औषधि विभाग
जनऔषधि सप्ताह के दूसरे दिन विभिन्न स्थानों पर जनभागीदारी और जागरूकता अभियान में लोगों सशक्त भागीदारी देखने को मिली
प्रविष्टि तिथि:
02 MAR 2026 6:10PM by PIB Delhi

कर्नाटक के उडुपी में स्वास्थ्य जांच शिविर
सप्ताह भर चलने वाले जनऔषधि सप्ताह 2026 के उत्सव ने आज सफलतापूर्वक दूसरे दिन प्रवेश किया। इससे सस्ती और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं के लिए जागरूकता अभियान और भी तेज़ हो गया है। पहले दिन मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया को देखते हुए देश भर में 60 से अधिक स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। यह 7 मार्च 2026 को मनाए जाने वाले 8वें जनऔषधि दिवस की भूमिका के रूप में कार्य कर रहे हैं।
कई स्थानों पर लाभार्थियों को निःशुल्क में सामान्य दवाएं भी मिलीं और कुल मिलाकर प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही। इसमें प्रतिभागियों ने प्रदान की गई सेवाओं से संतुष्टि व्यक्त की।

बिहार सरकार में राज्य मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने मुजफ्फरपुर जिले के औराई में स्वास्थ्य जांच शिविर का दौरा किया।

झारखंड के जमशेदपुर में स्वास्थ्य जांच शिविर
रसायन और उर्वरक मंत्रालय के अधीन भारतीय औषधि और चिकित्सा उपकरण ब्यूरो (पीएमबीआई) 1 से 5 मार्च 2026 तक 250 से अधिक स्थानों पर इस राष्ट्रव्यापी पहल का नेतृत्व कर रहा है।
“जन औषधि सस्ती भी, भरोसेमंद भी - सेहत की बात, बचत के साथ” थीम के साथ ये शिविर जन औषधि केंद्रों के माध्यम से लोगों के घरों तक बुनियादी निदान सेवाएं पहुंचाने में मदद कर रहे हैं। दूसरे दिन उडुपी (कर्नाटक), जमशेदपुर (झारखंड), देहरादून (उत्तराखंड), जयपुर (राजस्थान), कृष्णा और श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश) और झज्जर (हरियाणा) सहित कई स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया गया।

महाराष्ट्र के नालासोपारा से विधायक श्री राजन नाइक ने पालघर में स्वास्थ्य जांच शिविर का दौरा किया।
इन शिविरों में वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की अच्छी खासी संख्या में उपस्थिति रही। स्कूली बच्चों ने भी गतिविधियों में भाग लिया। इससे विभिन्न स्थानों पर सामुदायिक सहभागिता में वृद्धि हुई। सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ, कई स्थानों पर थायरॉइड परीक्षण, बाल चिकित्सा देखभाल और दीर्घकालिक बीमारियों के लिए परामर्श जैसी अन्य नैदानिक सेवाएं भी प्रदान की गईं। इसके अलावा महिलाओं को मासिक धर्म किफायती स्वच्छता उत्पादों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए जनऔषधि सैनिटरी पैड वितरित किए गए। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों (पीएमबीजेके) के माध्यम से किफायती कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता के बारे में लोगों को सूचित करने के लिए जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए।


स्वास्थ्य जांच शिविर में हुबली-धारवाड़ नगर निगम (एचडीएमसी) के अध्यक्ष श्री राजन्ना कोरिवी
राज्य मंत्री, विधानसभा सदस्यों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों सहित जन प्रतिनिधियों ने शिविरों का दौरा किया और सस्ती और विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने में प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (पीएमबीजेपी) की भूमिका की सराहना की। उन्होंने लोगों को 18,000 से अधिक कार्यरत केंद्रों में से निकटतम केंद्र आसानी से खोजने के लिए 'जन औषधि सुगम' मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया ।
पीएमबीआई ने मार्च 2027 तक 25,000 केंद्र स्थापित करने का एक महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि वित्तीय बाधाओं के कारण कोई भी नागरिक आवश्यक दवाओं से वंचित न रहे।
*****
पीके/ केसी/ एसके / डीए
(रिलीज़ आईडी: 2234655)
आगंतुक पटल : 44