युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा खड़से ने  'फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल' के विशेष 75वें संस्करण के दौरान आईआईटी गुवाहाटी में राष्ट्रमंडल खेल 2030 समारोह का नेतृत्व किया


केंद्रीय खेल राज्य मंत्री ने भारत के खेल भविष्य के निर्माण में फिटनेस और युवाओं की भागीदारी की भूमिका को रेखांकित किया, राष्ट्रमंडल पदक विजेताओं जयंत तालुकदार और सुशीला देवी ने गुवाहाटी में प्रतिभागियों को प्रेरित किया

प्रविष्टि तिथि: 24 MAY 2026 2:26PM by PIB Delhi

फिटनेस, युवाओं की भागीदारी और भारत की बढ़ती खेल महत्वाकांक्षाओं के एक शानदार समारोह में, केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री, रक्षा खडसे ने आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी परिसर में 'फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल' के विशेष राष्ट्रमंडल खेल संस्करण का नेतृत्व किया।

भारतीय खेल प्राधिकरण के गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय केंद्र द्वारा आईआईटी गुवाहाटी के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम, 'फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल' के देशव्यापी 75वें संस्करण का हिस्सा था। यह आयोजन अहमदाबाद में होने वाले 'राष्ट्रमंडल खेल 2030' की भारत की मेजबानी के जश्न के रूप में मनाया गया। #CWG2030InBharat के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में एथलीटों, छात्रों, साइकिल चालकों, फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों ने एक साथ मिलकर राष्ट्रीय गौरव और सामुदायिक भागीदारी का शानदार प्रदर्शन किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/1000489264Z292.jpg

सभा को संबोधित करते हुए, रक्षा खडसे ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा परिकल्पित 'फिट इंडिया मूवमेंट' के महत्व पर प्रकाश डाला और पूरे देश में फिटनेस तथा खेलों में भागीदारी की बढ़ती संस्कृति पर ज़ोर दिया।

समारोह में सुश्री रक्षा खड़से ने कहा, "गुवाहाटी में राष्ट्रमंडल खेलों का जश्न मनाने के लिए 'संडेज़ ऑन साइकिल' कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जैसा कि हम सभी जानते हैं कि भारत इसकी मेजबानी करने जा रहा है। खेल मंत्रालय के माध्यम से, देश भर में हर रविवार को 'संडेज़ ऑन साइकिल' पहल का आयोजन किया जा रहा है। हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 'फिट इंडिया मूवमेंट' की शुरुआत की गई थी।"

उन्होंने खराब मौसम के बावजूद युवाओं, खिलाड़ियों और संस्थानों की भागीदारी की सराहना की और इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए आईआईटी गुवाहाटी और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की टीमों को धन्यवाद दिया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/1000489261YLVD.jpg

गुवाहाटी संस्करण के तहत आईआईटी,  गुवाहाटी परिसर में एक विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जो एक अधिक फिट और मजबूत खेल राष्ट्र बनने की ओर भारत की सामूहिक यात्रा का प्रतीक है। इस कार्यक्रम में योग सत्र, सांस्कृतिक गतिविधियाँ और एक विशेष 'थांग-टा'  मार्शल आर्ट प्रदर्शन भी शामिल था, जिसने पूर्वोत्तर की समृद्ध खेल और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया।

ओलंपियन और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता जयंत तालुकदार और राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता सुशीला देवी लिकमाबाम भी इस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ बातचीत की और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के अपने सफर और अनुभवों से युवा एथलीटों को प्रेरित किया।

राष्ट्रमंडल खेलों की थीम पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें पिछले एक दशक में भारत की खेल उपलब्धियों को दर्शाया गया। इनमें 'खेलो इंडिया मिशन' के तहत हुई प्रगति, खेल अवसंरचना का विस्तार और देश के बढ़ते खेल इकोसिस्टम को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के दौरान, साई गुवाहाटी द्वारा आयोजित 'राष्ट्रमंडल खेल ओपन क्विज़' और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को रक्षा खडसे और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा सम्मानित किया गया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/1000489267TJSL.jpg

'फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल' के देशव्यापी 75वें संस्करण के तहत देश भर में 8,000 से अधिक स्थानों पर लोगों ने हिस्सा लिया। इसे राष्ट्रमंडल खेल 2030 से पहले एक वैश्विक खेल महाशक्ति के रूप में भारत के उभरने के एक प्रतीकात्मक उत्सव के रूप में देखा गया।

'फिट इंडिया मूवमेंट' के तहत शुरू किया गया 'संडेज़ ऑन साइकिल' भारत की सबसे बड़ी समुदाय-आधारित फिटनेस पहलों में से एक बन गया है, जो सभी आयु वर्ग के नागरिकों के बीच साइकिल चलाने, आरोग्य और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देता है।

***

पीके/केसी/एसके/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2264759) आगंतुक पटल : 83
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Marathi , Gujarati , Tamil