रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा राज्य मंत्री ने सैनिक स्कूल बीजापुर में आयोजित अखिल भारतीय सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2026 के समापन समारोह में भाग लिया

प्रविष्टि तिथि: 07 NOV 2026 8:21PM by PIB Delhi

रक्षा राज्य मंत्री (आरआरएम) श्री संजय सेठ ने 7 नवंबर, 2026 को सैनिक स्कूल बीजापुर में आयोजित अखिल भारतीय सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता (एआईएसएसएनजी) 2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विजेता टीमों को उनकी उपलब्धियों और समर्पण के लिए पदक एवं ट्रॉफियां प्रदान कीं।

सैनिक स्कूल घोड़ाखाल ने जूनियर बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता में चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि जूनियर बालिका बास्केटबॉल का खिताब विकासा सैनिक स्कूल ने जीता। जूनियर बालक वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल अमरावतीनगर विजेता रहा। वहीं, वाद-विवाद प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल झांसी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल कपूरथला ने पहला स्थान हासिल किया।

image.jpeg

image.jpeg

नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन ने युवा कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा “अपनी सीमाओं को लगातार आगे बढ़ाते रहें, कभी हार न मानें और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए सदैव प्रयासरत रहें।” एडमिरल ने उन्हें निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने और उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने सैनिक स्कूल बीजापुर में बिताए अपने शुरुआती दिनों को याद किया। एडमिरल ने अपने व्यक्तित्व के विकास और जीवन की उपलब्धियों में इस संस्थान के अमूल्य योगदान को भी रेखांकित किया।

एआईएसएसएनजी 03 से 07 नवंबर 2026 तक आयोजित किये गए। यह खेल आयोजन राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी समझ को बढ़ावा देने के एक जीवंत मंच के रूप में उभरा। इस आयोजन ने विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कृति, भाषा, मान्यताओं और विचारों को साझा करने का अवसर प्रदान किया। साथ ही, इसने उनके बीच गहरी मित्रता, भाईचारे व राष्ट्रीय गौरव की साझा भावना को भी प्रोत्साहित किया। समापन समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया, जिसमें रक्षा सेवाओं के सेवारत एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों, मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। 

*****

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2334081) आगंतुक पटल : 39
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Assamese , Kannada