युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और अभिनेता अक्षय कुमार जेएलएन स्टेडियम में भव्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे; देशभर के साई केंद्रों में 15,000 से अधिक लोग हिस्सा लेंगे
प्रविष्टि तिथि:
20 JUN 2026 3:40PM by PIB Delhi
भारत में स्वास्थ्य और निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देने वाले सबसे बड़े सार्वजनिक आयोजनों में से एक, 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) का आयोजन कल प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल और श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और अभिनेता एवं फिटनेस समर्थक अक्षय कुमार "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" विषय पर आधारित सामूहिक योग सत्र में 3000 प्रतिभागियों के साथ शामिल होंगे।
खेल मंत्रालय द्वारा इस आयोजन को राष्ट्रव्यापी स्तर पर मनाया जाएगा। इसके तहत भारतीय खेल प्राधिकरण के सभी क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों, साई प्रशिक्षण केंद्रों और खेलो इंडिया संस्थानों में समन्वित योग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देशभर से 15,000 से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेने की उम्मीद है। इसके साथ ही राष्ट्रीय खेल संघों, राज्य खेल विभागों, खेल विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थाओं द्वारा भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जो योग को आगे बढ़ाने के लिए संपूर्ण खेल जगत के एकजुट होने का प्रतीक है।
डॉ. मांडविया ने बताया “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्ताव के बाद वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में अपनाने के बाद से यह वार्षिक आयोजन शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक कल्याण का एक विश्वव्यापी उत्सव बन गया है। यह दिन विभिन्न महाद्वीपों के लाखों योग साधकों को एक साथ लाता है। योग ने भौगोलिक सीमाओं को पार करते हुए एक वैश्विक परंपरा का रूप ले लिया है।”
राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होने वाले प्रमुख फिट इंडिया कार्यक्रम में लगभग 3,000 प्रतिभागियों के एकत्र होने की उम्मीद है जिसमें प्रसिद्ध सेलिब्रिटी योग प्रशिक्षक अंशुका परवानी द्वारा एक विशेष निर्देशित योग सत्र भी होगा। उनके कार्य ने फिटनेस के शौकीनों और मशहूर हस्तियों के बीच योग को लोकप्रिय बनाने में मदद की है।
रविवार को आयोजित किए जाने वाले इस समारोह में एथलीट, छात्र, वरिष्ठ नागरिक, फिटनेस के शौकीन, योग अभ्यासकर्ता और परिवार एक साथ मिलकर योग की परिवर्तनकारी शक्ति का सामूहिक प्रदर्शन करेंगे।
21 जून को मनाए जाने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) के वैश्विक कार्यक्रम में 180 से अधिक देशों के लाखों लोगों की भागीदारी करने की उम्मीद है।
पिछले एक दशक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस विश्व के सबसे बड़े स्वास्थ्य कार्यक्रमों में से एक बन गया है जिसमें भारत अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विभिन्न महाद्वीपों के देश समग्र स्वास्थ्य और निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देने के लिए एकजुट हो रहे हैं। ऐसे में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल और योग दिवस जैसी पहलें वैश्विक समुदाय के लिए एक स्वस्थ, सक्रिय और बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देने में भारत के प्रयास को और मजबूत कर रही हैं।
***
पीके/केसी/जेके/आर
(रिलीज़ आईडी: 2275696)
आगंतुक पटल : 90