शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली में 'युवा संगम चरण VI' के तहत छत्तीसगढ़ के छात्र प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की


"भारत के युवा ही 'विकसित भारत 2047' की मुख्य ताकत होंगे" — श्री धर्मेंद्र प्रधान

छात्र प्रतिनिधियों ने शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र-निर्माण के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की

प्रविष्टि तिथि: 11 JUN 2026 8:30PM by PIB Delhi

केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में 'युवा संगम चरण VI' कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ से आए छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत की।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001JFN4.jpg

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, श्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 'युवा संगम' ने युवाओं को पाठ्यपुस्तकों और कक्षाओं से परे भारत को जानने-समझने और देश की सांस्कृतिक विविधता, विकास की पहलों और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं की गहरी समझ हासिल करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों के युवाओं के बीच आपसी बातचीत से 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना मजबूत हुई है।

मंत्री महोदय ने छात्रों को नवाचार, उद्यमशीलता, सामुदायिक भागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से 'विकसित भारत 2047' के दृष्टिकोण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने भारत के विकास में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला और उनसे राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनइपी) 2020 के तहत बनाए गए अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002S2FY.jpg

श्री प्रधान ने नज़रिए को व्यापक बनाने और आपसी समझ को बढ़ावा देने में अनुभव से सीखने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के महत्व पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने प्रतिनिधियों को कार्यक्रम से मिली सीख को अमल में लाने और समाज तथा राष्ट्र-निर्माण में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

छत्तीसगढ़ से आए छात्र प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. विनीत जोशी ने युवा सोच को आकार देने में अनुभव के आधार पर सीखने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि 'युवा संगम' जैसी यात्राओं से प्रतिभागियों में अनुकूलन क्षमता, टीम वर्क और जीवन के लिए ज़रूरी अन्य कौशल विकसित करने में मदद मिलती है, जो औपचारिक शिक्षा से बेहतर होता है।

डॉ. जोशी ने प्रतिनिधियों से इस यात्रा का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने  और इस बात पर ज़ोर दिया कि इस तरह के आदान-प्रदान से राष्ट्रीय एकता मज़बूत होती है और  भारत की समृद्ध विविधता के प्रति समझ और सम्मान बढ़ता है। उन्होंने प्रतिभागियों से यह भी कहा कि वे इस कार्यक्रम की भावना को आगे बढ़ाएं—इसके लिए वे जो सीखें हैं उसे आपस में साझा करें।  मंत्री महोदय ने इस यात्रा के दौरान बनी मित्रता को बनाए रखने और एक जुड़े हुए, आत्मविश्वासी व वैश्विक रूप से जागरूक भारत के निर्माण में योगदान देकर इस कार्यक्रम की भावना को आगे बढ़ाने का भी आह्वान किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003TA7G.jpg

छात्र प्रतिनिधियों ने दिल्ली यात्रा के अपने अनुभव और विचार साझा किए और एक दिलचस्प सत्र के दौरान मंत्री महोदय से बातचीत की।

कार्यक्रम के दौरान 'युवा संगम फ़ेज़ 6' पर एक छोटा वीडियो दिखाया गया, जिसमें प्रतिनिधियों की यात्रा, उनके अनुभवों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की झलक दिखाई गई। छात्रों ने अलग-अलग संस्कृतियों से जुड़ने और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को मज़बूत करने का मौका देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्रालय का आभार व्यक्त किया।

आईआईटी भिलाई के नेतृत्व वाले इस प्रतिनिधिमंडल की मेज़बानी 8 जून से 13 जून 2026 तक आईआईटी दिल्ली कर रहा है। इस कार्यक्रम के तहत, छात्रों को राजधानी की समृद्ध विरासत, शैक्षिक इकोसिस्टम, शासन व्यवस्था और विकास से जुड़ी उपलब्धियों से परिचित कराया गया।

अपनी यात्रा के दौरान, छात्रों ने दिल्ली के कई प्रमुख संस्थानों, विकास परियोजनाओं और खास जगहों का दौरा किया। इससे उन्हें देश की शासन-प्रणाली, सांस्कृतिक विरासत और शहरी विकास की पहलों को करीब से जानने का मौका मिला। इन दौरों से उन्हें डिजिटल शासन, जन-सेवा वितरण, संवहनीय विकास और राष्ट्रीय संस्थानों के कामकाज के बारे में जानकारी मिली, साथ ही उन्हें भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक-आर्थिक प्रगति की व्यापक समझ भी हुई।

इस यात्रा का मकसद 'युवा संगम' के पांच स्तंभों—पर्यटन, परंपराओं, विकास, तकनीक और लोगों के बीच आपसी जुड़ाव के तहत बेहतरीन अनुभव प्रदान करना है। यह कार्यक्रम युवाओं के बीच आपसी सम्मान, सांस्कृतिक समझ और भावनात्मक एकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करता है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image004POZ4.jpg

शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' कार्यक्रम के तहत शुरू किया गया 'युवा संगम' का छठा चरण, 22 संबद्ध राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 18 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं को एक साथ लाया है।

***

पीके/केसी/एसके/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2271936) आगंतुक पटल : 134
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English