रक्षा मंत्रालय
भारतीय नौसेना के समन्वय से अखिल भारतीय तटीय रक्षा अभ्यास सी विजिल-26 के पांचवें संस्करण का आयोजन किया रहा है
प्रविष्टि तिथि:
11 NOV 2026 5:17PM by PIB Delhi
अखिल भारतीय तटीय रक्षा अभ्यास सी विजिल-26 का पांचवां संस्करण, भारतीय नौसेना के समग्र समन्वय में 11 से 19 नवंबर, 2026 तक आयोजित किया जाना है। यह अभ्यास दो चरणों में होगा। पहला चरण 'तटीय रक्षा और सुरक्षा तैयारियों का मूल्यांकन' (सीडीएसआरई) है जो 11 से 17 नवंबर, 2026 तक चलेगा। इसके बाद 18 और 19 नवंबर, 2026 को 'समुद्री चरण' यानी वास्तविक समुद्री अभ्यास आयोजित किया जाएगा।
सी विजिल अभ्यास की शुरुआत 2018 में की गई थी। इसका उद्देश्य 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद समुद्री सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए लागू किए गए विभिन्न उपायों की उपयोगिता और प्रभावशीलता का आकलन करना है। सी विजिल-26 अभ्यास में भारत की पूरी तटरेखा और उसका विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) शामिल है। इसमें सभी तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ-साथ समुद्री क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारक हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें मछुआरा समाज और तटीय इलाकों में रहने वाले अन्य लोग भी शामिल हैं।
यह अभ्यास अपने भौगोलिक दायरे, इसमें भाग लेने वाले संगठनों और बलों की संख्या तथा अपने उद्देश्यों के व्यापक विस्तार के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अभ्यास में भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल, तटीय सुरक्षा पुलिस, सीमा शुल्क विभाग और अन्य समुद्री एजेंसियों के बेड़े और संसाधन शामिल होंगे। इस अभ्यास के आयोजन में रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के साथ-साथ केंद्र, तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की अन्य एजेंसियां भी सहयोग कर रही हैं।
सी विजिल भारतीय नौसेना के द्विवार्षिक 'थिएटर लेवल रेडीनेस ऑपरेशनल एक्सरसाइज' (ट्रोपेक्स) की तैयारी का भी एक हिस्सा है। सी विजिल और ट्रोपेक्स मिलकर समुद्री सुरक्षा से जुड़ी सभी संभावित चुनौतियों को कवर करते हैं - जिसमें तटीय सुरक्षा से लेकर खुले समुद्र में किए जाने वाले अभियान तक शामिल हैं।
सी विजिल अभ्यास का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर समुद्री सुरक्षा और तटीय रक्षा के मामले में देश की तैयारियों का सर्वोच्च स्तर पर मूल्यांकन करने का अवसर प्रदान करता है। सी विजिल-26 अभ्यास देश की समुद्री और राष्ट्रीय सुरक्षा का वास्तविक आकलन करने तथा उसे मजबूत बनाने के लिए उपयोगी साबित होगा।


****
पीके/केसी/आरटी/आरकेजे
(रिलीज़ आईडी: 2335269)
आगंतुक पटल : 24