युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
'राष्ट्रीय संकल्प समारोह' से देश भर में युवाओं की व्यापक भागीदारी के साथ 100-सप्ताह के 'नशा मुक्त युवा अभियान' का शुभारंभ
प्रविष्टि तिथि:
18 SEP 2026 7:28PM by PIB Delhi
विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा – 100-सप्ताह के नशा मुक्त युवा अभियान के तहत 18 सितंबर 2026 को देश भर में 'राष्ट्रीय संकल्प समारोह' का आयोजन किया गया। इस दौरान सामूहिक शपथ ग्रहण, हस्ताक्षर अभियान, रचनात्मक अभिव्यक्ति और युवाओं में चर्चाओं के माध्यम से युवा एक साथ आए।

'माय भारत-राष्ट्रीय सेवा योजना' (एनएसएस) के सहयोग से आयोजित इस देशव्यापी कार्यक्रम में सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 259 संस्थानों ने भाग लिया, जिसके तहत 1,455 गतिविधियां आयोजित की गईं और 1,47,798 प्रतिभागियों को शामिल किया गया।
पहले दिन के कार्यक्रम में 'नशा मुक्त युवा' अभियान के 'रोकथाम' वाले हिस्से पर विशेष ध्यान दिया गया। इसमें जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ और सकारात्मक विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित करने और युवाओं की भागीदारी को मज़बूत करने पर ज़ोर दिया गया। इन गतिविधियों ने युवाओं को अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने और एक स्वस्थ व अधिक जिम्मेदार जीवन शैली के बारे में चर्चा में शामिल होने के लिए मंच प्रदान किया।

शपथ ग्रहण समारोह बहुत महत्वपूर्ण रहा, जिसमें 45,082 प्रतिभागियों ने भाग लिया और 320 गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं, हस्ताक्षर अभियान के तहत 407 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 42,443 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जो सामूहिक प्रतिबद्धता की एक स्पष्ट अभिव्यक्ति बन कर सामने आया।
इस दिन रचनात्मक और सहभागी माध्यमों का भी बड़े पैमाने पर उपयोग किया गया। 198 गतिविधियों के ज़रिए खास विषयों पर आधारित नुक्कड़ नाटक किए गए, जिनमें 8,197 लोगों ने हिस्सा लिया। वहीं, युवाओं की अगुवाई में चर्चा और संगोष्ठियों की 302 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 28,466 लोगों ने भाग लिया। इसके अलावा, दूसरे तरीकों से 228 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 23,610 लोगों ने हिस्सा लिया।

'राष्ट्रीय संकल्प समारोह' ने युवाओं को सामूहिक शपथ और सार्वजनिक हस्ताक्षर से लेकर नुक्कड़ नाटक और संवाद जैसे कार्यक्रमों के जरिये एकजुट किया। यह नशा मुक्ति के संदेश को किसी एक जागरूकता गतिविधि तक सीमित न रखकर इसे निरंतर युवा भागीदारी में बदलने के अभियान के दृष्टिकोण को दर्शाता है।

'विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा' अभियान को 100 हफ़्तों/100 रविवार तक चलने वाले एक लगातार अभियान के तौर पर तैयार किया गया है। इसके पहले चरण में मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व' पर ध्यान दिया जाएगा, जिसके बाद 'फिट युवा', 'नशा-मुक्त युवा' और 'जीवन कौशल माह' जैसी गतिविधियां होंगी। इस कार्यक्रम का मकसद सेहत, फ़िटनेस, जागरूकता और जीवन कौशल से जुड़ी गतिविधियों के ज़रिए युवाओं को जोड़ना है।
'राष्ट्रीय संकल्प समारोह' युवाओं की भागीदारी के इस निरंतर चलने वाले चरण की शुरुआत का प्रतीक है, जिसके तहत आने वाले हफ़्तों में विभिन्न संस्थानों, युवा केंद्रों और समुदायों में लगातार गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।
***
पीके/केसी/एसके/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2312251)
आगंतुक पटल : 69