सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाना: वीसीएफ-एससी ने कैसे एक अनुसूचित जाति के उद्यमी को उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण उद्यम स्थापित करने में सक्षम बनाया


हैदराबाद : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय

प्रविष्टि तिथि: 01 AUG 2026 5:43PM by PIB Delhi

दृढ़ संकल्प, तकनीकी नवाचार और समय पर प्राप्त संस्थागत सहायता ने अनेक उद्यमियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी उद्यम स्थापित करने में सक्षम बनाया है। ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण स्मार्ट-वेव्स टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड है, जो हैदराबाद स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण कंपनी है। इसकी स्थापना अनुसूचित जाति के उद्यमी श्री मल्लिकार्जुन राव येलीसेला ने की है। उनकी यात्रा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत संचालित अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड (वीसीएफ-एससी) के परिवर्तनकारी प्रभाव को दर्शाती है।

कंपनी ने एक उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सेवा (ईएमएस) इकाई स्थापित की है, जो रक्षा, एयरोस्पेस, औद्योगिक उत्पादों, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए इलेक्ट्रॉनिक सर्किट बोर्ड के डिजाइन, विकास, परीक्षण, असेंबली और वितरण के क्षेत्र में कार्यरत है।

कंपनी के कुल कार्यबल में 50 प्रतिशत से अधिक महिलाएं शामिल हैं। उद्यम की विकास क्षमता को पहचानते हुए अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड (वीसीएफ-एससी) ने वर्ष 2018 में 4.98 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की। यह सहायता इक्विटी और वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय डिबेंचर के रूप में वेंचर कैपिटल सहायता के माध्यम से प्रदान की गई।

श्री मल्लिकार्जुन राव येलीसेला

इस सहायता से कंपनी को अपनी पहली इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण एवं सेवा प्रदाता इकाई स्थापित करने, विशेषीकृत विनिर्माण उपकरणों की खरीद करने, अनुसंधान एवं विकास (आर एंड डी) क्षमताओं को मजबूत करने, कुशल इंजीनियरों और तकनीकी पेशेवरों की नियुक्ति करने तथा रक्षा, एयरोस्पेस और औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में अपने परिचालन का विस्तार करने में सक्षम बनाया गया।

इस सहायता ने हैदराबाद में अधिक उत्पादन क्षमता वाली दूसरी विनिर्माण इकाई की स्थापना तथा रोजगार के अवसरों के विस्तार को भी सुगम बनाया है।

इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, एम्बेडेड सुविधा

इस पहल का प्रभाव उल्लेखनीय रहा है। आज इस उद्यम ने 128 लोगों को रोजगार प्रदान किया है, जिसमें 40 अनुसूचित जाति के कर्मचारी और 88 गैर-अनुसूचित जाति के कर्मचारी शामिल हैं। कंपनी ने 8.41 करोड़ रुपये मूल्य की परिसंपत्तियां निर्मित की हैं, 18.87 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व अर्जित किया है और अपनी नेट वर्थ (कुल संपत्ति मूल्य) को 22 करोड़ रुपये तक सुदृढ़ किया है। कंपनी ने एचएएल (HAL), बीईएल (BEL), इसरो (ISRO) तथा रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित ग्राहकों के साथ मजबूत व्यावसायिक संबंध भी स्थापित किए हैं।

इस यात्रा को याद करते हुए, श्री मल्लिकार्जुन राव येलीसेला ने कहा:

"सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड (वीसीएफ-एससी) के माध्यम से प्रदान की गई रियायती वित्तीय सहायता ने रक्षा, एयरोस्पेस और औद्योगिक अनुप्रयोगों के लिए उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षमताएं स्थापित करने में उत्प्रेरक की भूमिका निभाई। आज, स्मार्ट-वेव्स टेक्नोलॉजीज भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता में गर्व के साथ योगदान दे रही है, साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार के अवसरों का सृजन कर रही है और नवाचार आधारित विकास को बढ़ावा दे रही है।"

इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, एम्बेडेड सिस्टम्स एवं रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स

स्मार्ट-वेव्स टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड की सफलता यह दर्शाती है कि अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड के अंतर्गत लक्षित वित्तीय सहायता किस प्रकार अनुसूचित जाति के उद्यमियों को प्रौद्योगिकी आधारित विनिर्माण उद्यम स्थापित करने, गुणवत्तापूर्ण रोजगार सृजित करने और रणनीतिक क्षेत्रों में भारत के आत्मनिर्भरता के दृष्टिकोण में योगदान देने में सक्षम बना रही है। उद्यमिता को बढ़ावा देकर और समावेशी औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करके, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय देशभर में नवप्रवर्तकों को सशक्त बनाने और सतत आजीविका के अवसरों का निर्माण करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

 

पीके/केसी/एके


(रिलीज़ आईडी: 2293075) आगंतुक पटल : 67
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati