इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

अश्विनी वैष्णव का कहा, जिम्मेदार नवाचार के लिए भारत का दृष्टिकोण वैश्विक एआई यात्रा के लिए मार्गदर्शक


अश्विनी वैष्णव ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भारत के एआई गवर्नेंस विज़न का अनावरण किया

कार्य समूहों ने जिम्मेदार एआई के लिए व्यावहारिक रूपरेखा प्रस्तुत की

प्रविष्टि तिथि: 18 FEB 2026 7:43PM by PIB Delhi

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के तीसरे दिन का उद्घाटन सत्र, सम्मेलन के कार्य समूहों के प्रमुख लक्ष्यों पर चर्चा के साथ शुरू हुआ, जिसने वैश्विक एआई प्राथमिकताओं पर सहयोगात्मक कार्रवाई के लिए मंच तैयार किया। लोग, ग्रह और प्रगति के सिद्धांतों से प्रेरित सम्मेलन ने अपने एजेंडे को सात विषयगत कार्य समूहों (चक्रों) के इर्द-गिर्द संरचित किया है। इन समूहों ने वैश्विक एआई प्राथमिकताओं पर सहयोगात्मक कार्रवाई को बढ़ावा देने के मकसद से, कई महीनों तक केंद्रित एआई परिणामों पर विचार-विमर्श किया है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0013ZEN.jpg

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए, माननीय केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, जैसे-जैसे हम आगे बढ़ रहे हैं और इस इम्पैक्ट समिट से परे एजेंडा तय कर रहे हैं, सात व्यापक विषयों पर आधारित इन कार्य समूहों के नतीजे हमारे आगे के सफर के लिए मार्गदर्शक का काम करेंगे। वे यह तय करेंगे कि हम आने वाले दिनों में किस तरह एक दूसरे के साथ सहयोग करेंगे, नवाचार करेंगे और जिम्मेदार एआई तंत्र का निर्माण करेंगे।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव श्री एस. कृष्णन ने कहा, "हम एआई की क्षमता को अपनाते हुए सतर्कता भरी उम्मीदों के साथ मौजूदा वक्त में काम कर रहे हैं, साथ ही इसके साथ के जोखिमों, मानकों, शासन और सबसे अहम बात, यह सुनिश्चित करने के लिए भी सचेत हैं कि एआई विमर्श को आकार देने में सभी वैश्विक आवाजों को सशक्त बनाया जाए।"

उद्घाटन सत्र के बाद, एक क्लोज़ डोर बैठक में हितधारकों के साथ कार्य समूह के लक्ष्यों पर आगे की चर्चा की गई। इन विचार-विमर्शों से मिले अनुभव और अनुशंसाओं को आने वाले दिनों में औपचारिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।

सात विषयगत चक्र वैश्विक विशेषज्ञता और साझा दृष्टिकोणों को क्रियात्मक ढाँचों में बदलने के भारत के प्रयासों को दर्शाते हैं: मानव पूंजी, सामाजिक सशक्तिकरण के लिए समावेशन, सुरक्षित और विश्वसनीय एआई, सशक्तिकरण, नवाचार और दक्षता, विज्ञान, एआई संसाधनों का लोकतंत्रीकरण और आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण के लिए एआई।

इन कार्य समूहों ने सरकार, शिक्षा जगत, उद्योग, नागरिक समाज और अंतर्राष्ट्रीय भागीदारों के विशेषज्ञों को शामिल किया है, जिन्होंने महीनों के परामर्श और साक्ष्यों पर आधारित संवाद के ज़रिए लक्ष्यों को आकार दिया है और इन्हीं लक्ष्यों को हासिल करने के लिए शिखर सम्मेलन के दृष्टिकोण से कार्यान्वयन की ओर आगे बढ़ने के लिए कार्य किया जा रहा है।

***

पीके/केसी/एनएस/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2229940) आगंतुक पटल : 61
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Telugu , Kannada , Malayalam