी लगी है: प्रधानमंत्री
नम्मा मेट्रो की ये सफलता केवल एक प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं है। ये सुगम जीवन और सुगम यात्रा को लेकर देश की नई सोच का परिणाम है: प्रधानमंत्री
कुछ दिन पहले कर्नाटका को राज्य की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिली थी और आज कर्नाटका को गोवा से जोड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन मिली है: प्रधानमंत्री
आज भारत चिप से लेकर शिप तक, एआई, डेटा सेंटर से लेकर क्वांटम कंप्यूटिंग तक नई टेक्नोलॉजी में नेतृत्व का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है: प्रधानमंत्री
प्रविष्टि तिथि:
13 NOV 2026 4:17PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज कर्नाटक के बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया, उनकी आधारशिला रखी और उनकी शुरूआत की। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कन्नड़ भाषा में लोगों का अभिवादन किया और शहर की अधिष्ठात्री देवी अन्नम्मा ताई तथा नाडप्रभु केम्पेगौड़ा को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं के माध्यम से बेंगलुरु और कर्नाटक की विकास यात्रा को नई गति देने का दिन है। श्री मोदी ने कहा, “मेट्रो और रेल से जुड़ी परियोजनाओं से लेकर ऊर्जा सुरक्षा के कार्यों तक, ये सभी परियोजनाएं कर्नाटक के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेंगी।”
इस बात पर जोर देते हुए कि बुनियादी ढांचा और बेहतर कनेक्टिविटी प्रगति, रोजगार तथा उद्योग के नए अवसर सृजित करते हैं, जो समाज के हर वर्ग तक पहुंचते हैं और गरीबी के खिलाफ लड़ाई को मजबूत बनाते हैं, प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में लगभग 50 करोड़ नागरिकों का अत्यधिक गरीबी से बाहर आना इसी का प्रमाण है। प्रधानमंत्री ने नई शुरू की गई परियोजनाओं के लिए कर्नाटक के लोगों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “ये परियोजनाएं विकसित कर्नाटक के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगी और साथ ही टेक सिटी के रूप में बेंगलुरु की पहचान को और मजबूत करेंगी।”
कुछ ही समय पहले बेंगलुरु मेट्रो की नई पिंक लाइन को समर्पित किए जाने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कॉरिडोर से आईआईएम बेंगलुरु, शहर के अनेक शैक्षणिक संस्थानों तथा प्रमुख व्यावसायिक, प्रौद्योगिकी और वाणिज्यिक केन्द्रों तक कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा। श्री मोदी ने कहा, “बेंगलुरु के लाखों लोगों को न केवल आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि वे अपने पैसे और समय की भी बचत कर सकेंगे।”
प्रधानमंत्री ने क्षेत्र के साथ गहरा जुड़ाव रखने वाले दिवंगत अनंत कुमार की पुण्यतिथि का उल्लेख करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “आज इस मेट्रो लाइन को देखकर उनकी आत्मा को भी निश्चित रूप से प्रसन्नता हुई होगी।”
बेंगलुरु को भारत की सिलिकॉन वैली बताते हुए जो देश के कुल आईटी निर्यात में एक-तिहाई से अधिक योगदान देती है और नवाचार तथा आर्थिक विकास का एक प्रमुख केन्द्र है, प्रधानमंत्री ने कहा कहा कि केन्द्र सरकार ने बेंगलुरु क्षेत्र के तीव्र विकास को प्राथमिकता दी है और नम्मा मेट्रो का विस्तार वर्ष 2014 में मात्र 17 किलोमीटर से बढ़ाकर आज 100 किलोमीटर से अधिक कर दिया है। इसके साथ ही बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर और मुंबई महानगर क्षेत्र के बाद 100 किलोमीटर से अधिक मेट्रो नेटवर्क वाला देश का तीसरा शहर बन गया है। श्री मोदी ने कहा, “नम्मा मेट्रो की यह सफलता सुगम जीवन और सुगम यात्रा के संबंध में देश की नई सोच का परिणाम है। यह मध्यमवर्गीय परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने की देश की प्रतिबद्धता का भी प्रतिफल है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय रेल औपनिवेशिक काल की मानसिकता को पीछे छोड़ते हुए कर्नाटक में चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड सहित 60 से अधिक स्टेशनों पर एक नई विरासत का निर्माण कर रही है, जिसमें वंदे भारत ट्रेनों और अमृत भारत स्टेशनों के जरिये रेलवे स्टेशन, इंजन और कोच भारत की विशिष्ट पहचान को प्रदर्शित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये स्टेशन आधुनिकता के साथ संवेदनशीलता का मिश्रण हैं और इनमें वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “पहले जो सुविधाएं हवाई अड्डों पर ही देखने को मिलती थीं, अब वही सुविधाएं गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 से 12 वर्षों में भारत के रेल बजट में कई गुना वृद्धि हुई है और कर्नाटक के लिए रेल बजट आवंटन में नौ गुना बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि आज राज्य को चार अमृत स्टेशन तथा दो दोहरीकरण और विद्युतीकरण परियोजनाएं मिली हैं। इसके अलावा, राज्य को अपनी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिलने के कुछ ही दिनों बाद आज कर्नाटक को गोवा से जोड़ने वाली एक नई वंदे भारत ट्रेन भी समर्पित की गई है। श्री मोदी ने कहा, “इस ट्रेन के माध्यम से मंगलुरु सहित कर्नाटक के पूरे तटीय मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को सेमी हाई-स्पीड ट्रेन का नया अनुभव मिलेगा।”
इस बात पर जोर देते हुए कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र के आसपास जारी युद्ध ने ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को उजागर किया है, प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में उठाए गए कदमों के कारण भारत इस चुनौतीपूर्ण दौर का मजबूती से सामना कर सका है। इन कदमों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के उत्पादन का विस्तार, कच्चे तेल के भंडारण की क्षमता बढ़ाना, सौर, जलविद्युत और पवन ऊर्जा का विकास, रेलवे का लगभग पूर्ण विद्युतीकरण तथा मेट्रो नेटवर्क का विस्तार शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने कर्नाटक की तीन नई परियोजनाओं का भी उल्लेख किया: मंगलुरु एलपीजी परियोजना, जिससे 80,000 मीट्रिक टन भंडारण क्षमता बढ़ेगी; देवणगोंठी मार्केटिंग टर्मिनल, जिससे पेट्रोल, डीजल और विमानन ईंधन की आपूर्ति सुव्यवस्थित होगी; और बेंगलुरु सीबीजी संयंत्र, जो प्रतिदिन 13 टन बायोगैस का उत्पादन करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इससे कचरा प्रबंधन में सुधार होगा और प्राकृतिक गैस के आयात पर खर्च होने वाली धनराशि की भी बचत होगी।”
इस बात को रेखांकित करते हुए कि चिप से लेकर शिप तक और एआई तथा डेटा सेंटर से लेकर क्वांटम कंप्यूटिंग तक, नई प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व हासिल करने के भारत के प्रयासों के लिए विश्वसनीय बिजली उत्पादन आवश्यक है, प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए देश अपने परमाणु ऊर्जा संयंत्रों का विस्तार कर रहा है। श्री मोदी ने कहा, “आज भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट से अधिक हो गई है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार की योजनाएं भारतीय नागरिकों को बिजली उपभोक्ताओं से बिजली उत्पादक बनने में सक्षम बना रही हैं। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देशभर में 60 लाख से अधिक परिवारों ने, जिनमें कर्नाटक के 40,000 से अधिक परिवार शामिल हैं, केन्द्र सरकार की सहायता से अपनी छतों पर सौर संयंत्र लगाए हैं। प्रत्येक परिवार को लगभग 80,000 रुपये की सहायता दी गई है। वहीं, पीएम-कुसुम योजना के तहत कर्नाटक के किसानों की सिंचाई के लिए 8 लाख से अधिक सौर पंपों की व्यवस्था की जा रही है, जिससे बिजली की लागत कम होगी तथा आय और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “अर्थात, कर्नाटक के अन्नदाता अब ऊर्जादाता भी बन रहे हैं।”
यह देखते हुए कि वर्ष 2014 के बाद ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के तहत उद्देश्यपूर्ण राष्ट्रीय प्रयासों, जनभागीदारी और करदाताओं के धन के उचित उपयोग से मध्यम वर्ग का विस्तार हुआ है और एक नए ‘आकांक्षी वर्ग’ उत्पन्न हुआ है जो घरेलू उपकरण, दोपहिया वाहन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और पर्यटन के अनुभव चाहता है, प्रधानमंत्री ने कहा कि ये बढ़ती आकांक्षाएं ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, पर्यटन और सेवा क्षेत्रों में नए उद्योगों तथा रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार, “नव-मध्यम वर्ग भारत की आर्थिक वृद्धि का एक प्रमुख वाहक बन रहा है जो कर्नाटक और बेंगलुरु में भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस नव-मध्यम वर्ग के हित केन्द्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार मध्यम वर्ग की बचत बढ़ाने और उनके हाथों में अधिक खर्च योग्य आय उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने इस दिशा में किए गए उपायों का उल्लेख करते हुए कहा कि 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को आयकर से छूट दी गई है, वरिष्ठ नागरिकों और किराये से आय प्राप्त करने वालों को लाभ पहुंचाने के लिए टीडीएस के नियमों में संशोधन किया गया है तथा अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों के माध्यम से रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतें कम की गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “व्यक्तिगत स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर जीएसटी समाप्त करके हमने बीमा को अधिक किफायती बनाया है।”
अपने संबोधन के समापन पर प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक में आज शुरू की गई परियोजनाएं देश की विकास यात्रा को और गति प्रदान करेंगी। उन्होंने राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए मध्यमवर्गीय परिवारों को सशक्त बनाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। श्री मोदी ने कहा, “हमारा प्रयास है कि मध्यम वर्ग की बचत बढ़े, उनकी क्रय शक्ति मजबूत हो और वे अपने परिवार के सपनों को पूरा करने के साथ-साथ देश की आर्थिक प्रगति में भी भागीदार बनें।”
*****
पीके/केसी/आरटी/केपी/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2335964)
आगंतुक पटल : 66