प्रधानमंत्री कार्यालय
azadi ka amrit mahotsav

क्रोएशिया के प्रधानमंत्री महामहिम आंद्रे प्लेनकोविच की भारत यात्रा

प्रविष्टि तिथि: 18 FEB 2026 7:16PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के दौरान क्रोएशिया के प्रधानमंत्री महामहिम आंद्रे प्लेनकोविच से भेंट की।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर महामहिम आंद्रे प्लेनकोविच 18-21 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आए हैं। यह किसी भी क्रोएशियाई प्रधानमंत्री की भारत की पहली यात्रा है। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, संपर्क सुविधा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। ऐतिहासिक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के बारे में उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए समझौते के शीघ्र कार्यान्वयन का आग्रह किया। पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

दोनों पक्षों ने दोनों देशों के लोगों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आर्टिफिशियल इंटैलिजेंस और उभरती प्रौद्योगिकियों का उपयोग करने पर बल दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने योग और आयुर्वेद की भारत की स्वास्थ्य संबंधी परंपरा में क्रोएशिया की रुचि और विश्वास की प्रशंसा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने जून 2025 में क्रोएशिया की ऐतिहासिक यात्रा की थी, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली यात्रा थी।     

**********

पीके/केसी/एमकेएस/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2229909) आगंतुक पटल : 104
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati , Tamil , Telugu , Kannada , Malayalam