कोयला मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एनसीएल ने कोयला मंत्रालय के तहत 'विशेष अभियान 6.0' के प्रारंभिक चरण का शुभारंभ किया


यह अभियान ई-वेस्ट मैनेजमेंट, स्वच्छता, रिकॉर्ड प्रबंधन और अनुपयोगी स्थलों के बेहतर उपयोग पर केंद्रित है

प्रविष्टि तिथि: 18 SEP 2026 7:30PM by PIB Delhi

कोल इंडिया की सिंगरौली स्थित प्रमुख सहायक कंपनी, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने कोयला मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार 15 सितंबर से 30 सितंबर, 2026 तक 'विशेष अभियान 6' के प्रारंभिक चरण का शुभारंभ किया है। इस अभियान का कार्यान्वयन चरण 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

'विशेष अभियान 6' के तहत एनसीएल ई-वेस्ट के प्रभावी प्रबंधन और निपटान, स्वच्छता, कार्यालय परिसर को बेहतर बनाने, रिकॉर्ड प्रबंधन, स्क्रैप के निपटान और अनुपयोगी स्थलों के सही उपयोग पर जोर दे रहा है।

अभियान के तहत, एनसीएल का लक्ष्य 90 चिह्नित स्थलों की सफाई करना और स्वच्छता अभियानों के तहत 1,00,000 वर्ग फुट क्षेत्र को कवर करना है। इसके अतिरिक्त, लगभग 3,500 मीट्रिक टन स्क्रैप के निपटान का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा, रिकॉर्ड के समय पर निपटान, बेहतर स्थान उपयोग और कार्यकुशलता में सुधार की दिशा में 400 फिजिकल फाइलों और 9,000 ई-फाइलों की समीक्षा का लक्ष्य रखा गया है।

प्रभावी कार्यान्वयन के लिए नोडल टीमों का गठन किया गया

प्रारंभिक चरण के दौरान, एनसीएल ने अपने सभी क्षेत्रों और इकाइयों में नोडल टीमों की नियुक्ति की है, जो इस अभियान के तहत गतिविधियों का संचालन करेंगी।

स्वच्छता के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान

प्रारंभिक चरण के हिस्से के रूप में, एनसीएल में उन स्थानों की पहचान की जा रही है जहाँ विशेष स्वच्छता और रखरखाव की आवश्यकता है। आसपास के क्षेत्रों के रखरखाव और सौंदर्यीकरण पर जोर देते हुए चिह्नित स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाएंगे।

अडॉप्ट-ए-स्पॉट पहल के तहत, स्वच्छता टीमें चिह्नित स्थानों की जिम्मेदारी लेंगी और उनकी नियमित सफाई तथा रखरखाव सुनिश्चित करेंगी। आवश्यकतानुसार इन स्थानों पर पौधारोपण और सौंदर्यीकरण की गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

स्थानों के बेहतर उपयोग और रिकॉर्ड प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित करना

'विशेष अभियान 6' के हिस्से के रूप में, कंपनी कार्यालयों और अन्य परिसरों में कम उपयोग किए गए या अनुपयोगी स्थानों की भी पहचान कर रही है और उनकी सफाई, दोबारा व्यवस्थित करने तथा वैकल्पिक उपयोग की दिशा में काम कर रही है। अनावश्यक फाइलों, पुराने फर्नीचर, स्क्रैप और अन्य अनुपयोगी सामग्रियों की पहचान कर उन्हें पुन: उपयोग, निपटान या स्क्रैपिंग के लिए वर्गीकृत किया जाएगा।

रिकॉर्ड प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने के लिए, उचित इंडेक्सिंग और अर्कााइविंग के साथ पुराने फिजिकल रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण और स्कैनिंग की जा रही है। इससे व्यवस्थित रिकॉर्ड रखरखाव और उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग संभव हो सकेगा।

ई-वेस्ट को अलग करना, उसका प्रबंधन और निपटान

अभियान के दौरान, ई-वेस्ट, इलेक्ट्रॉनिक स्क्रैप और प्लास्टिक अपशिष्ट का व्यवस्थित रूप से मूल्यांकन, संग्रह और पृथक्करण किया जाएगा। चिह्नित ई-कचरे का सुरक्षित निपटान और रिसाइकलिंग सुनिश्चित किया जाएगा।

'वेस्ट टू वेल्थ' की अवधारणा के अनुरूप, अपशिष्ट सामग्रियों के पुन: उपयोग और उनसे उपयोगी संसाधनों के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए नवीन पहलें भी की जाएंगी।

लंबित मामलों के निपटान और डिजिटल कार्यप्रणाली पर ध्यान केंद्रित करना

यह अभियान लंबित संदर्भों, शिकायतों और अन्य मामलों के समयबद्ध निपटान के माध्यम से कार्यकुशलता में सुधार लाने पर भी ध्यान केंद्रित करता है।

इसके अलावा, कार्यस्थलों, रिकॉर्ड रूम और सामान्य क्षेत्रों में स्वच्छता और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए एनसीएल के कार्यालयों में 5S/3S आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। अनावश्यक वस्तुओं को हटाने से कार्यस्थल को व्यवस्थित करने, संसाधनों का सही इस्तेमाल करने और काम के लिए एक बेहतर माहौल बनाने में मदद मिलेगी।

जागरूकता बढ़ाने के लिए एनसीएल टीम के साथ-साथ हितधारकों को भी विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और जिम्मेदार पर्यावरणीय प्रथाओं के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए 'स्वच्छ विद्यालय अभियान', वॉकथॉन, श्रमदान, नुक्कड़ नाटक, रैलियां, वॉल पेंटिंग, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं जैसी पहल आयोजित की जाएंगी।

विशेष रूप से, विशेष अभियान 5.0 के तहत एनसीएल ने 75 के लक्ष्य के मुकाबले 91 स्थलों की सफाई की, 85,000 वर्ग फुट के लक्ष्य के विपरीत 1,00,400 वर्ग फुट क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया और 2,500 मीट्रिक टन के लक्ष्य के विरुद्ध 3,459 मीट्रिक टन स्क्रैप का निपटान करके ₹16,55,14,888 का राजस्व अर्जित किया। इसके अतिरिक्त, 350 के लक्ष्य के मुकाबले 371 फाइलों की समीक्षा कर 180 अनावश्यक फाइलों को छंटनी (वीड-आउट) करके हटाया गया तथा 9,000 के लक्ष्य के विरुद्ध 9,800 ई-फाइलों की समीक्षा कर 5,500 ई-फाइलों को बंद किया गया।

************

पीके/केसी/डीवी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2312254) आगंतुक पटल : 79
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu