रक्षा मंत्रालय
रक्षा मंत्री ने लद्दाख में 23 दिनों के अंदर 6,000 मीटर से अधिक ऊंची उन ऐतिहासिक 20 चोटियों पर चढ़ाई पूरी करने वाले पर्वतारोहण अभियान का स्वागत किया, जिन पर पहले कभी चढ़ाई नहीं की गई थी
प्रविष्टि तिथि:
25 SEP 2026 1:48PM by PIB Delhi
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 25 सितंबर, 2026 को ‘फर्स्ट एसेंट माउंटेनियरिंग एक्सपीडिशन’ का स्वागत किया। इस अभियान के तहत टीम ने लद्दाख में 6,000 मीटर से अधिक ऊंची 20 ऐसी चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर इतिहास रचा, जिन पर पहले कभी चढ़ाई नहीं की गई थी। लद्दाख रेंज के चमसेर-लुंगसेर, ग्यामा नाला और चोकूला क्षेत्रों में 6,000 मीटर से अधिक ऊंची 20 अछूती चोटियों पर चढ़ाई का यह पहला दर्ज हुआ मामला है। यह अभियान दिरंग स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स (एनआईएमएएस) के 20 कुशल पर्वतारोहियों की टीम ने कर्नल रणवीर सिंह जमवाल के नेतृत्व में पूरा किया।

रक्षा मंत्री ने अभियान दल से बातचीत के दौरान इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने के लिए पर्वतारोहियों के साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने इस अभियान को पर्वतारोहण के क्षेत्र में भारत की उत्कृष्टता और साहसिक खेलों में देश के नेतृत्व का उदाहरण बताया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पर्वतारोहियों को प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कहा कि उनकी सफल चढ़ाई ने नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देशभर के युवा पर्वतारोहियों को रोमांच और अन्वेषण के नए अवसरों की ओर बढ़ने तथा देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी।



इस अभियान में उत्कृष्ट योजना, तकनीकी विशेषज्ञता, सहनशक्ति और टीम भावना का प्रदर्शन देखने को मिला। इसने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पर्वतारोहण के क्षेत्र में देश की क्षमताओं को प्रदर्शित करने के साथ-साथ वैश्विक पर्वतारोहण मानचित्र पर भारत की उपस्थिति को और सशक्त किया। इस अभियान का उद्देश्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में साहसिक गतिविधियों और अन्वेषण की भावना को बढ़ावा देना तथा पर्वतारोहियों की भावी पीढ़ियों को प्रेरित करना था।

नई दिल्ली के कर्तव्य भवन-2 में आयोजित फ्लैग-इन समारोह में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
***
पीके/केसी/आरटी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2315268)
आगंतुक पटल : 60