शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने पश्चिम बंगाल के उच्च शिक्षा और स्कूल शिक्षा मंत्रियों के साथ बैठक की


केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने पश्चिम बंगाल की स्कूल और उच्च शिक्षा में व्यापक सुधारों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया

“पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए हर संभव आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी” – श्री धर्मेंद्र प्रधान

प्रविष्टि तिथि: 01 JUL 2026 10:34PM by PIB Delhi

केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में पश्चिम बंगाल सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय और पश्चिम बंगाल सरकार के ही स्कूल शिक्षा मंत्री श्री दीपक बर्मन के साथ विस्तृत चर्चा की।

आयोजित बैठक में, श्री धर्मेंद्र प्रधान ने दोनों मंत्रियों को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए हर संभव आवश्यक सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय, एनईपी के विजन के अनुरूप राज्य में शिक्षा को फिर से बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि पश्चिम बंगाल के शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार लाने के उद्देश्य से रोडमैप तैयार करने के लिए विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

यह चर्चा राज्य में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा लागू की जा रही विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन, विस्तार और निधि आवंटन पर केंद्रित थी, जिसमें समग्र शिक्षा कार्यक्रम, पीएम-ऊषा (प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान), पीएम पोषण (प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण) और उल्लास - नव भारत साक्षरता कार्यक्रम शामिल हैं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पीएम श्री स्कूलों के नेटवर्क का विस्तार उन ब्लॉकों तक किया जाए जो वर्तमान में इसके अंतर्गत शामिल नहीं हैं, और साथ ही इन्हें शहरी स्थानीय निकायों में भी विस्तारित किया जाए।

बैठक में उच्च शिक्षा और स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभागों के सचिव, डॉ. विनीत जोशी के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

***

पीके/केसी/डीवी/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2280180) आगंतुक पटल : 173
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English