सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
शतायु डैशबोर्ड ने देशभर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए देखभालकर्ता नेटवर्क का विस्तार किया
शतायु में तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, नागरिकों से भ्रामक पोस्टों पर विश्वास न करने की अपील
मंत्रालय ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक समावेशी और आयु-अनुकूल इकोसिस्टम विकसित करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुन: पुष्टि की है।
प्रविष्टि तिथि:
25 JUN 2026 3:32PM by PIB Delhi
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने 22.05.2026 को शतायु ( वरिष्ठ नागरिकों की समग्र देखभाल सहायता एवं प्रशिक्षण ) डैशबोर्ड का शुभारंभ किया है। यह डैशबोर्ड सभी प्रशिक्षित वृद्धावस्था देखभालकर्ताओं को जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को अपनी सेवाएं प्रदान करने के लिए पंजीकरण करने का मंच प्रदान करता है। शतायु डैशबोर्ड का प्रबंधन राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (एनआईएसडी) द्वारा किया जाता है, जो सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय का एक स्वायत्त निकाय है और वृद्धावस्था देखभालकर्ताओं के प्रशिक्षण का दायित्व भी इसी संस्थान को सौंपा गया है।
डेटाबेस को मजबूत बनाने के लिए, 2023-24 और उससे पहले के वर्षों में प्रशिक्षित देखभालकर्ताओं को भी शतायु डैशबोर्ड पर स्वयं पंजीकरण करने का अवसर दिया गया। इसका उद्देश्य डैशबोर्ड पर अधिक से अधिक वृद्धावस्था देखभालकर्ताओं को शामिल करना था, ताकि अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिक उनकी सेवाओं का लाभ उठा सकें। तकनीकी टीमें लगातार प्रविष्टियों की निगरानी कर रही हैं और डेटा को सुव्यवस्थित करने के लिए नियमित रूप से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
यह बताया गया है कि वृद्धों की देखभाल करने वालों के प्रशिक्षण के तहत, नामांकित उम्मीदवारों की संख्या प्रशिक्षण केंद्र के स्थान पर निर्भर करती है। उम्मीदवारों का चयन एवं नामांकन सामान्यत: प्रशिक्षण केन्द्र के निकटवर्ती क्षेत्रों से किया जाता है। इसलिए, बड़ी संख्या में प्रशिक्षु किसी विशेष जिले/शहर/कस्बे से हो सकते हैं।
यह उल्लेखनीय है कि शतायु का उद्देश्य स्व-पंजीकरण प्रणाली के माध्यम से अंतिम उपयोगकर्ताओं को सशक्त बनाना है। सक्षम तकनीकी सहायता टीम द्वारा प्रारंभिक समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डैशबोर्ड के बारे में प्रसारित की जा रही जानकारी भ्रामक है और इसलिए इस पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय पूरे भारत में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण का समर्थन करने वाले एक समावेशी और आयु-अनुकूल इकोसिस्टम के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
***
पीके/केसी/एमके/पीके
(रिलीज़ आईडी: 2277892)
आगंतुक पटल : 100