सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत क्विज़’ शुरू की
मादक पदार्थों के सेवन से बचने के बारे में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को ‘नशा मुक्त भारत’ के विजन से जोड़ने के लिए ऑनलाइन क्विज़
यह अभियान 13 करोड़ युवाओं और 10 करोड़ महिलाओं सहित 35 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचा
प्रविष्टि तिथि:
26 OCT 2026 7:31PM by PIB Delhi

भारत सरकार का सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के अंतर्गत 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत क्विज़' का आयोजन कर रहा है। इसका उद्देश्य मादक पदार्थों के सेवन के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों, विशेषकर युवाओं को, नशा मुक्त भारत बनाने के सामूहिक प्रयास में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करना है।

माई भारत क्विज़ क्यूआर (QR)
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह ऑनलाइन क्विज़ 26 अक्टूबर से 25 नवंबर, 2026 तक आयोजित की जाएगी और इसमें देश का कोई भी नागरिक भाग ले सकता है। उन्होंने बताया कि प्रतिभागी 'माई भारत' पोर्टल: https://mybharat.gov.in/quizzes/yuva/detail/Url9dlIwCinQVSf8lwPB9w/ के ज़रिए इस क्विज़ में शामिल हो सकते हैं।
15 अगस्त, 2020 को शुरू किए गए 'नशा मुक्त भारत अभियान' का उद्देश्य मादक पदार्थों की मांग को कम करने के प्रयासों को मज़बूत करना है। इसके लिए निवारक शिक्षा, जागरूकता बढ़ाना, इलाज, पुनर्वास और सामुदायिक भागीदारी जैसे तरीकों को अपनाया जाता है। शुरुआत में इसे 272 संवेदनशील ज़िलों में लागू किया गया था, लेकिन अब पूरे देश के सभी ज़िलों तक इसका विस्तार हो चुका है।
अधिकारी ने बताया कि यह अभियान 35 करोड़ से ज़्यादा लोगों तक पहुंच चुका है, जिनमें 13 करोड़ युवा और 10 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। यह आंकड़ा देश भर में चलाए गए जागरूकता और पहुंच बढ़ाने के प्रयासों के व्यापक स्तर को दर्शाता है।

नशा मुक्ति मित्र पंजीकरण QR कोड
उन्होंने कहा कि जैसा कि इस अभियान का यह सातवां वर्ष है और इस क्विज़ का उद्देश्य मादक पदार्थों के सेवन के हानिकारक प्रभावों के बारे में लोगों की समझ बढ़ाना, सही जानकारी के आधार पर निर्णय लेने को बढ़ावा देना और मादक पदार्थों के सेवन से बचने के बारे में जागरूकता फैलाने में युवाओं को सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
अधिकारी ने कहा कि यह पहल देश के विकास में स्वस्थ व्यक्तियों, परिवारों और समुदायों के महत्व को पहचानते हुए नशा मुक्त भारत और विकसित भारत के दृष्टिकोण को सुदृढ़ करती है।

इस क्विज़ में 20 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) होंगे, जिनका उत्तर 10 मिनट के भीतर देना होगा।
क्विज़ सबमिट करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को एक सहभागिता प्रमाण पत्र दिया जाएगा। क्विज़ पूरा करने के बाद प्रतिभागी सही उत्तर भी देख सकेंगे, जिससे उन्हें मादक पदार्थों के सेवन से बचने के बारे में अपनी समझ बढ़ाने में मदद मिलेगी।

एनएमबीए मोबाइल ऐप
इस पहल के ज़रिए, मंत्रालय का उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना, ज़िम्मेदार विकल्प का चयन करने के लिए प्रोत्साहित करना और नागरिकों, विशेषरूप से युवाओं को मादक पदार्थों के बारे में जागरूकता फैलाने वाले 'दूतों' (एम्बेसडर्स) के रूप में एकजुट करना है।
यह क्विज़ नागरिकों को नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों से जुड़ने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए एक सुलभ डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म प्रदान करता है।

एनएमबीए ई-शपथ QR कोड
मंत्रालय सभी नागरिकों को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत क्विज़’ में भाग लेने और नशा मुक्त भारत की दिशा में चल रहे सामूहिक अभियान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करता है।
****
पीके/केसी/आरटी/एमके/एसएस
(रिलीज़ आईडी: 2328716)
आगंतुक पटल : 85